एक आदेश और काम तमाम, ऑफिस में दस्तक दे रहा Agentic AI

Agentic AI: अब तक कंप्यूटर या मोबाइल पर एआई (AI) से कोई काम कराने के लिए आपको स्टेप-बाय-स्टेप निर्देश देना पड़ता था. जैसे ईमेल लिखना हो या रिपोर्ट छोटी करनी हो. लेकिन अब दुनिया एजेंटिक एआई (Agentic AI) की तरफ बढ़ रही है. 17 से 19 नवंबर 2026 को होने वाले ‘बेंगलुरु टेक समिट 2026’ में भी इसी टेक्नोलॉजी की चर्चा है. ये सिर्फ सवालों के जवाब देने वाला चैटबॉट नहीं, बल्कि एक डिजिटल वर्कर जैसा है, जिसे आप बस अपना मकसद बता दें तो वो हर स्टेप खुद ही कर काम पूरा कर देगा.
एक हुक्म और कई काम अपने आप
जैसे दिल्ली की किसी कंपनी में काम करने वाले अमित को पांच लोगों की टीम के साथ अगले हफ्ते लंदन जाना है. उसे अपने एआई एजेंट को बस इतना ही बताना है कि ट्रैवल की पूरी तैयारी कर दो. एजेंट टीम मेंबर्स के कैलेंडर चेक करेगा, फ्लाइट और होटल ऑप्शन सर्च करेगा, मीटिंग टाइम डिसाइड करेगा और वेदर के हिसाब से पैकिंग लिस्ट भी ईमेल कर देगा. बस टिकट बुक करने और पेमेंट करने से पहले उसे अमित की परमिशन चाहिए.
चैटजीपीटी और एजेंटिक एआई में अंतर
चैटजीपीटी जैसे एआई को आप अपने जानकार दोस्त की तरह समझ सकते हैं कि आप पूछें खाना कैसे बनता है, तो वो रेसिपी बता देगा, लेकिन खाना आपको ही बनाना होगा. जबकि एजेंटिक एआई इंग्रीडिएंट्स जुटाने से लेकर खाना तैयार करने तक की जिम्मेदारी संभाल सकता है.
ऑफिस में भी ये अंतर साफ समझ आएगा, क्योंकि सेल्स रिपोर्ट बनाने के लिए जनरल एआई तरीका बताएगा, जबकि एजेंटिक एआई अलग-अलग फाइलों से डेटा कलेक्ट कर हिसाब करेगा, घाटा-मुनाफा जोड़कर चार्ट बनाएगा और परमिशन मिली तो रिपोर्ट ईमेल भी कर सकेगा.
तेजी से बढ़ता मार्केट
मार्केट रिसर्च एजेंसी Mordor Intelligence की अक्टूबर 2026 की रिपोर्ट बताती है कि दुनिया में एजेंटिक एआई का कारोबार 2026 में करीब 9.89 अरब डॉलर तक पहुंच गया है. इसके सालाना 42 प्रतिशत से ज्यादा की दर से बढ़ने का अनुमान है.
McKinsey के अगस्त 2026 के सर्वे में 40 प्रतिशत बड़ी कंपनियों ने माना कि वो अपने कामकाज में एआई एजेंट्स का बड़े पैमाने पर यूज करती हैं. सर्वे में शामिल 80 प्रतिशत लोग मानते हैं कि इससे वर्क स्पीड बढ़ी है. Gartner का अनुमान है कि 2026 के अंत तक ऑफिस में इस्तेमाल होने वाले 40 प्रतिशत सॉफ्टवेयर और ऐप्स में एआई एजेंट जुड़ जाएंगे. EY की रिपोर्ट कहती है कि भारत में 58 फीसदी नेशनल और इंटरनेशनल ऑफिस इस टेक्नोलॉजी में इन्वेस्ट कर चुके हैं.
नौकरियों पर बढ़ेगा दबाव?
एआई एजेंट कई लोगों का काम मिनटों में कर सकता है, इसलिए जॉब्स की चिंता बढ़ेगी. डेटा एंट्री, कस्टमर केयर और नॉर्मल कोडिंग जैसे कामों पर इसका इम्पैक्ट पड़ सकता है.
एआई एक्सपर्ट अभिषेक निगम कहते हैं, “कंपनियों में नौकरियां कम होनी शुरू हो गई हैं और इसका असर दिखने भी लगा है. इस साल कई कंपनियों ने कर्मचारियों की छंटनी शुरू कर दी है. एक बड़ी वजह AI को बताया जा रहा है. आने वाले समय में AI का जॉब्स पर बहुत असर पड़ेगा.”
