अजब-गजब

सफारी पार्क में ‘चेजिंग गेम’: शेर आगे-आगे, बाइक वाले पीछे-पीछे… अब तीनों की नौकरी गई!

गुजरात के अंबर्डी सफारी पार्क का एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है, जिसे देखकर जानवरों से प्यार करने वाले लोग काफी नाराज हैं. इस वीडियो में जंगल के कुछ कर्मचारी मोटरसाइकिल से एक शेर का पीछा करते नजर आ रहे हैं. उनके पीछे एक सरकारी एसयूवी गाड़ी भी चल रही है. जैसे ही यह क्लिप इंटरनेट पर सामने आई, लोगों ने सवाल उठाने शुरू कर दिए कि आखिर जंगल के रखवाले ही शेर को इस तरह क्यों दौड़ा रहे हैं?

यह पूरा मामला दिवाली की छुट्टियों के दौरान का है, जब सफारी पार्क में घूमने वालों की भारी भीड़ जमा थी. वीडियो वायरल होने के बाद कई लोगों ने वन विभाग के काम करने के तरीके पर उंगली उठाई और पूछा कि क्या इस दौरान नियमों का सही से पालन किया गया था या नहीं. बढ़ते विवाद को देखते हुए अब वन विभाग ने अपनी सफाई दी है. विभाग ने न केवल यह बताया है कि शेर के पीछे बाइक क्यों दौड़ाई जा रही थी, बल्कि इस मामले में लापरवाही बरतने वाले तीन कर्मचारियों के खिलाफ सख्त एक्शन भी ले लिया है.

शेर के पीछे बाइक दौड़ाना पड़ा भारी

गिर ईस्ट वन विभाग के मुताबिक, असल में कर्मचारी उस शेर को उसके तय बाड़े की तरफ ले जाने की कोशिश कर रहे थे, जिसे ‘क्राल’ (Kraal) कहा जाता है. सफारी पार्क में रहने वाले शेरों को रोजाना खाना खिलाने के लिए इसी चारों तरफ से घिरे हुए सुरक्षित इलाके में लाया जाता है.

असिस्टेंट कंजर्वेटर ऑफ फॉरेस्ट्स (ACF) मितेश वानिया ने बताया कि यह घटना शाम की सफारी खत्म होने के बाद हुई थी. नियम के मुताबिक, सफारी के बाद सभी शेरों को वापस क्राल में लौटना था, लेकिन उन्हीं में से एक शेर रास्ता भटक कर दूसरी दिशा में जाने लगा.

वानिया ने साफ किया कि कर्मचारी शेर को परेशान करने या उसे डराने के इरादे से पीछे नहीं भाग रहे थे, बल्कि वे तो बस उसे सही रास्ता दिखाकर बाड़े तक पहुंचा रहे थे. उन्होंने कहा कि यह सफारी पार्क 300 हेक्टेयर से भी ज्यादा बड़े इलाके में फैला हुआ है. यहां हर शाम 5 बजे 100×100 मीटर के एक घेरे वाले क्षेत्र (क्राल) में शेरों को खाना दिया जाता है. वीडियो में दिख रहे कर्मचारियों ने जब देखा कि एक शेर अपने बाड़े से दूर जा रहा है, तो वे उसे वापस अंदर भेजने की कोशिश कर रहे थे. किसी भी कर्मचारी का मकसद जानवर को तंग करना नहीं था.

दूसरी तरफ, प्रिंसिपल चीफ कंजर्वेटर ऑफ फॉरेस्ट्स जयपाल सिंह ने बताया कि वीडियो सामने आते ही तुरंत जांच के आदेश दे दिए गए थे. उन्होंने माना कि कर्मचारियों से गलती हुई है, क्योंकि शेरों को बाड़े में वापस ले जाने के लिए आमतौर पर बंद जीप का इस्तेमाल किया जाता है, लेकिन इन लोगों ने नियमों को ताक पर रखकर मोटरसाइकिल का इस्तेमाल किया.

यह भी पढ़ें: टोटका प्रैंक का ऐसा खौफ कि बाप-बेटी ने भी बदल लिया रास्ता, वायरल वीडियो देख लोटपोट हुए लोग

जयपाल सिंह के मुताबिक, इस लापरवाही के लिए नोटिस जारी किया गया और वीडियो में दिख रहे तीनों आउटसोर्स कर्मचारियों को तुरंत उनकी ड्यूटी से हटा दिया गया है. इसके साथ ही मितेश वानिया ने यह भी जोड़ा कि दिवाली की छुट्टियों की वजह से पार्क में टूरिस्ट्स की जबरदस्त भीड़ थी, जिसे संभालने के लिए वन विभाग का स्टाफ रोजाना करीब 12-12 घंटे तक लगातार ड्यूटी कर रहा था.

यहां देखिए वीडियो

Related Articles

Back to top button