मुख्यमंत्री की पोती से शादी, ‘साइको लवर’ बनकर जीता दिल, 90s के इस हीरो को पहचानना भी हुआ मुश्किल

Sharad Kapoor: 90 के दशक और 2000 की शुरुआत में अपनी दमदार अदाकारी से दर्शकों के दिलों पर राज करने वाले बॉलीवुड एक्टर शरद कपूर का एक बेहद भावुक कर देने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. शाहरुख खान की फिल्म ‘जोश’ और ‘दस्तक’ जैसी फिल्मों में अपनी खास छाप छोड़ने वाले शरद कपूर इस वीडियो में अपने आंसुओं को रोकने की कोशिश करते नजर आ रहे हैं. इस वीडियो में उन्हें पहचाना लगभग नामुमकिन है. दरअसल, अपनी पर्सनल और स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों के चलते शरद कपूर को अपने चार पालतू डॉग्स, जिन्हें वे अपने बच्चों की तरह मानते हैं—उन्हें अस्थायी रूप से एक एनिमल वेलफेयर सेंटर भेजना पड़ा है.
अपने बेजुबान साथियों से बिछड़ने के इस दर्दनाक पल का वीडियो सामने आने के बाद हर कोई भावुक हो गया है. वहीं, उनकी करीबी दोस्त और एनिमल वेलफेयर एक्टिविस्ट हेमा चौधरी ने इस पूरे मामले की सच्चाई बयां करते हुए लोगों से अपील की है कि वे अभिनेता को जज या ट्रोल न करें.
शरद कपूर को लेना पड़ा ये फैसला
मुंबई स्थित ‘बेजुबान पब्लिक वेलफेयर ट्रस्ट’ चलाने वाली सोशल वर्कर हेमा चौधरी ने यह वीडियो शेयर करते हुए उन हालातों के बारे में बताया, जिनकी वजह से शरद कपूर को यह कठिन फैसला लेना पड़ा. हेमा के मुताबिक, यह व्यवस्था पूरी तरह से अस्थायी (टेंपररी) है. दरअसल, शरद कपूर इन दिनों स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों से जूझ रहे हैं और उन्हें खुद विशेष देखभाल और आराम की जरूरत है. इसके साथ ही, घर में उनकी पत्नी और एक उनका छोटा बच्चा (न्यू बोर्न बेबी) भी है. घर पर छोटे बच्चे की जिम्मेदारी, खुद की खराब सेहत और चारों डॉग्स की देखभाल के लिए किसी केयरटेकर के न होने की वजह से परिवार के लिए एक साथ सब कुछ संभालना बेहद मुश्किल हो गया था. ऐसे कठिन समय में जानवरों के कल्याण के लिए काम करने वाली संस्था योडा मुंबई ने आगे आकर चारों डॉग्स को अस्थायी रूप से अपने वेलफेयर सेंटर में रखने की जिम्मेदारी ली.
View this post on Instagram
छलका शरद कपूर का दर्द
अपने चारों डॉग्स से दूर होते समय शरद कपूर का दर्द साफ नजर आया. उन्होंने बताया कि अपने पेट्स से अलग होना उनके लिए कितना तकलीफदेह है. एक्टर ने उम्मीद जताई कि जैसे ही वे अपने नए बंगले में शिफ्ट होंगे और घर के हालात थोड़े बेहतर होंगे, वे तुरंत अपने डॉग्स को वापस ले आएंगे. भावुक होते हुए शरद कपूर ने कहा, “अभी मेरा थोड़ा घर का सिचुएशन भी है… इस घर के बाद जब मुझे मेरा नया बंगला मिल जाएगा, तो मैं YODA से कहूंगा कि प्लीज मेरे बच्चों (बेबीज) को मुझे वापस दे दीजिए, क्योंकि मैं उनके बिना नहीं रह सकता.” एक्टर ने इस बात की भी चिंता जताई कि उनके बिना उनके डॉग्स भी उदास महसूस करेंगे. जानवरों के प्रति अपने गहरे लगाव पर बात करते हुए उन्होंने कहा, “एक एक्टर के तौर पर मैं बहुत ही भावुक इंसान हूं. हम किसी के प्रति निर्दयी कैसे हो सकते हैं? हम इस दुनिया में लोगों से प्यार करने और उन्हें प्यार देने के लिए ही हैं.”
30 साल पुरानी दोस्त ने शेयर किया वीडियो
अक्सर सोशल मीडिया पर पूरी सच्चाई जाने बिना सेलेब्स को निशाने पर ले लिया जाता है. इसी बात को ध्यान में रखते हुए जानवरों की एनजीओ चलाने वाली हेमा चौधरी ने लोगों से शरद कपूर की आलोचना या उन्हें ट्रोल न करने का आग्रह किया. हेमा ने बताया कि वे शरद कपूर को करीब 30 सालों से जानती हैं और जैसे ही उन्हें उनकी स्थिति के बारे में पता चला, वे तुरंत उनसे मिलने पहुंचीं. हेमा ने स्पष्ट किया कि यह जानवरों के प्रति क्रूरता का मामला बिल्कुल नहीं है. शरद कपूर अपने डॉग्स को खुद से अलग करने के लिए बिल्कुल तैयार नहीं थे, लेकिन परिवार एक बेहद चुनौतीपूर्ण दौर से गुजर रहा है. उन्होंने कहा कि जिंदगी में हर किसी के सामने मुश्किल वक्त आता है, इसलिए लोगों को फैसला सुनाने या ट्रोल करने के बजाय शरद कपूर के लिए दुआएं, प्यार और समर्थन भेजना चाहिए.
कभी ‘साइको लवर’ बनकर मचाया था तहलका
गौरतलब है कि शरद कपूर 90 के दशक के उन चुनिंदा एक्टर में से रहे हैं, जिन्होंने हीरो के साथ-साथ ग्रे और निगेटिव शेड्स वाले किरदारों में जबरदस्त लोकप्रियता हासिल की. फिल्म ‘दस्तक’ में एक जुनूनी और ‘साइको लवर’ की भूमिका हो या फिर ‘जोश’ में प्रकाश शर्मा का दमदार किरदार शरद कपूर की स्क्रीन प्रेजेंस हमेशा चर्चा में रही. निजी जिंदगी की बात करें तो उन्होंने पश्चिम बंगाल के पूर्व मुख्यमंत्री ज्योति बसु की पोती कोयल बसु से शादी की थी. लंबे समय से फिल्मी चकाचौंध से थोड़ा दूर चल रहे शरद कपूर अब बहुत ही कमजोर नजर आ रहे हैं. उनके इस लुक में उन्हें पहचाना लगभग नामुमकिन लग रहा है.




