लद्दाख के अनोखे मंदिर की कहानी भावुक कर देगी, लेकिन यहां फैलता कचरा बढ़ा रहा परेशानी

लद्दाख की खूबसूरत वादियां, ऊंचे पहाड़ और शांत माहौल हर किसी का मन मोह लेते हैं. यहां की हर जगह अपने अंदर कोई न कोई कहानी समेटे हुए है. ऐसी ही एक जगह है, जहां लोग मंदिर में भगवान को फूल, मिठाई या फल नहीं, बल्कि पानी की बोतलें चढ़ाते हैं. इस अनोखी परंपरा के पीछे एक दर्दनाक कहानी छिपी है. हालांकि, अब यही परंपरा धीरे-धीरे पर्यावरण के लिए परेशानी बनती जा रही है. मंदिर के आसपास खाली प्लास्टिक की बोतलें जमा होने लगी हैं, जिससे पहाड़ों की खूबसूरती पर भी असर पड़ रहा है.
हाल ही में मोटो व्लॉगर मनीष ने अपनी लद्दाख यात्रा के दौरान इस मुद्दे को उठाया. उन्होंने मंदिर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया, जो देखते ही देखते वायरल हो गया. वीडियो में मनीष ने लोगों से अपील की कि आस्था के नाम पर प्रकृति को नुकसान पहुंचाना सही नहीं है. अगर आप इस मंदिर से गुजरते हैं और वहां पानी चढ़ाना चाहते हैं, तो जरूर चढ़ाएं, लेकिन इस्तेमाल की हुई प्लास्टिक की बोतल को मंदिर के आसपास छोड़कर न जाएं.
लोकल ट्रक ड्राइवर ने पेश की समझदारी की मिसाल
मनीष ने अपने वीडियो में एक बेहद जरूरी बात कही. उनका कहना था कि जिस शख्स की याद में यह मंदिर बनाया गया है, उसे उस समय पानी की जरूरत थी, प्लास्टिक की बोतलों की नहीं. ऐसे में उस इंसान के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि यही होगी कि हम उसकी याद में पानी अर्पित करें और साथ ही आसपास की जगह को साफ भी रखें.
मनीष ने अपने सफर के दौरान वहां एक लोकल ट्रक ड्राइवर को भी देखा, जिसने इस परंपरा को निभाने का एक अच्छा तरीका दिखाया. वह मंदिर के पास रुका और वहां पानी अर्पित किया. लेकिन उसने पानी चढ़ाने के बाद खाली प्लास्टिक की बोतल वहीं नहीं छोड़ी. उसने बोतल उठाई और वापस अपनी गाड़ी में रख ली. ये छोटी सी बात थी, लेकिन इससे एक बड़ा संदेश मिलता है. हम अक्सर सोचते हैं कि हमारी तरफ से छोड़ा गया एक प्लास्टिक का रैपर या खाली बोतल क्या ही नुकसान पहुंचाएगी. लेकिन जब हर आने वाला व्यक्ति ऐसा ही करने लगे, तो धीरे-धीरे वही जगह कचरे के ढेर में बदल जाती है.
मनीष ने इसी लोकल ड्राइवर का उदाहरण देते हुए लोगों से जिम्मेदारी दिखाने की अपील की. उनका कहना है कि पहाड़ों में घूमने जाना सिर्फ वहां की खूबसूरती का आनंद लेना नहीं है, बल्कि उस जगह को साफ रखना भी हमारी जिम्मेदारी है. इस मंदिर के पीछे एक ऐसी कहानी है, जिसे सुनकर कोई भी भावुक हो सकता है. बताया जाता है कि साल 1999 के आसपास लद्दाख के इन सुनसान पहाड़ी रास्तों पर एक ट्रक ड्राइवर की प्यास के कारण दर्दनाक मौत हो गई थी. उस समय यह इलाका काफी वीरान था और आसपास पानी मिलना भी आसान नहीं था.
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने उस ड्राइवर की याद में यहां एक छोटा सा मंदिर बना दिया. लोगों का मानना था कि जिस तरह उस ड्राइवर को अपनी आखिरी सांसों के समय पानी नहीं मिल पाया, वैसी परेशानी किसी दूसरे राहगीर को न झेलनी पड़े. इसी सोच के साथ यहां से गुजरने वाले लोगों ने मंदिर में पानी चढ़ाने की परंपरा शुरू की.
यह भी पढ़ें: पैसा कमाने के बाद जरूर करें ये 3 काम, जिंदगी में कभी नहीं होगी पैसों की टेंशन!
समय के साथ यह जगह यात्रियों और ट्रक ड्राइवरों के लिए आस्था का एक खास केंद्र बन गई. यहां से गुजरने वाले लोग पानी की बोतल चढ़ाकर उस दिवंगत ड्राइवर को याद करते हैं और उसकी आत्मा की शांति की कामना करते हैं. आस्था के साथ पर्यावरण का ख्याल रखना भी जरूरी आज सोशल मीडिया पर मनीष के वीडियो को लेकर लोग अपनी-अपनी राय रख रहे हैं. कई लोग उनकी बात से सहमत हैं और मानते हैं कि धार्मिक आस्था के साथ पर्यावरण की जिम्मेदारी निभाना भी उतना ही जरूरी है. वहीं, कुछ लोगों का कहना है कि ऐसी जगहों पर कचरा जमा होने से रोकने के लिए स्थानीय स्तर पर भी सफाई की व्यवस्था होनी चाहिए.
यहां देखिए वीडियो
Instagram पर यह पोस्ट देखें




