ताजी सब्जियां, साफ हवा और कम खर्च! सिक्किम की गांव वाली जिंदगी ने जीता लोगों का दिल

दिल्ली जैसे बड़े शहर में 20 साल बिताने के बाद एक महिला ने अपनी जिंदगी को बिल्कुल नए तरीके से जीने का फैसला किया. 37 साल की इस महिला ने अपने पति, दो बेटियों और पालतू कुत्ते के साथ राजधानी की भागदौड़ छोड़ दी और सिक्किम के एक छोटे से गांव में जाकर बस गई. शहर की भीड़, शोर और रोजमर्रा की व्यस्त जिंदगी से दूर अब यह परिवार गांव के शांत माहौल में अपनी नई दुनिया बसा रहा है. खास बात यह है कि यहां चार लोगों का परिवार हर महीने करीब 32 हजार रुपये में अपना खर्च चला रहा है.
महिला ने सिक्किम आने के बाद अपने परिवार के साथ एक पुश्तैनी घर में रहने का फैसला किया. यह घर पिछले करीब 10 सालों से खाली पड़ा था. परिवार ने इसी पुराने घर को फिर से अपना आशियाना बनाया और एक नई शुरुआत की. गांव में शिफ्ट होने के छह महीने बाद महिला ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया. इसमें उन्होंने अपनी नई जिंदगी की झलक दिखाने के साथ-साथ महीनेभर के खर्च का पूरा हिसाब भी बताया.
आखिर कितना आता है खर्च?
उनके मुताबिक, परिवार का कुल मासिक खर्च करीब 32 हजार रुपये है. इस बजट में सबसे ज्यादा पैसा खाने-पीने और घर के जरूरी सामान पर खर्च होता है. किराने के सामान और ग्रॉसरी पर हर महीने लगभग 15 हजार रुपये खर्च होते हैं. हालांकि, गांव में रहने का एक बड़ा फायदा यह है कि उन्हें ताजी और स्थानीय स्तर पर उगाई गई सब्जियां आसानी से मिल जाती हैं. महिला का कहना है कि खेतों से आने वाली ताजी सब्जियां खाना उनके लिए इस नई जिंदगी की सबसे अच्छी बातों में से एक है.
बच्चों की पढ़ाई और स्कूल आने-जाने का खर्च भी परिवार के बजट का अहम हिस्सा है. महिला ने बताया कि स्कूल फीस और ट्रांसपोर्ट पर हर महीने करीब 7 हजार रुपये खर्च होते हैं. इसके अलावा बिजली का बिल भी काफी कम आता है. पूरे महीने का बिजली खर्च लगभग 500 से 700 रुपये के बीच रहता है.
कपड़े धुलवाने और दूसरी छोटी-मोटी जरूरतों पर परिवार करीब 3 हजार रुपये खर्च करता है. वहीं, पेट्रोल और दूसरे ईंधन के लिए लगभग 1 हजार रुपये का बजट रखा गया है. इस खर्च की लिस्ट में एक दिलचस्प हिस्सा दोस्तों के साथ घूमने-फिरने का भी है. महिला के मुताबिक, परिवार हर महीने करीब 5 हजार रुपये आउटिंग और दोस्तों के साथ समय बिताने पर खर्च करता है. हालांकि, उन्हें हर बार बाहर जाने के लिए पैसे खर्च करने की जरूरत नहीं पड़ती. गांव में आसपास घूमने के लिए कई खूबसूरत जगहें हैं और परिवार अक्सर पैदल ही निकल जाता है. इस तरह बिना ज्यादा खर्च किए भी वे अपने दिन को खास बना लेते हैं.
परिवार के कम खर्च के पीछे एक बड़ी वजह उनका अपना पुश्तैनी घर है. दिल्ली जैसे शहर में जहां हर महीने किराया एक बड़ा खर्च होता है, वहीं सिक्किम में उन्हें घर के लिए कोई किराया नहीं देना पड़ता. यही वजह है कि परिवार कम बजट में भी आराम से अपनी जरूरतें पूरी कर पा रहा है.
यह भी पढ़ें: ट्रेन में युवक की शर्मनाक हरकत पर उठा सवाल, जेब में चाकू लेकर कर दिया ये काम
महिला के इस वीडियो को सोशल मीडिया पर काफी पसंद किया जा रहा है. कई लोगों ने गांव की जिंदगी, साफ-सुथरे वातावरण और ताजी सब्जियों को लेकर अपनी खुशी जाहिर की. एक यूजर ने कमेंट करते हुए लिखा कि सिक्किम वाकई शानदार जगह है. मिलावटी बाजार के इस दौर में ऑर्गेनिक सब्जियां खाना किसी आशीर्वाद से कम नहीं है. वहीं, एक दूसरे यूजर ने लिखा कि साफ हवा और साफ पानी मिलना ही अपने आप में एक बड़ी खुशकिस्मती है.
यहां देखिए वीडियो
Instagram पर यह पोस्ट देखें




