उत्तर प्रदेश

WhatsApp का नया फीचर करेगा कई काम आसान, चैट में ही सेव होंगे नंबर और बनेंगे कैलेंडर इवेंट

WhatsApp अपने यूजर्स के लिए एक नया फीचर स्मार्ट टेक्स्ट एक्शन (Smart Text Actions) पेश कर रहा है. इसकी मदद से यूजर्स चैट में आए फोन नंबर, तारीख, समय, ईमेल और पते से जुड़े काम सीधे WhatsApp पर ही कर सकेंगे. इसके लिए उन्हें बार-बार दूसरे ऐप पर जाने की जरूरत नहीं होगी. यह फीचर Android और iOS दोनों यूजर्स के लिए जारी किया जा रहा है.

क्या है नया फीचर?

WABetaInfo की रिपोर्ट के मुताबिक, WhatsApp ने Smart Text Actions फीचर को रोलआउट करना शुरू कर दिया है. फिलहाल यह सुविधा कुछ चुनिंदा यूजर्स को Android और iOS पर ऐप के नए वर्जन में मिल रही है. कंपनी इस फीचर को धीरे-धीरे सभी यूजर्स तक पहुंचा सकती है.

इस फीचर की मदद से WhatsApp चैट में मौजूद जरूरी जानकारी को अपने आप पहचान लेगा. इसमें फोन नंबर, तारीख, समय, ईमेल एड्रेस और लोकेशन जैसी जानकारियां शामिल हैं. ऐप जब किसी ऐसी जानकारी को पहचान लेगा, तो उसके नीचे डॉट वाली लाइन दिखाई देगी. इस टेक्स्ट पर टैप करने या उसे देर तक दबाने पर एक पॉप-अप मेन्यू खुलेगा. इसमें उस जानकारी से जुड़े काम करने के विकल्प मिलेंगे.

फोन नंबर से लेकर तारीख तक पर मिलेंगे शॉर्टकट

अगर किसी चैट में फोन नंबर आया है, तो यूजर उसे कॉपी करने, कॉन्टैक्ट में सेव करने या सीधे कॉल करने का ऑप्शन चुन सकेंगे. इसी तरह, चैट में किसी तारीख या समय का जिक्र होने पर यूजर उसे अपने फोन के कैलेंडर में जोड़ सकेंगे या नया इवेंट बना सकेंगे.

वहीं, अगर कोई व्यक्ति WhatsApp पर पता भेजता है, तो यूजर उस पर टैप करके सीधे मैप ऐप में लोकेशन खोल सकेंगे. ईमेल एड्रेस मिलने पर भी यूजर अपने डिफॉल्ट ईमेल ऐप के जरिए सीधे मेल भेज सकेंगे.

पुराने फीचर्स को मिलेगा नया तरीका

इनमें से कुछ सुविधाएं WhatsApp में पहले से मौजूद थीं, लेकिन नए फीचर के जरिए इन्हें एक ही जगह पर व्यवस्थित तरीके से इस्तेमाल किया जा सकेगा. यह फीचर आने वाले और भेजे जाने वाले दोनों तरह के मैसेज पर काम करेगा. अगर यूजर इन शॉर्टकट का इस्तेमाल नहीं करना चाहते, तो वे मैसेज को सामान्य तरीके से पढ़ और भेज सकेंगे.

WhatsApp इस फीचर के जरिए यूजर्स से सुझाव भी ले सकता है. किसी शॉर्टकट का इस्तेमाल करने के बाद स्क्रीन पर फीडबैक का विकल्प दिखाई दे सकता है, जहां यूजर बता सकेंगे कि सुझाया गया विकल्प उनके लिए उपयोगी था या नहीं. हालांकि, WhatsApp ने अब तक इस फीचर के लॉन्च का ऐलान नहीं किया है. फिलहाल इसका रोलआउट लिमिटेड यूजर्स के लिए शुरू होने की जानकारी है.

ये भी पढ़ें- 5,799 रुपए में आया AI वाला फिटनेस ट्रैकर, 10 दिन चलेगी बैटरी

Related Articles

Back to top button