मनोरंजन

अब्बा, क्या आप मर जाएंगे…पिता सैफ अली खान को खून में लथपथ देख तैमूर ने पूछा सवाल, एक्टर ने बताया क्यों बची जान

करण जौहर के चर्चित चैट शो ‘कॉफी विद करण’ के 9वें सीजन के चौथे एपिसोड में बॉलीवुड के पावर कपल करीना कपूर खान और सैफ अली खान खास मेहमान बनकर पहुंचे. शो के इस फिनाले सीजन में दोनों कलाकारों ने 16 जनवरी 2025 की उस भयावह रात का सच पहली बार सार्वजनिक रूप से दुनिया के सामने रखा, जब मुंबई स्थित उनके घर पर एक अज्ञात घुसपैठिए ने घुसकर सैफ अली खान पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया था. होस्ट करण जौहर के सामने बातचीत के दौरान करीना कपूर और सैफ अली खान ने उस रात घटे एक-एक पल का दिल दहला देने वाला ब्योरा दिया, साथ ही इस हादसे के बाद परिवार पर पड़े प्रभाव को शेयर किया और अस्पताल से डिस्चार्ज के समय सोशल मीडिया पर फैली साजिश की थ्योरीज पर भी चुप्पी तोड़ी.

शो के दौरान सैफ अली खान ने खुलासा किया कि हमले की रात जब उनकी आंख खुली, तो उन्होंने देखा कि एक अनजान घुसपैठिया हाथ में चाकू लिए उनके छोटे बेटे जहांगीर अली खान (जेह) के सिर पर खड़ा था. सैफ ने बताया, “सब कुछ बहुत तेजी से हुआ. मुझे लगता है कि शायद हिंदी सिनेमा के असर की वजह से मैंने उस पर तुरंत हमला कर दिया. मैं इस बात से बेहद गुस्से में था कि वो हथियार लेकर मेरे छोटे बेटे के पास खड़ा है. मैं आज भी सोचता हूं कि मैं कितना खुशकिस्मत था जो बच गया.” सैफ ने आगे मजाकिया लहजे में कहा कि हमलावर के पास जो चाकू था, वो बेहद घटिया क्वालिटी का था. हमले के दौरान चाकू टूट गया और उसका एक टुकड़ा सैफ के शरीर में ही फंसा रह गया. सैफ ने कहा, “अगर वह थोड़ा भी अच्छा चाकू होता तो शायद आज मैं जिंदा नहीं होता. लेकिन वह इतना खराब चाकू था कि हमला करते ही टूट गया.”

“मैं नाइट सूट में सड़क पर चिल्ला रही थी”

करीना कपूर खान ने उस खौफनाक रात को याद करते हुए बताया कि हमले के बाद सैफ का शरीर तेजी से खून से लथपथ हो रहा था और उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाना बेहद जरूरी था. करीना ने बताया, “मैं सड़क पर पागलों की तरह ऑटो रिक्शा रोकने के लिए चिल्ला रही थी. मैं चिल्ला रही थी- ‘रोको, रोको!’ वो बिल्कुल किसी फिल्मी सीन जैसा लग रहा था. मेरे पास पजामा पहनने तक का समय नहीं था. मैं केवल एक टी-शर्ट पहने, पागलों की तरह सड़क पर दौड़ रही थी ताकि कोई ऑटो मिल सके, जबकि सैफ का खून बह रहा था.” करीना ने आगे लिफ्ट का वो पल बयां किया जब उनका दिल बैठ गया था. उन्होंने कहा, “मैंने लिफ्ट में सैफ को देखा और डर गई. मैंने उनसे कहा- सैफ, ऐसा मत करो (मुझे छोड़कर मत जाओ).”

View this post on Instagram

A post shared by JioHotstar Reality (@jiohotstarreality)

9 साल के तैमूर का सवाल

करीना कपूर ने उस भावुक लम्हे का भी जिक्र किया जब उनके 9 साल के बड़े बेटे तैमूर अली खान ने अपने पिता को खून में लथपथ देखकर एक मासूम सवाल पूछा था. करीना ने बताया, “टैम (तैमूर) ने अपने अब्बा को देखते ही सबसे पहली बात पूछी- ‘अब्बा, क्या आप मर जाएंगे?’” सैफ अली खान को रात के उस वक्त ऑटो रिक्शा से लीलावती अस्पताल ले जाया गया. उनके साथ तैमूर और उनका एक स्टाफ मेंबर ‘हरि’ भी मौजूद था. चाकू के हमले से सैफ की रीढ़ की हड्डी पर गंभीर चोट आई थी और काफी खून बह जाने के कारण अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनके पैर का अहसास खत्म होने लगा था (पैरों में संवेदनहीनता आने लगी थी). हालांकि, सैफ ने बताया कि इतनी गंभीर चोटों के बावजूद उनके मन में एक विश्वास था कि वह बच जाएंगे.

इब्राहिम की आंखों में आंसू

इस हादसे के बाद परिवार और बच्चों के रिएक्शन पर बात करते हुए सैफ अली खान ने कहा, “जब मेरी सर्जरी खत्म हुई और मुझे होश आया, तो इब्राहिम और सारा अस्पताल में मेरे पास ही थे. इब्राहिम बहुत ज्यादा परेशान और गुस्से में था. मैंने उसे कभी इस तरह अपने इमोशंस जाहिर करते नहीं देखा था, लेकिन उसकी आंखों में आंसू थे. वो बहुत गुस्से में था और चाहता था कि उस हमलावर को सख्त सजा मिले.” करीना कपूर ने बताया कि इस खौफनाक हादसे ने उनके परिवार को मानसिक रूप से गहरा आघात पहुंचाया. हादसे के बाद लगभग 6 महीने तक करीना को रात में सोने में बेहद तकलीफ होती थी और वह ठीक से सो नहीं पाती थीं.

कहां था ड्राइवर?

करण जौहर ने शो में उस विवाद और इंटरनेट की उन अजीबोगरीब साजिश की थ्योरीज का मुद्दा भी उठाया जो सैफ के अस्पताल से बाहर आने के बाद उड़ी थीं. करण ने पूछा कि लोग सवाल उठा रहे थे कि उन्हें ऑटो से क्यों ले जाया गया और फैमिली का ड्राइवर कहां था? इस पर सैफ अली खान ने जवाब देते हुए कहा, “लोगों को ये समझ ही नहीं आ रहा था कि उस वक्त घर पर ड्राइवर क्यों नहीं था. अरे भाई, क्यों नहीं होगा? वो शाम को काम खत्म करके अपने घर, अपने परिवार के पास चला जाता है.” सैफ और करीना ने साफ किया कि आपातकालीन स्थिति में जो सबसे पहला साधन मिला, उसी से वो अस्पताल भागे और इसमें कोई साजिश नहीं थी.

Related Articles

Back to top button