Pakistan: TikTok Video के लिए निकाली शेरनी, 19 साल के लड़के को मार डाला

एक TikTok वीडियो के चक्कर में 19 साल के एक लड़के की जान चली गई. ये दर्दनाक हादसा पाकिस्तान के लाहौर के काहना इलाके में हुआ. बताया जा रहा है कि टिकटॉकर नौमान हसन फार्महाउस पर वीडियो बनाने आया था. वीडियो के लिए उसने शेरनी को पिंजरे से बाहर निकलवाया. फार्महाउस में काम करने वाला 19 साल का तल्हा भी वहीं था. शूटिंग के दौरान शेरनी अचानक बेकाबू हो गई और उसने तल्हा पर हमला कर दिया. तल्हा को बुरी तरह जख्मी हालत में प्राइवेट अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वो बच नहीं पाया.
बाप की आंखों के सामने मौत और कुत्ते वाला झूठ
डेली पाकिस्तान की रिपोर्ट के मुताबिक, इस हादसे के वक्त वहां तल्हा के पिता और भाई हाशिम भी मौजूद थे. वे दोनों भी उसी फार्महाउस में काम करते थे. उन्होंने अपनी आंखों के सामने ये खौफनाक मंजर देखा.
हादसे के बाद मामला दबाने की कोशिश की गई. पहले ये कहा गया कि तल्हा को कुत्ते ने काटा है. लेकिन जब पुलिस ने जांच की तो सच्चाई सामने आ गई. तल्हा के जख्म कुत्ते के नहीं, बल्कि शेरनी के हमले के थे. लाहौर पुलिस ने साफ कहा- TikTok का शौक किसी की जान से ज्यादा कीमती नहीं हो सकता.
3 गिरफ्तार, 33 शेर जब्त
इस मामले में काहना पुलिस ने फार्महाउस मालिक फय्याज उर्फ फैजी और टिकटॉकर नौमान समेत 3 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है. जांच में पता चला कि फार्महाउस का ब्रीडिंग लाइसेंस 2025 में ही खत्म हो चुका था. इसके बाद भी वहां जानवर रखे जा रहे थे. पुलिस ने फार्महाउस से 33 शेर भी जब्त किए हैं. शेरनी को वाइल्डलाइफ डिपार्टमेंट को सौंप दिया गया है. तल्हा के पिता की शिकायत पर वाइल्डलाइफ एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया गया है.
लोग क्या कह रहे हैं?
सोशल मीडिया पर लोग इस घटना पर गुस्से में हैं. लोग कह रहे हैं कि व्यूज और लाइक्स के लिए जानवरों को खिलौना समझ लिया गया है और इसकी कीमत एक मासूम लड़के को अपनी जान देकर चुकानी पड़ी.
कौन है नौमान हसन? (Who Is Nouman Hassan)
नौमान हसन पाकिस्तान के लाहौर में रहने वाला एक टिकटॉकर है. वो कोई आम टिकटॉकर नहीं है. वो शेर और बाघ के साथ खतरनाक वीडियो बनाने के लिए जाना जाता है. उसका एक वीडियो पहले भी बहुत वायरल हुआ था. उस वीडियो में उसने बाघ के मुंह के अंदर अपना हाथ डाल दिया था. वीडियो डालते हुए उसने लिखा था- मेरा टाइगर रॉकी बहुत फ्रेंडली है. लोगों ने उसे खूब समझाया कि ये बेवकूफी है, मत करो. लेकिन उसने किसी की नहीं सुनी.
पहले भी फंसा था
ये पहली बार नहीं है. 2024 में भी पंजाब वाइल्डलाइफ वालों ने नौमान पर एक्शन लिया था. उसने पब्लिक प्लेस पर बाघ घुमाने का वीडियो बनाया था. तब उसका बाघ छीन लिया गया था और कोर्ट में चालान भी काटा गया था. मतलब उसे पहले ही चेतावनी मिल चुकी थी. फिर भी वो शेर-बाघ के साथ स्टंट करता रहा.
View this post on Instagram




