तलवार उठाती सीता और प्रजा का हितैषी रावण… रामानंद सागर की रामायण से क्यों अलग है फिल्म रामायण?

चार दिन पहले अमेरिका के फ़िलाडेल्फ़िया शहर में अपने भतीजे अतुल अरोड़ा का फ़ोन आया कि चाचा जी, रामायण फिल्म में सीता जी तो तलवार उठा कर लड़ने लगती हैं. इससे यहां के दर्शकों को बड़ा अजीब प्रतीत हुआ. वे सीता के इस नये रोल से परेशान भी हुए. उसके मुताबिक सीता जी को इस भूमिका में देख कर उसे तो अच्छा लगा क्योंकि रामानंद सागर की रामायण में सीता जी बस गूंगी गुड़िया बनी रहती हैं. रामायण की सीता स्त्री सशक्तिकरण का रूप धारण करती हैं. मैंने कहा, यह सीता जी का नया रूप नहीं बल्कि अद्भुत रामायण में यह किस्सा है. इस रामायण में सीता काली की भूमिका में प्रकट होती हैं, जो दशानन रावण नहीं बल्कि सहस्त्र मुखी रावण का वर्णन करती हैं. राम उसे मारने जाते हैं तो वह अपने एक ही बाण से राम को मूर्छित कर देता. तब सीता क्रोध में आ कर उस हज़ार मुखी रावण का शीश काट लेती हैं. यही काली मां हैं.
नमित मल्होत्रा की फिल्म रामायण का निर्देशन नितेश तिवारी ने किया है और इसकी स्टार कॉस्ट में तो बड़े-बड़े नाम हैं ही रिसर्च भी काफ़ी गहरी है. संभवतः इसमें सिर्फ़ वाल्मीकि रामायण की ही रामकथा को ही प्राथमिकता नहीं दी गई है वरन् हर रामायण से कुछ न कुछ कथानक उठाये गये हैं. चूंकि हमारे मानस में वाल्मीकि और तुलसी की रामायण की कथा इतने गहरे पैठी है कि हम इससे इतर राम कथा में कुछ भी बदलाव बर्दाश्त नहीं कर पाते हैं. इस फ़िल्म में सीता अपने पारंपरिक रूप में नहीं आतीं बल्कि किसी-किसी सीन में वे रानी लक्ष्मीबाई प्रतीत होने लगती हैं. ख़ासकर तब जब वे अपनी धोती (साड़ी) की लांग बांध कर पति और देवर के साथ खर-दूषण की सेना से निपटने लगती हैं. और यह उचित भी प्रतीत होता है. वे कई जगह अपनी असहमति भी व्यक्त करती हैं.
रावण की प्रजा वत्सलता
इस फ़िल्म को देखने वाले यदि इसे परंपरागत राम कथाओं की नज़र से नहीं देखें तो इसमें बहुत कुछ है जो अलग नज़र आयेगा. भले इस फिल्म में दिव्यता नहीं हो किंतु भव्यता एवं तकनीक का कमाल ऐसा है कि दर्शक दांत में अंगुली दबा लें. पहले राम कथाओं पर आधारित नाटक और फिल्में उत्तर भारत में प्रचलित वाल्मीकि रामायण, तुलसी की रामचरित मानस या राधेश्याम कथावाचक की राम कथा पर बनाई जाती रही हैं. इसलिए राम कथा में इस तरफ़ जरा भी बदलाव लोग पसंद नहीं कर पाते. परंतु रामायण मूवी की राम कथा पूरे देश के दर्शकों के लिए ही नहीं बल्कि पूरे विश्व के दर्शकों की रुचि का ख्याल कर बनाई गई है. इसलिए इस मूवी में हर राम कथा से कुछ अंश लिये गये हैं. इस मूवी की कथा में राक्षस राज रावण अपनी प्रजा के लिए तो भक्त वत्सल है.
सूर्पणखा की नाक काटने का सीता द्वारा विरोध
वह जब कुबेर से लंका जीत कर घोषणा करता है कि आज से उसकी प्रजा में कोई गरीब नहीं होगा, कोई किसी पर आश्रित नहीं होगा. आप उसी तरण के स्वर्ण महलों में रहोगे, जैसे कि मैं. आप वही खाओगे जो मैं खाऊंगा. और किसी से भय नहीं खाओगे. वह जब अपने बहनोई (सूर्पणखा के पति) की विद्युतजिव्ह की भरे दरबार हत्या करता है तो इसलिए क्योंकि विद्युत ने उसकी और उसकी प्रजा का अपमान किया था. रावण अक्सर एक सच्चा मार्क्सवादी प्रतीत होता है और रावण का यह रूप लुभाने वाला है. कन्नड़ के मशहूर अभिनेता यश ने रावण के चरित्र में जान डाल दी है. सीता हरण भी वह इसलिए करता है कि राम के छोटे भाई लक्ष्मण ने उसकी बहन सूर्पणखा की नाक काट ली थी. हालांकि सीता भी लक्ष्मण के इस कृत्य का विरोध करती हैं. लक्ष्मण के यह कहने पर कि माते! यह मायावी राक्षसी है, जिसकी नाक काट लेना अपराध नहीं है.
