अजब-गजब

पैर में मसल स्प्रेन हुआ, मांगी छुट्टी… बदले में कंपनी ने थमा दिया नौकरी से निकालने का फरमान!

प्राइवेट नौकरी में काम करने वाले लोगों के लिए मेडिकल लीव लेना कई बार परेशानी का कारण बन जाता है. खासकर छोटी कंपनियों में कर्मचारियों को छुट्टी देने को लेकर मैनेजमेंट का रवैया अक्सर सवालों के घेरे में रहता है. ऐसा ही एक मामला इन दिनों रेडिट पर सामने आया है, जिसे देखने के बाद हर कोई हैरान नजर आ रहा है. यहां एक पोस्ट के जरिए 28 साल की महिला ने दावा किया है कि पैर में चोट लगने के बाद एक हफ्ते की छुट्टी मांगना उसे भारी पड़ गया. महिला का आरोप है कि कंपनी ने उसे बिना किसी नोटिस या सेवरेंस पेमेंट के नौकरी से निकाल दिया.

महिला ने अपने साथ हुई इस घटना को Reddit के r/IndiaCareers ग्रुप में शेयर किया. उसने बताया कि पैर मुड़ने की वजह से उसे गंभीर मसल स्प्रेन हो गया था. चोट के कारण चलने-फिरने में भी परेशानी हो रही थी, इसलिए उसने कंपनी से एक हफ्ते की मेडिकल लीव मांगी थी. उसने मैनेजमेंट को भरोसा दिलाया था कि दिवाली के बाद काम पर वापस लौट आएगी.

नई नौकरी और रिज्यूमे गैप की चिंता

हालांकि, महिला के मुताबिक कंपनी उसके बार-बार मेडिकल लीव लेने से पहले ही नाराज थी. ऐसे में छुट्टी की नई मांग के बाद कंपनी के मालिक ने उसे नौकरी से निकालने का फैसला कर लिया. महिला ने अपनी पोस्ट में कंपनी को ‘लाला कंपनी’ बताते हुए कहा कि उसे नौकरी से निकालते समय किसी तरह का सेवरेंस पैकेज भी नहीं दिया गया.

नौकरी जाने के बाद महिला के सामने सबसे बड़ी परेशानी नई नौकरी ढूंढने की है. उसने बताया कि वह लगातार अलग-अलग जगह आवेदन कर रही है, लेकिन दिवाली की छुट्टियों के चलते कंपनियों की तरफ से ज्यादा जवाब नहीं मिल रहे हैं. उसे डर है कि अगर अगले एक-दो महीने में नई नौकरी नहीं मिली तो रिज्यूमे में आए गैप को लेकर इंटरव्यू में सवाल पूछे जाएंगे. बाजार में पहले से ही नौकरियों की स्थिति को लेकर वह परेशान है. इतना ही नहीं, उसने अभी तक अपने माता-पिता को भी नौकरी जाने की बात नहीं बताई है. महिला का कहना है कि वह उन्हें दुखी नहीं करना चाहती और समझ नहीं पा रही कि इस बारे में कैसे बात करे.

महिला की पोस्ट सामने आने के बाद यूजर्स की प्रतिक्रियाएं भी बंटी हुई नजर आईं. कुछ लोगों ने उसके साथ सहानुभूति जताई, तो कुछ ने मामले की दूसरी तरफ भी देखने की सलाह दी. एक यूजर ने अपने ऑफिस का अनुभव बताते हुए कहा कि उसकी टीम में एक कर्मचारी अक्सर काम से गायब रहता था और उसने दो हफ्ते की मेडिकल लीव मांगी थी. बाद में पता चला कि वह इलाज के बजाय जर्मनी घूमने गया था. उस कर्मचारी को बाद में नौकरी से निकाल दिया गया. यूजर ने सवाल उठाया कि क्या महिला के मामले में भी पहले कई बार छुट्टी लेने की वजह से मैनेजमेंट नाराज था?

यह भी पढ़ें: न डर, न खौफ! 20 फीट लंबे अजगर के साथ बच्चों ने किया ऐसा खेल, वीडियो ने मचाया तहलका

वहीं, कुछ लोगों ने कहा कि नौकरी के बीच गैप होना कोई बड़ी बात नहीं होनी चाहिए. एक यूजर ने साफ लिखा कि करियर गैप को लेकर बेवजह का डर और सवाल खत्म होने चाहिए. कुछ यूजर्स ने महिला को हिम्मत रखने और आगे की तैयारी पर ध्यान देने की सलाह दी. एक यूजर ने कहा कि फिलहाल उसे अपना रिज्यूमे अपडेट करना चाहिए, नई स्किल सीखनी चाहिए और पुराने प्रोजेक्ट्स को दोबारा देखना चाहिए. इससे इंटरव्यू के दौरान अपने अनुभव और काम के बारे में बेहतर तरीके से बात कर सकेगी.

यहां देखिए पोस्ट

Got laid off
by
u/Plane-Height-7133 in
IndiaCareers

Related Articles

Back to top button