अजब-गजब

पति-पत्नी के झगड़े को खत्म करने के लिए अपनाएं ये 3 नियम, वीडियो बनाकर शख्स ने खोले खुशहाल रिश्ते के राज

पति-पत्नी के बीच छोटी-मोटी नोकझोंक और बहस होना काफी आम बात है. कभी किसी बात पर विचार नहीं मिलते, तो कभी छोटी सी बात भी बड़े झगड़े की वजह बन जाती है. लेकिन किसी भी रिश्ते की असली मजबूती इस बात से पता चलती है कि कपल आपसी मतभेदों को किस तरह संभालता है. मशहूर एंटरप्रेन्योर और कंटेंट क्रिएटर Ankur Warikoo ने अपनी पत्नी Ruchi के साथ एक वीडियो में कुछ ऐसी ही बातें शेयर की हैं. उन्होंने बताया कि जब दोनों के बीच किसी बात को लेकर अनबन होती है, तो वे उसे सुलझाने के लिए किन तीन नियमों का पालन करते हैं.

Ankur Warikoo ने यह वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर शेयर किया है. इसमें दोनों ने अपनी शादीशुदा जिंदगी और आपसी रिश्ते को लेकर खुलकर बात की. उनकी बताई बातें काफी आसान हैं, लेकिन रोजमर्रा की जिंदगी में इन्हें अपनाने से रिश्तों में होने वाली कई परेशानियों को कम किया जा सकता है.

1. दूसरों के सामने नहीं करते एक-दूसरे से बहस

Ankur और Ruchi का पहला नियम है कि वे अपने बीच होने वाली बहस को कभी दूसरों के सामने नहीं आने देते. खासतौर पर बच्चों के सामने वे एक-दूसरे से बहस करने से बचते हैं. उनका मानना है कि पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर मतभेद है, तो उसे अकेले में बैठकर सुलझाना ज्यादा बेहतर होता है. वीडियो में दोनों ने बताया कि वे दूसरे लोगों या बच्चों के सामने एक-दूसरे से असहमति जाहिर नहीं करते. उनके मुताबिक, रिश्ते से जुड़ी बातें निजी होती हैं और उन्हें निजी तौर पर ही सुलझाना चाहिए. दरअसल, बच्चों के सामने माता-पिता के बीच बार-बार होने वाली बहस का असर उनके मन पर भी पड़ सकता है. ऐसे में दोनों का यह नियम परिवार के माहौल को बेहतर बनाए रखने का एक अच्छा तरीका हो सकता है.

2. नाराजगी लेकर नहीं जाते सोने

कपल का दूसरा नियम है कि वे किसी भी झगड़े को अधूरा छोड़कर सोने नहीं जाते. अगर दोनों के बीच किसी बात पर बहस हो जाती है, तो पहले उसे सुलझाने की कोशिश करते हैं और उसके बाद ही सोने जाते हैं. Ankur और Ruchi का कहना है कि वे तब तक सोने नहीं जाते, जब तक आपसी मतभेद खत्म न हो जाएं. उनके लिए यह काफी जरूरी है कि दिन खत्म होने से पहले दोनों के बीच सब कुछ ठीक हो जाए. अक्सर ऐसा होता है कि छोटी सी नाराजगी को लोग अगले दिन तक खींच देते हैं. कई बार बात इतनी बढ़ जाती है कि पुरानी शिकायतें भी सामने आने लगती हैं. ऐसे में समय रहते बातचीत करना और एक-दूसरे की बात समझना रिश्ते को खराब होने से बचा सकता है.

3. कौन सही और कौन गलत, इसकी जगह समस्या पर देते हैं ध्यान

Ankur Warikoo और Ruchi का तीसरा नियम शायद सबसे ज्यादा जरूरी है. दोनों का कहना है कि किसी भी झगड़े के दौरान उनका ध्यान इस बात पर नहीं होता कि गलती किसकी है या कौन सही है. इसके बजाय वे उस परेशानी पर ध्यान देते हैं, जिसकी वजह से उनके बीच बहस हुई है. उनका मानना है कि पति-पत्नी एक-दूसरे के खिलाफ नहीं, बल्कि समस्या के खिलाफ होते हैं. इसलिए दोनों को मिलकर उसका हल निकालना चाहिए. इस सोच का फायदा यह है कि बातचीत में बेवजह आरोप-प्रत्यारोप नहीं होते और दोनों एक-दूसरे को समझने की कोशिश करते हैं. जब मकसद किसी को गलत साबित करना नहीं, बल्कि परेशानी दूर करना होता है, तो रिश्ते में समझ और भरोसा भी बना रहता है.

सोशल मीडिया पर लोगों ने दिए मजेदार रिएक्शन

Ankur और Ruchi का यह वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने भी अपनी प्रतिक्रियाएं दीं. कुछ यूजर्स ने कपल की सोच की तारीफ की, तो कुछ ने मजाकिया अंदाज में अपने रिश्ते के अनुभव शेयर किए. एक यूजर ने मजेदार कमेंट करते हुए लिखा कि जब दोनों लोगों को बहस से ज्यादा चाय की चिंता होती है, तो झगड़े जल्दी खत्म हो जाते हैं.

यह भी पढ़ें: पाइनएप्पल से इतनी नफरत कि नौकरी तक दांव पर लगा दी, शेफ के हाथों से गई लाखों की Job

वहीं, एक दूसरे यूजर ने Ankur की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने अपनी मेहनत और समझदारी से ऐसी जिंदगी बनाई है, जिसमें प्यार, सेहत और खुशियां हैं. एक अन्य यूजर ने अपने रिश्ते का अनुभव बताते हुए लिखा कि उनकी लड़ाई खत्म करने का तरीका यह है कि दोनों में से किसी एक को भूख लगने का इंतजार किया जाता है.

Related Articles

Back to top button