CBSE Board Exam 2027: होली के दिन 12वीं के पांच विषयों की परीक्षा, क्या बदलेगी डेटशीट?

केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने 6 नवंबर को 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा 2027 की डेटशीट जारी कर दी है. इसके साथ ही स्टूडेंट्स को परीक्षा की तैयारी के लिए तारीखों की जानकारी मिल गई है. हालांकि, डेटशीट सामने आने के बाद 12वीं के कुछ छात्रों की चिंता बढ़ गई है. 22 मार्च 2027 को होली के दिन बोर्ड ने पांच विषयों की परीक्षा तय की है.
ऐसे में स्टूडेंट्स और अभिभावकों के मन में सवाल है कि क्या बोर्ड होली के दिन होने वाली परीक्षाओं की तारीख में बदलाव करेगा या पहले से जारी शेड्यूल के अनुसार ही परीक्षा आयोजित की जाएगी.
16 फरवरी से शुरू होंगी बोर्ड परीक्षाएं
सीबीएसई की ओर से जारी डेटशीट के मुताबिक, 10वीं और 12वीं दोनों कक्षाओं की बोर्ड परीक्षाएं 16 फरवरी 2027 से शुरू होंगी. हालांकि, दोनों कक्षाओं की परीक्षाएं अलग-अलग तारीखों पर समाप्त होंगी.
10वीं कक्षा की परीक्षाएं 16 फरवरी से 9 मार्च 2027 तक चलेंगी. वहीं, 12वीं के स्टूडेंट्स को लंबी परीक्षा अवधि से गुजरना होगा. उनकी परीक्षाएं 16 फरवरी से शुरू होकर 9 अप्रैल 2027 तक आयोजित की जाएंगी. इस तरह 10वीं के छात्रों की परीक्षा मार्च में खत्म हो जाएगी, जबकि 12वीं के स्टूडेंट्स को अप्रैल तक परीक्षा देनी होगी.
होली के दिन इन पांच विषयों का एग्जाम
22 मार्च 2027 को होली के दिन 12वीं के पांच विषयों की परीक्षाएं होंगी. इनमें नॉलेज ट्रेडिशन एंड प्रैक्टिसेज ऑफ इंडिया, भोटी, कोकबोरोक, बैंकिंग और इलेक्ट्रॉनिक्स टेक्नोलॉजी शामिल हैं. सभी विषयों की परीक्षा सुबह 10:30 से दोपहर 1:30 बजे तक होगी.
क्या परीक्षा की तारीख में बदलाव करेगा बोर्ड?
होली के दिन परीक्षा होने के कारण स्टूडेंट्स और अभिभावकों के बीच असमंजस की स्थिति है. हालांकि, सीबीएसई ने अभी तक 22 मार्च की परीक्षाओं को लेकर तारीख बदलने या कोई विशेष व्यवस्था करने की घोषणा नहीं की है. ऐसे में फिलहाल छात्रों को जारी डेटशीट के अनुसार ही अपनी तैयारी करनी चाहिए. परीक्षा शेड्यूल में किसी भी तरह का बदलाव होने पर बोर्ड अपनी आधिकारिक वेबसाइट cbse.gov.in पर सूचना जारी करेगा.
2025 में बोर्ड ने दी थी विशेष सुविधा
2025 में भी होली के आसपास 12वीं की हिंदी परीक्षा 15 मार्च को निर्धारित थी. उस समय बोर्ड ने होली के कारण परीक्षा देने में परेशानी महसूस करने वाले स्टूडेंट्स के लिए अलग से परीक्षा आयोजित कराने की सुविधा दी थी. ऐसे में उम्मीद की जा रही है कि सीबीएसई 2027 में भी विद्यार्थियों की परेशानी को ध्यान में रखकर कोई निर्णय ले सकता है. हालांकि, इस बार ऐसी किसी सुविधा की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. इसलिए छात्रों को बोर्ड के अगले निर्देशों का इंतजार करना चाहिए.




