इंद्र के हाथी के सामने फिसड्डी टट्टू… कौन है KBC होस्टिंग को लेकर माधुरी दीक्षित पर जहरीला तंज कसने वाले संजय मोने?

Kon Honaar Crorepati: मराठी टेलीविजन के सबसे लोकप्रिय गेम शो ‘कोण होणार करोडपती’ (KBC का मराठी संस्करण) के नए सीजन में इस बार बड़ा बदलाव देखने को मिला है. सालों तक शो को अपनी शानदार होस्टिंग से संभालने वाले दिग्गज एक्टर सचिन खेड़ेकर की जगह इस बार बॉलीवुड की ‘धक-धक गर्ल’ माधुरी दीक्षित ने होस्ट के रूप में एंट्री ली है. हालांकि, माधुरी दीक्षित की होस्टिंग को लेकर दर्शकों और इंडस्ट्री के लोगों की प्रतिक्रियाएं मिली-जुली रही हैं. इसी बीच, मराठी सिनेमा और रंगमंच के वरिष्ठ एक्टर-लेखक संजय मोने की एक सोशल मीडिया पोस्ट ने मनोरंजन जगत में बड़ा तूफान ला खड़ा किया है.
संजय मोने ने फेसबुक पर एक पोस्ट शेयर करते हुए बिना किसी लाग-लपेट के माधुरी दीक्षित की होस्टिंग पर तंज कसा था. इसका अनुवाद कुछ ऐसा था कि न जाने क्यों, आज दीक्षित मैडम का शो देखा और एक पुरानी मराठी कहावत याद आ गई- कहां इंद्र का दिव्य ऐरावत (अमिताभ बच्चन/सचिन खेड़ेकर की होस्टिंग) और कहां शाम भट्ट की टट्टानी (कमज़ोर प्रस्तुति). इससे बेहतर तो सचिन खेड़ेकर ही उस शो का शानदार संचालन करते थे.
ट्रोलिंग पर संजय मोने का जवाब
संजय मोने की इस पोस्ट के वायरल होते ही सोशल मीडिया पर तीखी बहस छिड़ गई. जहां कई नेटिजन्स ने उनका समर्थन करते हुए कहा कि उर्मिला मातोंडकर या रेणुका शहाणे जैसी एक्ट्रेस इस शो के संचालन के लिए ज्यादा उपयुक्त होतीं, वहीं माधुरी के फैंस ने संजय मोने को जमकर ट्रोल करना शुरू कर दिया और उनके करियर व योग्यता पर ही सवाल उठा दिए. ट्रोलर्स को मुंहतोड़ जवाब देते हुए संजय मोने ने एक और पोस्ट पब्लिश की और आलोचना करने वालों की समझने की योग्यता पर सवाल उठाए. संजय मोने ने लिखा, “परसों मैंने जो लिखा, उसमें माधुरी मैडम की कला पर सवाल उठाने का मेरा कोई इरादा नहीं था. प्रश्न सिर्फ शो के प्रेजेंटेशन (प्रस्तुति) का था. माधुरी जी की खूबसूरती और एक्टिंग में कोई कमी नहीं निकाली जा सकती. लेकिन जिन लोगों ने मुझ पर गालियों की बौछार की और मेरी योग्यता पर सवाल उठाए, उन पर मुझे सिर्फ हंसी आती है.
एक्टर ने क्या कहा था?
संजय मोने ने आगे कड़े शब्दों में लिखा, “मेरी योग्यता पर सवाल उठाने वालों को मैं बता दूं कि मैं पिछले 42 सालों से इस इंडस्ट्री में हूं. मैंने 60 नाटक, 40 फिल्में और 30 टीवी सीरियल किए हैं. 9 फिल्मों और 7 नाटकों का लेखन किया है. 100 हजार स्तंभ लिखे हैं. किसी के विचार पर प्रतिक्रिया देने का अधिकार सबको है, लेकिन गाली देने वालों की उतनी ‘योग्यता’ भी होनी चाहिए और जो लोग कह रहे हैं कि KBC जैसा शो करके दिखाओ, उन्हें बता दूं कि मैं मराठी में जैसा टॉक शो होस्ट कर चुका हूं.”
कौन हैं संजय मोने?
64 वर्षीय संजय मोने मराठी और हिंदी सिनेमा, थिएटर और टेलीविजन के जाने-माने वरिष्ठ एक्टर, नाटककार और स्क्रीनराइटर हैं. रामगोपाल वर्मा की ब्लॉकबस्टर हिंदी फिल्म ‘सरकार’ में उनके अभिनय को काफी सराहा गया था. इसके अलावा उन्होंने ‘अस्तित्व’, ‘विरुद्ध’, ‘फैमिली’ जैसी हिंदी फिल्मों में उन्होंने काम किया है. अपनी बेबाक शैली और बहुमुखी प्रतिभा के लिए पहचाने जाने वाले संजय मोने मराठी एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री के उन गिने-चुने लोगों में शामिल हैं, जो अपनी बात मुखर होकर रखने से कभी नहीं कतराते.




