न ऑफिस, न टारगेट का तनाव… बस सोकर कमाए 9.6 लाख रुपये, मुंबई की महिला ने जीती बाजी

मुंबई की एक महिला ने साबित कर दिया कि अच्छी नींद सिर्फ सेहत के लिए ही नहीं, बल्कि कमाई का जरिया भी बन सकती है. जीनिया चटर्जी ने सोने के बदले 9.6 लाख रुपये का इनाम जीत लिया है. इतना ही नहीं, उन्हें कंपनी की तरफ से स्पॉन्सर्ड हॉलिडे पर जाने का मौका भी मिला है. जीनिया को भारत की ‘स्लीप चैंपियन’ चुना गया है. उनकी यह जीत इसलिए भी खास है, क्योंकि इस अनोखी प्रतियोगिता में देशभर से 2 लाख से ज्यादा लोगों ने आवेदन किया था.
दरअसल, घर और फर्निशिंग से जुड़े ब्रांड Wakefit ने अपनी स्लीप इंटर्नशिप का आयोजन किया था. इसमें प्रतिभागियों को अच्छी और पूरी नींद लेने के साथ-साथ अपनी सोने की आदतों पर ध्यान देना था. प्रतियोगिता करीब दो महीने तक चली. इस दौरान सभी को एक तय समय पर सोना, अपनी नींद का रिकॉर्ड रखना और हर हफ्ते दिए जाने वाले मजेदार टास्क पूरे करने थे.
कभी फिल्मों के सीन, तो कभी कंबल-पिलो वाला मिशन
इस प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए 2 लाख से ज्यादा लोगों ने आवेदन किया था. हालांकि, कई चरणों की स्क्रीनिंग और पर्सनल इंटरव्यू के बाद सिर्फ 10 लोगों को चुना गया. इन सभी प्रतिभागियों को करीब 60 दिनों तक अपनी नींद का प्रदर्शन बेहतर बनाए रखना था. हर दिन उनकी स्लीप परफॉर्मेंस के आधार पर स्कोर दिया जाता था. इन स्कोर के जरिए एक लीडरबोर्ड तैयार किया जाता था, जिससे पता चलता था कि कौन सबसे बेहतर नींद ले रहा है. लेकिन इस इंटर्नशिप में सिर्फ सोना ही काफी नहीं था. प्रतिभागियों को अपनी क्रिएटिविटी भी दिखानी पड़ती थी.
प्रतियोगिता के दौरान हर हफ्ते कुछ दिलचस्प चैलेंज दिए जाते थे. इनमें एक टास्क का नाम Sleep Cinema था. इसमें प्रतिभागियों को मशहूर फिल्मों के सीन को नींद से जोड़कर दोबारा तैयार करना होता था. यानी किसी फिल्म के सीन को अपने अंदाज में ऐसा रूप देना था, जिसमें सोने या नींद का मजेदार ट्विस्ट शामिल हो. इसके अलावा Sleep Bingo नाम का टास्क भी था. इसमें प्रतिभागियों को पूरे हफ्ते अपनी सोने की आदतों पर नजर रखनी थी और उनका आकलन करना था.
सबसे दिलचस्प चैलेंज Undercover Sleep Mission रहा. इसमें प्रतिभागियों को किसी बातचीत के दौरान बिना सामने वाले को शक हुए ‘Blanket’ या ‘Pillow’ शब्द का 10 बार इस्तेमाल करना था. यह टास्क सुनने में आसान लग सकता है, लेकिन बातचीत को सामान्य रखते हुए ऐसा करना काफी मजेदार चुनौती थी. हर हफ्ते सबसे अच्छा प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागी को ‘Pro Sleeper of the Week’ का खिताब दिया जाता था.
करीब दो महीने की प्रतियोगिता के बाद जीनिया चटर्जी, रत्नागिरी मणिकंदन और मेहेक खोट टॉप तीन प्रतिभागियों के रूप में सामने आए. वहीं, हैदराबाद के करीम खान को भी फिनाले में जगह मिली. उन्होंने सबसे ज्यादा वीकली क्रिएटिव चैलेंज जीतकर वाइल्डकार्ड एंट्री हासिल की थी. इस तरह फाइनल मुकाबले में कुल चार प्रतियोगी पहुंच गए.
ग्रैंड फिनाले को ‘Big Bedd’ नाम दिया गया था. इसमें दो बड़े चैलेंज रखे गए. पहले चैलेंज का नाम Memory Foam Challenge था. इसमें प्रतिभागियों की याददाश्त, चीजों को ध्यान से देखने की क्षमता और टीमवर्क को परखा गया. उन्हें कुछ रेफरेंस तस्वीरें दिखाई गईं, जिनकी मदद से एक बेडरूम सेटअप को हूबहू तैयार करना था.
इसके बाद Sleep Auction चैलेंज हुआ. इसमें फाइनलिस्ट को अच्छी नींद के लिए जरूरी चीजों पर बोली लगानी थी. इनमें तकिया, कंबल, एयर कंडीशनर का कंट्रोल, लाइटिंग और कमरे में आवाज से जुड़े इंतजाम शामिल थे. यानी हर प्रतिभागी को अपने हिसाब से सोने के लिए एक बेहतरीन माहौल तैयार करना था.
आखिरी रात की नींद ने तय किया विजेता
दोनों चैलेंज पूरे होने के बाद सभी फाइनलिस्ट ने अपने तैयार किए गए स्लीपिंग सेटअप में एक आखिरी रात बिताई. उनकी नींद के स्कोर के आधार पर अंतिम नतीजा घोषित किया गया. इसमें जीनिया चटर्जी ने बाकी सभी को पीछे छोड़ते हुए जीत हासिल की.
यह भी पढ़ें: नौकरी छोड़ने की नहीं पड़ी जरूरत, दो दोस्तों ने वीकेंड पर शुरू किया ऐसा बिजनेस कि उमड़ने लगी ग्राहकों की भीड़
इस जीत के साथ उन्हें 9.6 लाख रुपये की इनामी राशि और Wakefit की तरफ से स्पॉन्सर्ड हॉलिडे मिला. बता दें कि Wakefit ने साल 2019 में इस स्लीप इंटर्नशिप की शुरुआत की थी. इसके पहले चार सीजन में अब तक 10 लाख से ज्यादा आवेदन मिल चुके हैं. वहीं, 65 इंटर्न को 1-1 लाख रुपये का स्टाइपेंड भी दिया जा चुका है. अगर आप भी इस अनोखी प्रतियोगिता का हिस्सा बनना चाहते हैं, तो आपके पास मौका है. Wakefit ने सीजन 6 के लिए प्री-रजिस्ट्रेशन शुरू कर दिया है. इच्छुक लोग कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं.




