Rise and Fall 2 Winner: शहजाद पूनावाला ने जीती ‘राइज एंड फॉल 2’ की ट्रॉफी, 35 लाख रुपए लेकर बने विजेता!

पूर्व भारतीय क्रिकेटर और धाकड़ कमेंटेटर वीरेंद्र सहवाग की मेजबानी वाले लोकप्रिय रियलिटी शो ‘एमएक्स ओरिजिनल राइज़ एंड फॉल सीजन 2’ को आखिरकार अपना नया ‘अल्टीमेट रूलर’ मिल चुका है. हफ्तों तक चले शह-मात के खेल, कूटनीति और टावर के उतार-चढ़ावों के बीच शहजाद पूनावाला ने सीजन 2 का खिताब अपने नाम कर लिया है। 15 सेलिब्रिटी कंटेस्टेंट्स को पछाड़ते हुए शहजाद ने न सिर्फ ‘राइज़ एंड फॉल 2’ की चमचमाती ट्रॉफी उठाई, बल्कि 35 लाख रुपए का भारी-भरकम कैश प्राइज़ भी जीता. वहीं, शो में टीवी की लोकप्रिय एक्ट्रेस प्रियंका चाहर चौधरी फर्स्ट रनर-अप और गौतम गुलाटी सेकंड रनर-अप रहे.
ग्रैंड फिनाले की शाम स्टार-स्टडेड परफॉर्मेंस और इमोशनल मोमेंट्स से भरपूर रही. शो की शुरुआत टॉप 6 फाइनलिस्ट्स की धमाकेदार स्टेज परफॉर्मेंस और एक्स-कंटेस्टेंट्स के साथ पुरानी यादों के री-यूनियन से हुई. मशहूर कॉमेडियन हर्ष गुजराल ने अपने मजाकिया अंदाज से माहौल को खुशनुमा बनाया, वहीं फाइनलिस्ट्स के परिवार वालों की मौजूदगी ने फिनाले को काफी इमोशनल बना दिया. हालांकि, जल्द ही गेम का मोड़ बदला और ‘फॉर्च्यून फ्लोर पिरामिड’ चैलेंज में पिछड़ने के कारण निहारिका तिवारी एलिमिनेट हो गईं. निहारिका के बाहर होते ही टावर को अपने टॉप 5 फाइनलिस्ट्स मिल गए.
स्वरा भास्कर और करन पटेल हुए एलिमिनेट
टॉप 5 के बीच ट्रॉफी तक पहुंचने की होड़ और तेज हो गई. इसके तुरंत बाद टावर की लाइट्स लाल रंग में बदल गईं, जो एलिमिनेशन का संकेत थीं. शो में मजबूत मास्टरमाइंड माने जा रहे करन पटेल और अपनी बेबाकी के लिए जानी गईं स्वरा भास्कर ट्रॉफी की रेस से बाहर हो गए. इन दोनों दिग्गजों के बेघर होते ही ‘राइज एंड फॉल 2’ को अपने टॉप 3 फाइनलिस्ट मिले और वो थे शहजाद पूनावाला, प्रियंका चाहर चौधरी और गौतम गुलाटी.
डेडलॉक और कंटेस्टेंट्स की वोटिंग से हुआ विनर का फैसला
फिनाले के सबसे बड़े ट्विस्ट में जब टॉप 3 फाइनलिस्ट्स की किस्मत का फैसला वोटिंग के जरिए होना था, तो मुकाबला डेडलॉक (बराबरी) पर आकर अटक गया. ऐसे में बाजी पलटने के लिए बाहर हो चुके कंटेस्टेंट्स को अंतिम फैसला सुनाने की जिम्मेदारी दी गई. एक्स-कंटेस्टेंट्स के वोटों और फैसले के आधार पर गौतम गुलाटी सेकंड रनर-अप बने। इसके बाद अंतिम मुकाबले में प्रियंका चाहर चौधरी को पीछे छोड़ते हुए शहजाद पूनावाला ने ‘अल्टीमेट रूलर’ का ताज अपने सिर सजाया.
ये भी पढ़ें- Rise and Fall 2: स्वरा भास्कर, गौतम और करण पटेल के साथ निहारिका-प्रियंका ने पेंटहाउस में बनाई जगह, ये हैं टॉप-6 फाइनलिस्ट
मुश्किलों से भरा था सफर, पर खुद पर था भरोसा
जीत के बाद अपनी खुशी जाहिर करते हुए शहजाद पूनावाला ने कहा, “राइज़ एंड फॉल सीजन 2 जीतना एक ऐसा अहसास है जिसे मैं शब्दों में बयां नहीं कर सकता.टावर की ऊंचाइयों से लेकर बेसमेंट की अनिश्चितताओं तक, यह सफर आसान नहीं था. मुझे हर मोड़ पर खुद को ढालना पड़ा. भले ही मन में कभी शंकाएं आईं, लेकिन मुझे हमेशा विश्वास था कि मैं इसे कर दिखाऊंगा. मैं इस मंच के लिए मेकर्स, प्राइम वीडियो और बनिजय एशिया का बेहद आभारी हूं.”




