उत्तर प्रदेश

संदीप-सौरभ की सगाई में पहुंचे CM योगी, दिया आशीर्वाद

अलीगढ़: पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के परिवार में दोहरी खुशियों का माहौल है। उनके नाती और उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री संदीप सिंह की मेघना के साथ और उनके छोटे भाई सौरभ सिंह की अंतरा के साथ सगाई का भव्य समारोह अलीगढ़ के तालानगरी मैदान में आयोजित किया गया। समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी शामिल हुए और दोनों जोड़ों को आशीर्वाद दिया।

शिक्षा मंत्री संदीप सिंह और उनके भाई सौरभ सिंह समारोह स्थल पर पहुंचे तो उनका धूमधाम से स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मेरठ से हेलीकॉप्टर के जरिए अलीगढ़ पहुंचे। हेरिटेज इंटरनेशनल स्कूल मैदान में हेलीकॉप्टर उतरने के बाद वह कार्यक्रम स्थल पहुंचे। यहां उन्होंने दोनों भाइयों और उनकी होने वाली जीवनसंगिनियों को शुभकामनाएं दीं। इसके बाद मुख्यमंत्री आगरा के लिए रवाना हो गए।

250 गांवों में भेजा गया न्योता

सगाई समारोह की तैयारियां बड़े स्तर पर की गई थीं। अतरौली विधानसभा क्षेत्र के करीब 250 गांवों तक निमंत्रण पहुंचाया गया। अलीगढ़ के अलावा आसपास के जिलों से भी बड़ी संख्या में लोगों के आने की संभावना थी। इसे देखते हुए मैदान में विशाल पंडाल और भोजन की व्यवस्था की गई।

सुरक्षा व्यवस्था के लिए कार्यक्रम स्थल और आसपास पुलिस बल तैनात रहा। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड की गाड़ियां भी मौके पर रखी गईं।

आम लोगों के लिए सजा पकवानों का पंडाल

समारोह में आने वाले आम लोगों के लिए कई तरह के व्यंजनों की व्यवस्था की गई। संत फिदेलिस स्कूल के पास हलवाई लगातार भोजन तैयार करते नजर आए। मेन्यू में सफेद रसगुल्ला, गाजर का हलवा, गुलाब जामुन, मटर पनीर, दाल मखनी, चने की सब्जी, काशीफल, मिक्स वेज, पुलाव, रायता और आइसक्रीम जैसे पकवान शामिल रहे।

खास मेहमानों के लिए 101 आइटम

कैटरिंग संचालक विवेक प्रेमी ने बताया कि वीआईपी और वीवीआईपी मेहमानों के लिए विशेष मेन्यू तैयार किया गया। इसमें 11 सब्जियां और छह मिठाइयों के साथ रसमलाई, पास्ता, नूडल्स, चाइनीज व्यंजन और घेवर समेत कुल 101 तरह के आइटम रखे गए। समारोह में भोजन और मेहमानों के स्वागत के लिए विशेष इंतजाम किए गए थे।

Related Articles

Back to top button