अजब-गजब

न सोने की चिंता, न कीमत की परवाह! जापान गई CA सिर्फ तकिए के लिए उड़ा दिए 40 हजार

जापान घूमने गई एक भारतीय चार्टर्ड अकाउंटेंट इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा में हैं. इसकी वजह कोई महंगी शॉपिंग या लग्जरी होटल नहीं, बल्कि उनका 40 हजार रुपये का एक खास तकिया है. जी हां, आपने सही पढ़ा! आमतौर पर लोग तकिया खरीदते समय उसकी कीमत और आराम देखते हैं, लेकिन इस महिला ने अपनी नींद और गर्दन के दर्द को ध्यान में रखते हुए एक कस्टमाइज्ड तकिया खरीदा है. उनका मानना है कि अच्छी नींद के लिए किया गया यह खर्च उनके लिए किसी अच्छे निवेश से कम नहीं है.

दरअसल, भारतीय चार्टर्ड अकाउंटेंट विपंदीप कौर (Vipandeep Kaur) हाल ही में जापान की यात्रा पर गई थीं. इस दौरान उन्होंने वहां के मशहूर बेडिंग ब्रांड निशिकावा (Nishikawa) से यह खास तकिया बनवाया. इसके लिए उन्होंने करीब 40 हजार रुपये खर्च किए. यह तकिया उन्हें निहोनबाशी (Nihonbashi) स्थित करीब 400 साल पुरानी दुकान से मिला. उन्होंने 4 नवंबर को इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर करते हुए अपने इस अनोखे एक्सपीरियंस के बारे में बताया.

आखिर कैसे तैयार किया जाता है यह खास तकिया?

विपंदीप ने अपने पोस्ट में बताया कि इस दुकान पर ग्राहकों के लिए तकिया खरीदने का तरीका काफी अलग है. यहां किसी भी ग्राहक को सीधे तैयार तकिया नहीं थमा दिया जाता, बल्कि पहले उसकी जरूरतों को समझा जाता है. इसके लिए एक्सपर्ट्स सबसे पहले ग्राहक की गर्दन की पोजीशन और बॉडी पोस्चर की जांच करते हैं. इसके बाद उन्हें अलग-अलग तरह के फैब्रिक के बारे में बताया जाता है, ताकि उनकी जरूरत के हिसाब से सही कपड़ा चुना जा सके.

इसके बाद असली प्रक्रिया शुरू होती है. ग्राहक को अलग-अलग ऊंचाई वाले तकियों पर लेटकर देखने के लिए कहा जाता है. इस दौरान एक्सपर्ट्स यह समझने की कोशिश करते हैं कि व्यक्ति किस पोजीशन में सोता है और उसकी गर्दन को किस ऊंचाई पर सबसे ज्यादा आराम मिलता है.

सभी जरूरी माप और जांच पूरी होने के बाद ग्राहक के शरीर और सोने के तरीके के हिसाब से तकिया तैयार किया जाता है. विपंदीप ने यह भी बताया कि उनके तकिए में ब्लैक बिनचोटन चारकोल पाइप बीड्स (Black Binchotan Charcoal Pipe Beads) भरे गए हैं. इनका इस्तेमाल तकिए को सपोर्ट और आराम देने के लिए किया जाता है.

आखिर 40 हजार रुपये खर्च करने की क्या है वजह?

विपंदीप ने बताया कि पहले उन्होंने कभी अपनी नींद को इतनी गंभीरता से नहीं लिया था. लेकिन जैसे-जैसे उनकी उम्र बढ़ रही है, उन्हें नींद से जुड़ी परेशानियां महसूस होने लगी हैं. उनका काम भी काफी व्यस्त रहता है. लंबे समय तक लैपटॉप पर काम करना और लगातार मोबाइल फोन का इस्तेमाल करना उनकी गर्दन पर असर डाल रहा है. इसी वजह से उन्हें गर्दन में दर्द की शिकायत भी होने लगी है. उन्होंने अपने पोस्ट में बताया कि वह हमेशा से सोना पसंद करती हैं, इसलिए अब अच्छी नींद के लिए कुछ पैसे खर्च करना उन्हें गलत नहीं लगता.

विपंदीप ने कहा कि मैंने अपनी जिंदगी में कभी नींद पर इतना ध्यान नहीं दिया. लेकिन जैसे-जैसे मेरी उम्र बढ़ रही है, मेरी नींद खराब होती जा रही है. पूरे दिन लैपटॉप और मोबाइल इस्तेमाल करने की वजह से मेरी गर्दन पर भी असर पड़ा है. हालांकि, मुझे सोना बहुत पसंद है. इसलिए मेरे लिए यह एक अच्छा निवेश है. उन्हें उम्मीद है कि यह कस्टमाइज्ड तकिया उनकी गर्दन को बेहतर सपोर्ट देगा, दर्द कम करने में मदद करेगा और उनकी नींद पहले से ज्यादा आरामदायक बनाएगा.

यह भी पढ़ें: मुस्लिम टीचर ने गाया छठी मैया का गीत, वीडियो देख लोग बोले- मोहब्बत का कोई धर्म नहीं होता

विपंदीप की 40 हजार रुपये के तकिए वाली पोस्ट सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों के बीच चर्चा शुरू हो गई. कुछ यूजर्स ने उनकी पसंद की तारीफ की और कहा कि अच्छी नींद के लिए पैसा खर्च करना बिल्कुल सही है. वहीं, कुछ लोगों को एक तकिए पर इतनी बड़ी रकम खर्च करना काफी ज्यादा लगा.

यहां देखिए वीडियो

Instagram पर यह पोस्ट देखें

CA Vipandeep Kaur (@soultravel_vipan) द्वारा साझा की गई पोस्ट

Related Articles

Back to top button