अद्भुत रामायण की अद्भुत कथाएं
पर सीता लक्ष्मण के इस तर्क से कतई प्रभावित नहीं होतीं. सीता का लक्ष्मण के साथ यहीं से मतभेद प्रकट होता है. जबकि राम उस समय चुप रहते हैं. वे न अपनी पत्नी का पक्ष लेते हैं न अपने भाई का. लोक में प्रचलित तमाम राम कथाओं में से यह सब दृश्य किसी न किसी रामायण से प्रभावित है. राम को मोहित करने के लिए वह सीता वेश धारण कर आती है, बस यहीं से लक्ष्मण क्रोधित हो जाते हैं. यह सच है कि मूल राम कथा महर्षि वाल्मीकि की ही है. किंतु तुलसीदास की रामचरितमानस, इनमें से सबसे अधिक प्रचलित है. आनंद रामायण, कम्ब रामायण, अध्यात्म रामायण आदि भी हैं. लेकिन इनमें सबसे अलग है अद्भुत रामायण. इस रामायण में ऐसी ऐसी कई घटनाएं हैं जिन पर विश्वास करना बहुत कठिन है. सीता का यह रूप अद्भुत रामायण में है.
फादर कामिल बुल्के का बेमिसाल काम
राम कथाओं में सबसे अधिकृत काम फादर कामिल बुल्के ने किया है. उन्होंने दुनिया भर में प्रचलित 300 तरह की रामायणों का उल्लेख किया है. दरअसल रामायण का शाब्दिक अर्थ है राम की यात्राएं. कामिल बुल्के साहब ने भारत के अतिरिक्त भारत, इंडोनेशिया, थाईलैंड, कंबोडिया आदि देशों में प्रचलित राम कथाओं का भी उल्लेख किया है. हर रामायण में कुछ न कुछ पाठ भेद हैं. उन्होंने अपने शोध ग्रंथ, राम कथा; उत्पत्ति एवं विकास (इलाहाबाद विश्वविद्यालय 1949) में वाल्मीकि रामायण को ही पहली राम कथा माना है. इसके बाद उन्होंने बौद्ध और जैन ग्रंथों की राम कथाओं तथा देश की अन्य प्रादेशिक भाषाओं और दक्षिण पूर्व एशिया में प्रचलित राम कथाओं को भी अपने इस शोध ग्रंथ में शामिल किया है. यह फ़िल्म किसी एक राम कथा पर आधारित नहीं है.
हमारे एपिक को वैश्विक मान्यता
राम कथा या रामायण हमारे देश का सबसे बड़ा और लोकप्रिय एपिक (महाकाव्य) है. सात खंडों (कांडों) में बटे इस एपिक में लगभग 24 हज़ार श्लोक हैं. राम पूरे देश में इतने लोकप्रिय हैं कि पूरब से पश्चिम तक और उत्तर से दक्षिण तक हर जगह राम हैं. मनुष्य के जन्म से मृत्यु तक राम उसका पीछा नहीं छोड़ते. इक्ष्वाकु-वंश-प्रभावो रामो नाम जनैः श्रुतः नियतात्मा महा-वीर्यो द्युतिमान धृतिमान वशी अर्थात् इक्ष्वाकु वंश में उत्पन्न हुए, जिनका नाम संसार में ‘राम’ के रूप में विख्यात है, वे मन और इंद्रियों को वश में रखने वाले (नियतात्मा), महान पराक्रमी (महावीर्य), कांतिमान/तेजस्वी (द्युतिमान), धैर्यवान (धृतिमान) और अपनी इंद्रियों पर पूर्ण नियंत्रण रखने वाले (वशी) हैं. वाल्मीकि रामायण के पहले ही खंड में राम का वर्णन करते हुए महर्षि उनके चरित्र की ये विशेषताएं बताई हैं.
रामायण की स्टार कास्ट
नमित मल्होत्रा की विशाल बजट वाली (लगभग 4000 करोड़ रुपये) इस फ़िल्म में कमर्शियल सिनेमा के उन कलाकारों ने काम किया है, जो शायद एपिक कथाओं पर आधारित नायकों पर बनी फ़िल्म में काम करना अपने को हीन प्रदर्शित करना मानते होंगे. रणबीर कपूर ने राम का चरित्र पर्दे पर उतारा है तो सीता बनी है दक्षिण की सुपर स्टार साई पल्लवी, जिन्होंने तेलुगू, तमिल और मलयालम फ़िल्मों में काम किया है. रावण का अभिनय कन्नड़ के सुपर स्टार यश ने निभाया है. यहां तक कि जटायु के रूप में अमिताभ बच्चन और अनुपम खेर नैरेटर हैं. लारा दत्ता महारानी कैकेयी हैं तो राजा दशरथ की भूमिका में रामानंद सागर के सीरियल रामायण के राम अरुण गोविल है. सूर्पणखा के पति विद्युतजिव्ह के रूप में विवेक ओबेराय ने अभिनय किया है. हनुमान की भूमिका में सनी देओल हैं.
हर कथानक पर शोध
इस फ़िल्म की रिसर्च टीम में ख़ुद निर्देशक नितेश तिवारी हैं और श्रीधर राघवन भी. गीत और संवाद प्रसिद्ध कवि और राम कथा मर्मज्ञ डॉ. कुमार विश्वास भी हैं. कवि डॉ. बोधिसत्त्व और देव दत्त पटनायक जैसे परंपरा से हट कर लिखने वाले मार्क्सवादी भी हैं. यही कारण है कि पहली नज़र में यह फिल्म दर्शक को थोड़ा परेशान करती है. परंतु रामायण के विविध रूप देखें तो पसंद आएगी. संगीत एआर रहमान का है और अंत में हनुमान चालीसा का गायन दलजीत दोसांझ, कैलाश खेर, सुखविंदर सिंह, अरविंद रवि चंदर और मोहित चौहान ने किया है.




