तेरे नाम में राधे के दोस्त बन हुए पॉपुलर, इसके बाद भी रवि किशन को नहीं मिल रहा था काम, एक भोजपुरी फिल्म ने बदली एक्टर की किस्मत

बॉलीवुड फिल्मों और ओटीटी प्लेटफॉर्म पर अपनी एक्टिंग से सभी को इंप्रेस करने वाले रवि किशन को फिल्म इंडस्ट्री में जगह बनाने के लिए काफी संघर्ष करना पड़ा. लेकिन आज वे सभी के फेवरेट हैं. सच तो है कि एक पॉलिटिशियन के तौर पर जितना उन्हें पसंद किया जाता है उससे ज्यादा फैंस उन्हें एक्टिंग के लिए पसंद करते हैं. लापता लेडीज, मामला लीगल है और मिर्जापुर मूवी समेत दर्जनों ऐसे प्रोजेक्ट हैं जिसमें अपने शानदार काम से उन्होंने फैंस का दिल जीता है. आने वाले समय में भी उनसे कुछ ऐसी ही उम्मीद की जा रही है.
हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान रवि किशन ने अपने करियर और स्ट्रगल्स के बारे में बात की है. उन्होंने बताया है कि तेरे नाम फिल्म में सलमान खान के दोस्त के रोल में पॉपुलैरिटी हासिल करने के बाद भी रवि किशन को काम के लिए भटकना पड़ा. लेकिन एक भोजपुरी मूवी ने सबकुछ बदल दिया.
रवि किशन ने क्या कहा?
रवि किशन ने हालिया इंटरव्यू में बातचीत के दौरान कहा- मैं काम की तलाश करते-करते थक गया था. एक दिन भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री के जाने-माने प्रोड्यूसर मोहन प्रसाद की मुझे कॉल आई. उन्होंने बताया कि एक फिल्म है जिसमें वे मुझे लेना चाहते हैं. मैंने अपनी मां से पूछा कि एक भोजपुरी फिल्म मिल रही है क्या मुझे करनी चाहिए. मैं थोड़ा हिचकिचाया हुआ था क्योंकि उस समय कोई भी उस इंडस्ट्री की फिल्में देखना पसंद नहीं करता था. लगभग भोजपुरी इंडस्ट्री बंद ही हो गई थी. भोजपुरी सिनेमा के आखिरी सुपरस्टार सुजीत कुमार थे. लेकिन मेरी मां ने मुझसे कहा कि आगे जाओ और फिल्म करो. उन्होंने कहा कि अगर कुछ भी नही होगा तो भी कम से कम हमारे गांव के लोग तो जाकर वो फिल्म देखेंगे.
ये भी पढ़ें- मैं हमेशा इस चीज के खिलाफ रहूंगा मनोज बाजपेयी ने रणवीर सिंह की धुरंधर को प्रोपेगेंडा कहा?
इन बड़ी फिल्मों में नजर आए रवि किशन
रवि किशन ने बताया कि उस फिल्म का नाम सैंया हमार था. ये फिल्म कल्ट हिट साबित हुई थी. रवि के मुताबिक ये वो दौर था जब वे फाइनेंशियली और प्रोफेशनली एक मुश्किल दौर से गुजर रहे थे. यहां तक कि तेरे नाम फिल्म में सलमान खान के साथ काम करने के बाद भी उन्हें कोई ढंग का अवसर नहीं मिला. लेकिन भोजपुरी फिल्म से उन्हें एक नई शुरुआत मिली और इस फिल्म ने ही उनके शानदार करियर की नींव रखी. हाल-फिलहाल की बात करें तो रवि किशन धमाल 4, पेड्डी, आर्यभट्ट का जीरो, मां बहन और मिर्जापुर दा मूवी में नजर आए हैं.




