स्पैम कॉल और फर्जी मैसेज पर TRAI का बड़ा एक्शन, 1.24 लाख नंबरों पर लगाया बैन, 374 कंपनियां हुईं ब्लैकलिस्ट!

अगर आप भी दिनभर आने वाले अनचाहे कॉल और प्रमोशनल मैसेज से परेशान हो चुके हैं, आपके लिए राहत भरी खबर है. टेलीकॉम रेगुलेटरी अथॉरिटी ऑफ इंडिया यानी TRAI ने स्पैम कॉल और मैसेज करने वाले लोगों के लिए अपनी कार्रवाई और भी तेज कर दी है. TRAI के इस एक्शन से स्पैम कॉल-मैसेज करने वाले लोगों की मुसीबत बढ़ गई है. जुलाई से सितंबर 2026 के बीच स्पैम कॉल और मैसेज से जुड़े नियमों को न मानने वाले 1.24 लाख से ज्यादा टेलीकॉम नंबरों पर रोक लगा दी है. सिर्फ इतना ही ही नहीं, इसके साथ ही 374 कंपनियों को एक साथ पूरे साल भर के लिए ब्लैकलिस्ट कर दिया गया है. सबसे खास बात है कि एक साल तक ये कंपनियां नए टेलीकॉम नंबर या दूसरी सुविधाएं भी नहीं ले सकेंगी.
TRAI की फाइनेंशियल ईयर 2026-27 की दूसरी तिमाही की रिपोर्ट के अनुसार, पहली बार नियमों का पालन न करने वाले 1,10,325 मोबाइल नंबर और दूसरे टेलीकॉम कंपनियों की आउटगोइंग सर्विस 15 दिनों के लिए बंद कर दी हैं. वहीं, लगातार नियमों का पालन न करने वाले 13,777 नंबरों को एक साल के लिए डिस्कनेक्ट कर दिया गया. साथ ही 3,725 SMS हेडर भी ब्लॉक कर दिए गए हैं.
स्पैम कॉल और मैसेज की 15.29 लाख शिकायतें
रिपोर्ट के अनुसार, जुलाई से सितंबर के बीच TRAI को अनचाहे कमर्शियल कॉल और मैसेज को लेकर कुल 15.29 लाख शिकायतें प्राप्त हुईं. जिनमें से 7.23 लाख शिकायतों को कार्रवाई के योग्य पाया गया. ट्राई की रिपोर्ट में एक बात और निकलकर सामने आई कि लोग स्पैम कॉल और मैसेज की शिकायत करने के लिए सबसे ज्यादा TRAI के DND ऐप का इस्तेमाल कर रहे हैं. कुल शिकायतों में से 14.21 लाख शिकायतें DND ऐप पर ही रजिस्टर्ड की गई हैं. परसेंट की बात करें तो करीब 92.9% शिकायतें इसी ऐप्स से मिलीं. वहीं बात करें इस ऐप के यूजर की तो सितंबर 2026 तक इस ऐप्स के यूजर की संख्या 42.36 लाख हो गई थी.
स्पैम कॉल और मैसेज पर नजर रखने के लिए टेलीकॉम कंपनियां भी AI वाले सिस्टम का इस्तेमाल कर रही हैं. इन सिस्टम ने तिमाही के दौरान 19.9 अरब कॉल और SMS को संदिग्ध स्पैम के रूप में पहचाना. जिसमें 18.28 अरब कॉल और 1.62 अरब SMS शामिल थे. इसके साथ ही संदिग्ध स्पैम भेजने वाली संस्थाओं को 45.9 लाख से ज्यादा चेतावनी नोटिफिकेशन भी भेज दिए गए हैं.
प्रमोशनल और जरूरी कॉल के लिए अलग नंबर सीरीज
TRAI ने लोगों को प्रमोशनल कॉल और जरूरी सर्विस कॉल के बीच अंतर समझाने के लिए अलग-अलग नंबर सीरीज भी फिक्स कर दी है. अब प्रमोशनल कॉल के लिए 140 सीरीज का प्रयोग किया जाता है, वहीं बैंकिंग, पैसे से जुड़ी दूसरी सर्विस, बीमा और सरकारी सर्विस से जुड़ी जरूरी कॉल के लिए 1600 सीरीज तय की गई है. इसके साथ ही 10 अगस्त को 1601 नंबर सीरीज की भी शुरुआत हो गई है, जिसका इस्तेमाल यूटिलिटी, लॉजिस्टिक्स और डिलीवरी कंपनियां सर्विस से जुड़े कॉल करने के लिए करेंगी.
TRAI की रिपोर्ट के मुताबिक इस दौरान 140 सीरीज से 15.27 अरब प्रमोशनल कॉल किए गए. इनमें से 1.70 अरब कॉल को यूजर्स की DND प्राथमिकताओं की जांच के बाद ब्लॉक कर दिया गया. वहीं, रजिस्टर्ड टेलीमार्केटर्स के 11.09 अरब प्रमोशनल SMS भी ब्लॉक किए गए.
ये भी पढे़ंः BSNL का नया ऑफर! 12 महीने के रिचार्ज पर 1 महीने का इंटरनेट और 25 से ज्यादा OTT ऐप्स बिल्कुल Free, ये रही डिटेल्स
ये भी पढे़ंः आपके कहने पर सामान खरीदेगा AI, बस एक मंजूरी की होगी जरूरत; OpenAI ने पेश किया ChatGPT Wallet




