सैलरी स्लिप देखी तो आंखें फटी रह गईं! मुंबई के रसोइये का थाइलैंड प्लान वायरल, लोग बोले- ‘हम क्या कर रहे हैं जिंदगी में?’

मुंबई में एक कुक की सैलरी जानकर लोगों के होश उड़ गए हैं. सोशल मीडिया पर ये पोस्ट आग की तरह फैल रही है, और इसे पढ़कर MBA वाले भी सोच रहे हैं कि हम क्या कर रहे हैं जिंदगी में? ये कहानी मुंबई के बिजनेसमैन मनुराज गर्ग ने शेयर की है. उन्होंने अपने LinkedIn पोस्ट में बताया कि उनका कुक हर महीने करीब 1 लाख से ज्यादा कमाता है.
कुक कैसे कमाता है 1.05 लाख?
वायरल पोस्ट के अनुसार, कुक सिर्फ एक घर में काम नहीं करता. वो कई जगहों पर खाना बनाता है. मनुराज के घर पर वो सुबह-शाम खाना बनाने के 18,000 रुपए लेता है. उसी बिल्डिंग में दूसरे फ्लैट से उसे 16,500 रुपए मिलते हैं और पास के एक परिवार से खाना बनाने, किचन का काम और टेबल सर्विस के उसे 38,000 रुपए मिलते हैं.
इतना ही नहीं, शुक्रवार की रात को वो कभी-कभी फिल्म के सेट पर भी जाता है, जहां एक शिफ्ट के उसे 7,500 रुपए मिलते हैं. और सबसे बड़ी बात, उसकी पत्नी भी महीने के 45,000 रुपए कमाती है. मतलब दोनों को मिलाकर घर में हर महीने करीब 1.5 लाख रुपए आते हैं.
MBA वालों से ज्यादा सुखी?
मनुराज ने लिखा कि मेरे कई MBA दोस्त कागज पर उनसे ज्यादा कमाते हैं, पर टैक्स, लोन की EMI और बच्चों के खर्च के बाद हाथ में बहुत कम बचता है. लेकिन कुक के साथ ऐसा नहीं है. उसका न कोई Form-16 है, न TDS कटता है, न CTC का झंझट है, न वेरिएबल पे का टेंशन. जो कमाता है, वो पूरा उसका है.
अब थाइलैंड घूमने जा रहा है कुक!
सबसे मजेदार हिस्सा अब आता है. 34 साल का ये कुक अब दोस्तों के साथ अपनी पहली इंटरनेशनल ट्रिप थाइलैंड पर जा रहा है. ये उसकी पहली फ्लाइट होगी और इसके लिए उसने पहली बार पासपोर्ट भी बनवाया है.
मनुराज ने उसे घूमने के टिप्स भी दिए…माया बे जाना, स्कूटर किराए पर लेना और वहां का स्ट्रीट फूड ट्राई करना. मनुराज ने लिखा कि उस वक्त ऐसा लगा ही नहीं कि मैं मालिक हूं और वो कुक है, ऐसा लगा जैसे दो दोस्त ट्रैवल की प्लानिंग कर रहे हों.
लोग क्या बोल रहे हैं?
पोस्ट वायरल होते ही बहस छिड़ गई. कोई बोल रहा है, हम क्या कर रहे हैं जिंदगी में? तो कोई कह रहा है कि अमीरी सिर्फ सैलरी से नहीं नापी जाती. मनुराज ने आखिर में लिखा कि वो न गरीब है, न अमीर है, वो उस कैटेगरी में आता है जिसे हमारी किताबें नाप ही नहीं पातीं.




