अजब-गजब

चलती ट्रेन के AC-2 कोच में महिला से लूटपाट! धक्का देकर सोने का हार और पासपोर्ट छीन ले गया चोर

ट्रेन के AC कोच में सफर करते वक्त हम अक्सर खुद को सुरक्षित महसूस करते हैं, लेकिन हाल ही में सामने आई एक घटना ने इस भरोसे को बुरी तरह हिला दिया है. हावड़ा से जमालपुर जा रही ट्रेन नंबर 13071 के AC 2-टियर कोच (A1, सीट नंबर 51) में सफर कर रही एक महिला यात्री के साथ साहिबगंज के पास लूटपाट की खौफनाक वारदात हुई. इस घटना के बाद महिला इतनी सहम गई कि सोशल मीडिया पर अपना दर्द बयां करते हुए वह फूट-फूटकर रोने लगी.

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर @furrymomneeds नाम के अकाउंट से एक वीडियो शेयर किया गया है, जिसमें पीड़ित महिला अपनी आपबीती सुना रही हैं. उनके मुताबिक, रात के समय जब ट्रेन साहिबगंज के करीब थी, तब एक चोर कोच में घुसा और उनका बैग खींचने लगा. महिला ने अपना सामान बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन आरोपी ने उन्हें जोर से धक्का दे दिया. इस धक्के की वजह से वह नीचे गिर गईं और उन्हें चोट भी आई, जबकि चोर उनका बैग लेकर मौके से फरार हो गया. बैग में सोने का हार, पासपोर्ट, जरूरी आईडी कार्ड्स और अन्य कीमती सामान रखा था.

प्रीमियम कोच में चोरों का आतंक!

महिला ने वीडियो में रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं. उनका कहना है कि घटना के वक्त पूरे AC कोच में एक भी सुरक्षाकर्मी मौजूद नहीं था और उन्हें शिकायत दर्ज कराने या मदद मांगने के लिए काफी भटकना पड़ा. उन्होंने यह भी दावा किया कि ऐसी ही चोरी की वारदात ट्रेन के 4 से 5 अन्य डिब्बों में भी हुई है. गुस्से और बेबसी के बीच महिला ने सवाल किया, “आखिर इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा? हम इतने महंगे टिकट क्यों बुक करते हैं, जब AC-2 कोच में भी यही हाल है? क्या रात में सफर करने वाली एक लड़की की यही सुरक्षा है?”

वीडियो वायरल होने के बाद रेलवे सेवा के आधिकारिक हैंडल से तुरंत प्रतिक्रिया आई. रेलवे ने महिला से जांच और त्वरित कार्रवाई के लिए डायरेक्ट मैसेज (DM) के जरिए अपना PNR नंबर और मोबाइल नंबर शेयर करने का अनुरोध किया है. हालांकि, इस घटना ने सोशल मीडिया पर एक बड़ी बहस छेड़ दी है. कई यूजर्स ने ट्रेन में बढ़ती चोरी की घटनाओं पर चिंता जताई है. एक यूजर ने लिखा कि झारखंड के साहिबगंज इलाके में इस रूट पर खासकर सुबह के समय ऐसी घटनाएं आम हो गई हैं और चोरों के निशाने पर ज्यादातर AC कोच ही रहते हैं.

यह भी पढ़ें: पीछे से मौत बनकर आ रही थी तेज रफ्तार कार, Tesla ने आखिरी पल में लिया ऐसा फैसला कि बच गई जान!

वहीं, कुछ लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था सुधारने के सुझाव भी दिए. एक अन्य यूजर ने मांग की कि सभी ट्रेनों में तुरंत CCTV कैमरे लगाए जाएं, हर 3 कोच पर महिला और पुरुष कांस्टेबल तैनात हों और पुलिस से सीधे संपर्क करने के लिए हर डिब्बे में इंटरकॉम की सुविधा दी जाए.

यहां देखिए वीडियो

Related Articles

Back to top button