उत्तर प्रदेश

5,799 रुपए में आया AI वाला फिटनेस ट्रैकर, 10 दिन चलेगी बैटरी

टेक कंपनी Pebble ने भारत में अपना नया फिटनेस ट्रैकर Pebble Qore Vox लॉन्च कर दिया है. यह कंपनी की बिना स्क्रीन वाली फिटनेस ट्रैकर सीरीज का नया मॉडल है. इससे पहले कंपनी Pebble Qore और Pebble Qore 2 लॉन्च कर चुकी है. इस नए फिटनेस ट्रैकर की सबसे बड़ी खासियत इसमें दिया गया AI वॉयस रिकॉर्डिंग फीचर है. इसकी मदद से यूजर मीटिंग, क्लास, बातचीत और जरूरी बातों को रिकॉर्ड कर सकते हैं. खास बात यह है कि AI इस रिकॉर्डिंग को लिखने के साथ उसका छोटी समरी भी तैयार कर सकती है.

कीमत और उपलब्धता

Pebble Qore Vox की भारत में कीमत 9,999 रुपए रखी गई है. हालांकि, कंपनी इसे शुरुआती ऑफर के तहत 5,799 रुपए में बेच रही है. इसे कंपनी की वेबसाइट, Amazon और Flipkart से खरीदा जा सकता है. यह फिटनेस ट्रैकर तीन कलर Stealth Black, Storm Blue और Summit Brown में उपलब्ध है.

बटन दबाते ही शुरू होगी वॉयस रिकॉर्डिंग

Pebble Qore Vox में AI वॉयस रिकॉर्डिंग के लिए खास फीचर दिया गया है. इसमें लगे फिजिकल बटन को दो बार दबाते ही रिकॉर्डिंग शुरू हो जाती है. यूजर मीटिंग, लेक्चर, बातचीत या जरूरी याद रखने वाली बातों को रिकॉर्ड कर सकते हैं. इसकी रिकॉर्डिंग को बाद में Pebble Vox ऐप की मदद से टेक्स्ट में बदला जा सकता है. AI रिकॉर्डिंग का छोटा सारांश भी तैयार करता है, जिसे WhatsApp या ईमेल के जरिए दूसरे लोगों के साथ शेयर किया जा सकता है.

यह फीचर हिंदी, मराठी, तेलुगु, कन्नड़, गुजराती, बंगाली और पंजाबी समेत 7 भारतीय भाषाओं को सपोर्ट करता है. इसके अलावा अंग्रेजी और 24 विदेशी भाषाओं का भी सपोर्ट मिलता है. इसमें 100 मिनट तक की रिकॉर्डिंग सीधे ट्रैकर में सेव की जा सकती है. यानी फोन पास में न होने या कनेक्ट न रहने पर भी रिकॉर्डिंग की जा सकती है. बाद में फोन कनेक्ट होने पर रिकॉर्डिंग ऐप में सिंक हो जाएगी. कंपनी के मुताबिक, AI ट्रांसक्रिप्शन और सारांश के लिए अलग से कोई सब्सक्रिप्शन नहीं लेना होगा. रिकॉर्डिंग के दौरान इसमें नीली लाइट जलती है, जिससे पता चलता है कि रिकॉर्डिंग चल रही है.

100 से ज्यादा स्पोर्ट्स मोड और हेल्थ फीचर्स

Pebble Qore Vox में 100 से ज्यादा स्पोर्ट्स मोड दिए गए हैं. फोन से कनेक्ट होने पर यह GPS की मदद से एक्टिविटी की जानकारी भी रिकॉर्ड कर सकता है. इसमें हार्ट रेट, HRV, नींद, ब्लड ऑक्सीजन, तनाव, कदम और कैलोरी पर नजर रखने के लिए 4PD सेंसर दिए गए हैं. इसके अलावा यह यूजर को Recovery Score और रोजाना AI Health Report भी देता है. इसका वजन करीब 53 ग्राम है. कंपनी का दावा है कि इसकी बैटरी एक बार चार्ज करने पर 10 दिन तक चल सकती है.

ये भी पढ़ें- Karbonn Rebel और Rebel Pro भारत में लॉन्च, 7,000mAh की बैटरी, जानें कीमत

Related Articles

Back to top button