अब टीवी देखने के लिए लगाना होगा दिमाग! चीनी पिता ने AI से निकाला बेटे की अक्ल ठिकाने लगाने का अनोखा तरीका

चीन के शेनझेन शहर में रहने वाले एक पिता ने अपने बेटे को पढ़ाई के लिए प्रेरित करने का ऐसा तरीका निकाला है, जिसकी सोशल मीडिया पर काफी चर्चा हो रही है. उन्होंने AI की मदद से घर के टीवी में एक ऐसा सिस्टम तैयार किया है, जिसमें हर 10 मिनट टीवी देखने के बाद बेटे को पढ़ाई से जुड़ा एक सवाल हल करना पड़ता है. सही जवाब देने पर ही उसे आगे टीवी देखने की इजाजत मिलती है.
साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, ये पिता पेशे से टैक्सी ड्राइवर हैं. उनका बेटा जूनियर सेकेंडरी स्कूल में पढ़ता है. पिता का कहना है कि बेटा पढ़ाई पर ध्यान देने के बजाय अपना ज्यादातर समय टीवी देखने में बिताता था. उन्होंने उसे समझाने और टीवी देखने का समय कम करने के कई तरीके अपनाए, लेकिन कोई खास फायदा नहीं हुआ. आखिरकार उन्होंने टेक्नोलॉजी का सहारा लेने का फैसला किया.
पिता बनाम बेटा और बीच में AI!
शुरुआत में पिता ने टीवी में पहले से मौजूद सवाल-जवाब वाले फीचर का इस्तेमाल किया. उन्हें लगा कि इससे बेटा पढ़ाई भी कर लेगा और टीवी भी देख सकेगा. लेकिन बेटा भी कम होशियार नहीं निकला. उसने जल्द ही उस फीचर से बचने का तरीका ढूंढ लिया. इसके बाद पिता ने टीवी को एक स्मार्ट प्लग से जोड़ दिया, ताकि तय समय पर उसकी बिजली अपने आप बंद हो जाए. मगर बेटे ने इस तरीके का भी तोड़ निकाल लिया. उसने स्मार्ट प्लग का कनेक्शन ही हटा दिया और आराम से टीवी देखने लगा.
जब पुराने सभी तरीके फेल हो गए, तो अक्टूबर में पिता ने AI ऐप की मदद लेने का फैसला किया. उन्होंने ऐप से ऐसा प्रोग्राम बनाने को कहा, जो टीवी देखते समय बेटे से पढ़ाई के सवाल पूछ सके. AI ने उन्हें ‘क्वेश्चन आंसरिंग की’ नाम का एक प्रोग्राम बनाने का सुझाव दिया. इसके बाद AI ने प्रोग्राम तैयार किया और पिता ने भी उसकी मदद से इसमें कुछ बदलाव किए. आखिर में इसे टीवी में इंस्टॉल कर दिया गया. अब इस सिस्टम का नियम काफी दिलचस्प है. बेटा जैसे ही टीवी पर कोई प्रोग्राम देखना शुरू करता है, हर 10 मिनट बाद स्क्रीन पर एक सवाल आ जाता है. ये सवाल चीनी भाषा, गणित और अंग्रेजी जैसे विषयों से जुड़े होते हैं. खास बात यह है कि सवाल बेटे की स्कूल में चल रही पढ़ाई के हिसाब से तैयार किए जाते हैं.
अगर बेटा गलत जवाब देता है, तो उसे एक और सवाल हल करना पड़ता है. जब तक वह सही जवाब नहीं देता, तब तक उसका पसंदीदा टीवी प्रोग्राम आगे नहीं बढ़ सकता. यानी अब टीवी देखने के लिए पढ़ाई से होकर गुजरना जरूरी हो गया है. पिता ने बताया कि उन्हें सबसे ज्यादा हैरानी इस बात की हुई कि उनका बेटा इस नए सिस्टम से परेशान होने के बजाय सवालों के जवाब देने में दिलचस्पी लेने लगा है. अब वह इस सिस्टम को और बेहतर बनाने के साथ-साथ सवालों का स्तर भी मुश्किल करने की योजना बना रहे हैं.
यह भी पढ़ें: AI कैमरे का गजब कारनामा! 1 KM ज्यादा स्पीड पर 2000 का चालान, लोकेशन देख माथा पकड़ लेंगे आप
हालांकि, पिता का मकसद बेटे को टीवी से पूरी तरह दूर करना नहीं है. वह चाहते हैं कि टीवी देखना सिर्फ मनोरंजन तक सीमित न रहे, बल्कि पढ़ाई का एक मजेदार हिस्सा भी बन जाए. उनका कहना है कि यह उनके और बेटे के बीच एक तरह का गेम बन गया है. बेटा इस सिस्टम को चकमा देने के नए तरीके खोजेगा और वह उन कमियों को ठीक करने की कोशिश करेंगे. पिता के मुताबिक, इस पूरी प्रोसेस में दोनों को कुछ नया सीखने का मौका मिलेगा. उन्होंने यह भी कहा कि अगर उनका बेटा इस सिस्टम की चुनौतियों से निपटने के लिए खुद कोई नया तरीका खोज लेता है, तो उन्हें इससे भी खुशी होगी.