गलती हुई तो जिम्मेदार कौन?
एआई एजेंट को जितने ज्यादा राइट्स मिलेंगे, उसके गलत फैसले का रिस्क भी उतना ही बढ़ेगा. वो गलत ईमेल भेज दे या फाइनेंशियल लेनदेन में गलती कर दे तो कौन रिस्पॉन्सिबल होगा? अभिषेक निगम कहते हैं, “जब कोई AI एजेंट सही तरीके से काम नहीं करता या उससे कोई गलती होती है, तो अंततः उसकी जिम्मेदारी कंपनी पर ही आती है. फिलहाल इसको लेकर नियम-कानून बनाए जा रहे हैं. दुनिया के बड़े-बड़े देशों में भी AI एजेंट की जवाबदेही पर स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं है. कई मामले अभी ग्रे एरिया में हैं.
एक बड़ा सवाल यह भी है कि अगर एक कंपनी AI एजेंट बनाती है और दूसरी कंपनी उसका इस्तेमाल करती है, तो गलती होने पर जिम्मेदारी किसकी होगी? क्या जवाबदेही उस कंपनी की होगी जो एजेंट का इस्तेमाल कर रही है या उस कंपनी की जिसने उसे बनाया है? अभी इसको लेकर भी स्पष्टता नहीं है.”
छोटे कारोबारों के लिए अवसर, लेकिन खर्च पर नजर जरूरी
एजेंटिक एआई सिर्फ बड़ी कंपनियों तक सीमित नहीं है. छोटे और मझोले कारोबार भी इसका यूज कस्टमर सर्विस, मार्केटिंग और ऑर्डर मैनेजमेंट जैसे कामों में कर सकते हैं. लेकिन इसकी लागत इस बात पर निर्भर करती है कि टूल्स का इस्तेमाल कितना समझदारी से किया जा रहा है.
अभिषेक निगम कहते हैं, “MSME सेक्टर में AI टूल्स के इस्तेमाल की लागत काफी कम हो सकती है. अगर किसी छोटे या मझोले कारोबार को इन टूल्स का सही इस्तेमाल करना आता है, तो वह कम खर्च में भी इनका फायदा उठा सकता है. यहां तक कि छोटे कारोबारी और व्यक्तिगत स्तर पर काम करने वाले लोग भी आसानी से इसका खर्च उठा सकते हैं. लेकिन अगर AI टूल्स का इस्तेमाल करना नहीं आता, तो बड़ी-बड़ी कंपनियों के लिए भी इनका खर्च संभालना मुश्किल हो सकता है.
इसका उदाहरण Uber का है. कुछ समय पहले Uber ने Anthropic के Claude AI के टोकन खरीदे थे, लेकिन सिर्फ चार महीने में ही उसका पूरे साल का बजट खत्म हो गया. इसकी वजह AI एजेंट और टूल्स का इस्तेमाल करने का तरीका था.
इसलिए AI का खर्च इस बात पर निर्भर करता है कि आप उसका इस्तेमाल कैसे कर रहे हैं और आपको टेक्नोलॉजी की कितनी समझ है. सही इस्तेमाल करने पर AI छोटे कारोबारों के लिए बड़ा अवसर साबित हो सकता है. MSME सेक्टर के लिए जरूरी है कि वे इस टेक्नोलॉजी को समझें और अपने फायदे के लिए इसका इस्तेमाल करना सीखें.”
आंख मूंदकर भरोसा करना पड़ सकता है भारी
Deloitte की 2026 की रिपोर्ट के मुताबिक, सिर्फ 21 प्रतिशत कंपनियों के पास एआई एजेंट्स को कंट्रोल करने के पुख्ता नियम हैं. बैंक अकाउंट, ईमेल और जरूरी फाइलों तक पहुंच मिलने पर एजेंट की एक गलती बड़ा नुकसान कर सकती है. Gartner ने चेताया है कि सही निगरानी और उपयोगिता के अभाव में 2027 तक 40 प्रतिशत से ज्यादा एआई एजेंट प्रोजेक्ट बीच में बंद हो सकते हैं. यानी एआई अब सिर्फ जवाब देने वाला टूल नहीं रहेगा, बल्कि काम की जिम्मेदारी भी संभालेगा. लेकिन उसे काम सौंपने के साथ उसकी निगरानी और जवाबदेही तय करना भी जरूरी होगा.




