IIT के छात्र ने चुकाया परिवार का 1 करोड़ का कर्ज, आज खड़ी की करोड़ों की कंपनी!

IIT Delhi से पढ़े यश गर्ग की कहानी किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं है. जब वे कॉलेज के दूसरे साल में थे, तब उन्हें पता चला कि उनके परिवार पर 1 करोड़ रुपये से ज्यादा का कर्ज है. माता-पिता ने अधूरे फ्लैट्स में पैसे लगाए थे, लेकिन फ्लैट कभी मिले नहीं और होम लोन की किस्तें (EMIs) लगातार भरनी पड़ रही थीं. मजबूरी में रिश्तेदारों से उधार लेना पड़ा और क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल करना पड़ा.
एक दिन जब रिकवरी एजेंट घर आ धमके, तो यश को हालात की गंभीरता समझ आई. उन्होंने माता-पिता के साथ बैठकर एक-एक पाई का हिसाब लगाया और पाया कि सिर्फ मूलधन ही 1 करोड़ रुपये से ज्यादा हो चुका है. तभी उन्होंने ठान लिया कि वे अपने परिवार को इस कर्ज के दलदल से बाहर निकालेंगे.
ऐसे बना सफल आंत्रप्रेन्योर
शुरुआत में यश का सपना स्टार्टअप शुरू करने का था, लेकिन परिवार की आर्थिक हालत देखकर उन्होंने पहले अच्छी नौकरी करने का फैसला किया. उनका टारगेट एक हाई-फ्रीक्वेंसी ट्रेडिंग (HFT) कंपनी में जाने का था, लेकिन कैंपस प्लेसमेंट के पहले दिन बात नहीं बनी और निराशा हाथ लगी. आखिरकार, उन्होंने बेंगलुरु में कोहेसिटी (Cohesity) कंपनी में 18 लाख रुपये के पैकेज पर नौकरी ज्वाइन की. खर्चे बेहद कम रखे ताकि ज्यादा से ज्यादा पैसे घर भेज सकें, लेकिन जल्द ही उन्हें समझ आ गया कि सिर्फ नौकरी की सैलरी से वे केवल क्रेडिट कार्ड का ब्याज ही चुका पा रहे हैं, मूलधन कम नहीं हो रहा.
इसके बाद उन्होंने गूगल (Google) में जाने की तैयारी की. कड़ी मेहनत के बाद आखिरकार उन्हें गूगल के सर्च टीम में नौकरी मिल गई. गूगल ज्वॉइन करने के बाद भी परिवार पर 80 लाख का कर्ज बाकी था. ऐसे में यश ने अपने पिता के साथ मिलकर मोबाइल ऐप्स बनाने का बिजनेस शुरू किया. उन्होंने एंड्रॉइड पर कोशिश की, लेकिन बात नहीं बनी. फिर उन्होंने 2.1 लाख रुपये का मैकबुक प्रो (MacBook Pro) खरीदा और अपने एक एंड्रॉइड गेम का आईओएस (iOS) वर्जन महज 6 दिन में तैयार करके लॉन्च कर दिया. यह दांव सही बैठा और कमाई इतनी हुई कि लैपटॉप का खर्च कुछ ही दिनों में निकल आया.
धीरे-धीरे उनके गेम्स के डाउनलोड्स बढ़ने लगे और कमाई लाखों में पहुँच गई. गूगल की नौकरी और इस बिजनेस से हुई कमाई को मिलाकर, आखिरकार जून 2023 में उन्होंने परिवार का सारा कर्ज चुका दिया. अपना 25वां जन्मदिन आने से ठीक पहले उन्होंने गूगल की नौकरी छोड़ दी और पूरी तरह से अपने स्टार्टअप पर ध्यान देने लगे.
गेमिंग बिजनेस में मंदी आने के बाद उन्होंने सॉफ्टवेयर-एज-ए-सर्विस (SaaS) की दुनिया में कदम रखा. कई असफलताओं के बाद उन्होंने ‘सुपर वर्कडे’ (Super Workday) नाम से एक प्रोजेक्ट मैनेजमेंट ऐप बनाया. कड़ी मेहनत रंग लाई और उनके पास 300 से ज्यादा पेट कस्टमर्स आ गए, जिससे उनकी सालाना कमाई (ARR) लगभग 100,000 डॉलर तक पहुंच गई.
यह भी पढ़ें: दो सांडों की लड़ाई में महिला ने मारी एंट्री, स्कूटी लेकर पहुंची तो दोनों की निकल गई हेकड़ी!
इस बीच उन्होंने अपनी बहन की शादी भी धूमधाम से की. अपनी कमाई और स्थिरता हासिल करने के बाद, उन्होंने आखिरकार अपने सपनों के वेंचर-स्केल स्टार्टअप ‘एआई एग्जीक्यूटिव असिस्टेंट’ पर काम शुरू कर दिया. जनवरी 2025 में सिलिकॉन वैली की मशहूर वेंचर कैपिटल फर्म ‘साउथ पार्क कॉमन्स’ ने उनके स्टार्टअप में 5.7 मिलियन डॉलर की वैल्यूएशन पर 4,00000 डॉलर (लगभग 3.3 करोड़ रुपये) का निवेश किया. आज यश सैन फ्रांसिस्को में रहकर अपने सपनों की कंपनी को आगे बढ़ा रहे हैं.




