नौकरी छोड़ने की नहीं पड़ी जरूरत, दो दोस्तों ने वीकेंड पर शुरू किया ऐसा बिजनेस कि उमड़ने लगी ग्राहकों की भीड़

वीकेंड का नाम सुनते ही ज्यादातर लोगों के दिमाग में घूमने-फिरने, दोस्तों के साथ पार्टी करने या घर पर आराम करने का ख्याल आता है. लेकिन नोएडा के दो दोस्तों के लिए शनिवार और रविवार कमाई के साथ अपना सपना पूरा करने का मौका हैं. ये दोनों दोस्त हफ्ते के पांच दिन कॉर्पोरेट नौकरी करते हैं और बाकी दो दिन मटन बेचने के लिए ठेला लगाते हैं. इनके बिजनेस की खास बात ये है कि इन्होंने अपने बिजनेस के लिए शुरुआत में सिर्फ 35 हजार रुपये खर्च किए और इस बिजनेस ने पहले ही महीने में 6 लाख रुपये का कारोबार कर लिया. हैरानी की बात तो ये है कि इन्हें इनके बिजनेस के लिए जब 5 करोड़ रुपये की वैल्यूएशन पर निवेश का ऑफर मिलने के बावजूद दोनों ने इसे ठुकरा दिया.
यह कहानी 26 साल के ऋषभ कुमार और शशिकांत सिंह की है, जो नोएडा के सेक्टर 76 में ‘लाहम’ (Laham) नाम से मटन का फूड कार्ट चलाते हैं. इस काम में ऋषभ की बहन प्रियंका भी उनका साथ देती हैं और किचन की जिम्मेदारी संभालती हैं. दरअसल, ऋषभ और शशिकांत पहले बेंगलुरु में साथ काम करते थे. इस साल नोएडा आने के बाद दोनों ने अपना कुछ शुरू करने का फैसला किया. ऋषभ को फैशन और फूड बिजनेस में दिलचस्पी थी, लेकिन फैशन का काम शुरू करने के लिए ज्यादा निवेश की जरूरत थी. इसलिए दोनों ने खाने-पीने के बिजनेस को चुना. उन्होंने अपने प्रोडक्ट मैनेजमेंट के अनुभव और ChatGPT की मदद से आइडिया पर काम किया.
वीकेंड बिजनेस ने मचाई धूम
दिलचस्प बात यह है कि दोनों ने सावन के महीने में बिजनेस शुरू करने का फैसला किया, जब कई लोग नॉनवेज खाने से दूरी बनाते हैं. महज 35 हजार रुपये में उन्होंने फूड कार्ट, लाइट्स और खाना बनाने का जरूरी सामान खरीदा. 5 सितंबर को उनका स्टॉल शुरू हो गया. पहले ही महीने में सिर्फ शनिवार और रविवार को दुकान लगाकर उन्होंने करीब 6 लाख रुपये का कारोबार किया.
हालांकि, पहले दिन का एक्सपीरियंस कुछ खास नहीं था. शुरुआती 10 मिनट तक कोई ग्राहक नहीं आया. उनका पहला ग्राहक नशे में था, लेकिन उसे मटन इतना पसंद आया कि एक प्लेट खाने के बाद उसने दूसरी एक्स्ट्रा लार्ज प्लेट भी मंगवा ली. उस दिन दोनों ने 2.5 किलो मटन बनाया और सिर्फ 25 प्लेट बेच पाए. आज हालात बदल चुके हैं. अब रोजाना करीब 25 किलो मटन बिकता है और कई बार तीन घंटे में ही पूरा स्टॉक खत्म हो जाता है. ग्राहकों को टोकन लेकर करीब 45 मिनट इंतजार करना पड़ता है.
‘लाहम’ की खासियत इसका अलग स्वाद है. अरबी में लाहम का मतलब गोश्त होता है. यहां का मटन पाकिस्तान के पेशावर और खैबर पख्तूनख्वा के मशहूर स्ट्रीट फूड ‘लाहम चरसी’ से प्रेरित है. ऋषभ ने पहली बार इसे हैदराबाद में चखा था. इसमें बहुत ज्यादा मसालों या लाल ग्रेवी का इस्तेमाल नहीं होता, ताकि मटन का असली स्वाद बना रहे. इसे छोटे-छोटे मालाबार कॉइन परांठों के साथ परोसा जाता है. हाफ प्लेट 159 रुपये, फुल प्लेट 279 रुपये और लार्ज प्लेट 399 रुपये की है.
इस सफर में दोनों को कई मुश्किलों का सामना भी करना पड़ा. शुरुआत में वे शशिकांत के किराए के फ्लैट में खाना बनाते थे, लेकिन मकान मालिक की आपत्ति के बाद उन्हें क्लाउड किचन का सहारा लेना पड़ा. एक बार स्टॉल लगाने से कुछ घंटे पहले ही परमिशन नहीं मिलने की वजह से जगह छोड़नी पड़ी. तब दोनों ने Instagram और WhatsApp पर टेकअवे ऑर्डर लेने शुरू कर दिए और उनका 20 किलो मटन भी पूरा बिक गया.
यह भी पढ़ें: न सोने की चिंता, न कीमत की परवाह! जापान गई CA सिर्फ तकिए के लिए उड़ा दिए 40 हजार
अब उन्होंने अपना कार्ट एक प्राइवेट प्रॉपर्टी पर शिफ्ट कर लिया है. दोनों का यह सफर दिखाता है कि अपना काम शुरू करने के लिए नौकरी छोड़ना हमेशा जरूरी नहीं होता. सही प्लानिंग, मेहनत और एक अच्छे आइडिया के दम पर छोटे स्तर से भी बड़ी शुरुआत की जा सकती है.
यहां देखिए वीडियो
Instagram पर यह पोस्ट देखें




