नौकरी के साथ करें AI और साइबर सिक्योरिटी की पढ़ाई, IIT दिल्ली ने शुरू किया 6 महीने का कोर्स

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के बढ़ते इस्तेमाल के साथ साइबर सिक्योरिटी के क्षेत्र में भी एक्सपर्ट्स की मांग बढ़ रही है. इसे देखते हुए भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) दिल्ली ने वर्किंग प्रोफेशनल्स के लिए साइबर सिक्योरिटी और AI सिक्योरिटी में छह महीने का सर्टिफिकेट प्रोग्राम शुरू किया है. यह कोर्स संस्थान के कंटिन्यूइंग एजुकेशन प्रोग्राम (CEP) के तहत संचालित होगा. इसकी खास बात यह है कि नौकरी करने वाले लोग शनिवार को ऑनलाइन कक्षाओं के जरिए अपनी पढ़ाई जारी रख सकेंगे. इस प्रोग्राम में AI सिस्टम को साइबर हमलों से सुरक्षित रखने की तकनीक सिखाई जाएगी.
IIT दिल्ली के इस सर्टिफिकेट प्रोग्राम का उद्देश्य प्रतिभागियों को AI सिस्टम की सुरक्षा से जुड़ी चुनौतियों और उनसे निपटने के तरीकों की नॉलेज देना है. इसमें एडवर्सरियल मशीन लर्निंग, लार्ज लैंग्वेज मॉडल (LLM) प्रॉम्प्ट इंजेक्शन, एजेंटिक AI के दुरुपयोग और मॉडल सप्लाई चेन अटैक जैसे विषय पढ़ाए जाएंगे.
पांच तरह के साइबर हमलों पर खास ध्यान
इसके अलावा एजेंटिक AI पर होने वाले पांच तरह के साइबर हमलों पर खास ध्यान दिया जाएगा. इनमें मल्टीमॉडल जेलब्रेक, मॉडल कॉन्टेक्स्ट प्रोटोकॉल (MCP) प्रॉम्प्ट इंजेक्शन, मेमोरी पॉइजनिंग, टूल-कॉलिंग एक्सप्लॉइटेशन और मॉडल हब सप्लाई चेन अटैक शामिल हैं.
78 घंटे की ऑनलाइन पढ़ाई, पांच मॉड्यूल
यह छह महीने का प्रोग्राम कुल 78 घंटे का होगा. इसे पांच मॉड्यूल में बांटा गया है. इसमें प्रैक्टिकल ट्रेनिंग भी दी जाएगी. प्रतिभागियों को PyRIT, Garak, Sigstore, OPA और Falco जैसे सिक्योरिटी टूल्स और फ्रेमवर्क का इस्तेमाल करना सिखाया जाएगा. कोर्स की कक्षाएं हर शनिवार को ऑनलाइन आयोजित होंगी. इस तरह नौकरी करने वाले लोगों को अपनी जिम्मेदारियों के साथ पढ़ाई करने का मौका मिलेगा. कोर्स के अंत में प्रतिभागियों को एक कैपस्टोन प्रोजेक्ट पूरा करना होगा. इसके तहत उन्हें AI सिक्योरिटी से जुड़ा प्रोडक्शन-ग्रेड समाधान तैयार करके लागू करना होगा. इस प्रोजेक्ट का मूल्यांकन IIT दिल्ली के फैकल्टी सदस्य करेंगे.
कौन कर सकता है आवेदन?
यह प्रोग्राम साइबर सिक्योरिटी प्रोफेशनल्स, AI और मशीन लर्निंग इंजीनियर्स, डेटा साइंटिस्ट, DevOps और प्लेटफॉर्म इंजीनियर्स के लिए उपयोगी है. इसके अलावा गवर्नेंस, रिस्क एंड कंप्लायंस (GRC) से जुड़े पेशेवर भी आवेदन कर सकते हैं. आवेदन के लिए उम्मीदवार के पास इंजीनियरिंग, कंप्यूटर साइंस, AI, इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी, मैथ्स, सांख्यिकी या संबंधित विषय में बैचलर या मास्टर डिग्री होनी चाहिए. डिग्री में कम से कम 50 प्रतिशत नंबर जरूरी हैं. साथ ही किसी एक प्रोग्रामिंग लैंग्वेज की जानकारी होना भी अनिवार्य है.
कितनी होगी फीस?
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस छह महीने के सर्टिफिकेट प्रोग्राम की फीस करीब 1,40,000 रुपये है. इस पर 18 प्रतिशत GST अलग से देना होगा. GST जोड़ने के बाद कुल फीस 1,65,200 रुपये हो जाती है. फीस की रसीद IIT दिल्ली के CEP की ओर से जारी की जाएगी, जिसे CEP पोर्टल से डाउनलोड किया जा सकेगा.
सफल उम्मीदवारों को मिलेगा ई-सर्टिफिकेट
प्रोग्राम को सफलतापूर्वक पूरा करने वाले प्रतिभागियों को CEP-IIT दिल्ली की ओर से डिजिटल रूप से वेरीफाई ई-सर्टिफिकेट ऑफ कम्प्लीशन दिया जाएगा. यह कोर्स उन प्रोफेशनल्स के लिए उपयोगी हो सकता है जो अपनी मौजूदा नौकरी के साथ AI और साइबर सिक्योरिटी के क्षेत्र में नई तकनीकी जानकारी और प्रैक्टिकल स्किल हासिल करना चाहते हैं.




