मनोरंजन

2 फ्लैट, सोने-चांदी और 1.77 Cr की FD… एक्ट्रेस निम्मी के निधन के बाद केयरटेकर ने हड़पी करोड़ों की संपत्ति, केस दर्ज

बॉलीवुड में गुजरे जमाने की मशहूर एक्ट्रेस निम्मी के निधन के 6 साल बाद उनके साथ बड़ी धोखाधड़ी का मामला सामने आया है. जुहू में स्थित उनके 7-8 करोड़ रुपये के दो फ्लैट्स पर कब्जा करने की कोशिश का आरोप है. इसके अलावा बैंक खातों से करोड़ों रुपये की हेराफेरी का भी दावा है. अभिनेत्री के एक रिश्तेदार ने उनके लंबे समय तक केयरटेकर रहे असरार अहमद शेख पर बैंक खातों से करोड़ों रुपये की रकम निकालने और जुहू स्थित दो फ्लैट हड़पने की कोशिश करने का आरोप लगाया है. इस शिकायत के आधार पर मुंबई के सांताक्रूज पुलिस स्टेशन में आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी, विश्वासघात और जालसाजी समेत कई धाराओं में FIR दर्ज की गई है.

11 नवंबर को मोहम्मद यूनुस सलीम दुर्रानी ने शिकायत दर्ज कराई. दुर्रानी का दावा है कि वे अभिनेत्री निम्मी के रिश्तेदार हैं और उनकी बहू सलमा नेल्दी परवीन की ओर से पावर ऑफ अटॉर्नी के आधार पर यह शिकायत कर रहे हैं.

FIR में क्या है?

एफआईआर के मुताबिक असरार अहमद शेख कई सालों से अभिनेत्री निम्मी और उनके पति अली रजा के यहां घरेलू सहायक और केयरटेकर के तौर पर काम कर रहा था. साल 2007 में अली रजा के निधन के बाद निम्मी अकेले रहने लगी थीं. बढ़ती उम्र और स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों के चलते उन्होंने केयरटेकर असरार शेख के साथ संयुक्त बैंक खाते खुलवाए थे. इसके बाद से ही असरार एक्ट्रेस के वित्तीय लेन-देन और पैसों से जुड़े मामलों को संभालता था.

जुहू में 2 फ्लैट, बैंक में 1.77 करोड़ की एफडी पर कब्जा

जानकारी के मुताबिक निम्मी और उनके पति ने जुहू तारा रोड स्थित नेहा अपार्टमेंट में बी-31 और बी-32 नंबर के दो फ्लैट्स खरीदे थे. इसके साथ उनके पास पार्किंग की जगह भी थी. दोनों फ्लैट्स अभिनेत्री के नाम पर ही पंजीकृत थे. इसके अलावा उनके पास सोने-चांदी के आभूषण, मारुति सुज़ुकी सिआज कार और भारतीय स्टेट बैंक तथा सारस्वत बैंक में करीब 1.77 करोड़ रुपये की जमा एफडी भी थी. निधन से पहले निम्मी ने वसीयत तैयार की थी, जिसमें गुरपाल सिंह, हरबंस सिंह सचर को वसीयत का निष्पादक नियुक्त किया गया था. वसीयत के अनुसार अभिनेत्री ने अपनी बैंक जमा राशि, दोनों फ्लैट्स, आभूषण, पार्किंग और अन्य संपत्तियां अपने गोद लिए हुए बेटे अली सैयद परवेज और परिवार के सदस्यों के नाम की थीं. हालांकि दिसंबर 2020 में अली सैयद परवेज का भी ब्रिटेन में निधन हो गया. उनके परिवार में पत्नी सलमा नेल्दी परवीन और तीन बच्चे हैं.

केयरटेकर पर बैंक खाते खाली करने का आरोप

शिकायतकर्ता का आरोप है कि निम्मी के निधन के बाद केयरटेकर ने उनकी संपत्तियों और बैंक में जमा रकम का कथित तौर पर गलत इस्तेमाल किया. आरोप है कि उसने एफडी की रकम का दुरुपयोग किया और अभिनेत्री की कार को कबाड़ के रूप में बेचकर मिली रकम भी अपने निजी इस्तेमाल में लगाया. परिवार का यह भी आरोप है कि केयरटेकर वसीयत की जानकारी साझा करने को तैयार नहीं था. इसके बाद परिवार ने बॉम्बे हाईकोर्ट का रुख किया और वसीयत की जानकारी हासिल करने के लिए जनहित याचिका (PIL) दायर की. परिवार के मुताबिक वसीयत सामने आने के बाद उन्हें अभिनेत्री की संपत्ति और वित्तीय निवेश के बारे में जानकारी मिली.

शिकायतकर्ता का दावा क्या है?

शिकायतकर्ता मोहम्मद यूनुस सलीम दुर्रानी ने दावा किया है कि जुहू के दोनों फ्लैट फिलहाल बंद पड़े हैं जिनकी कीमत करीब 6 साल पहले 7 से 8 करोड़ रुपये आंकी गई थी. उनका आरोप है कि केयरटेकर इन फ्लैट्स को बेचकर रकम आपस में बांटने का प्रस्ताव लेकर भी आया था. लेकिन उन्होंने इस प्रस्ताव को ठुकरा दिया था. फिलहाल वसीयत से जुड़े प्रोबेट की कार्यवाही बॉम्बे हाईकोर्ट में लंबित है. शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि इसके बावजूद केयरटेकर अभिनेत्री की संपत्तियों के साथ अवैध रूप से लेन-देन करने की कोशिश कर रहा है.

ये भी पढ़ें- एक-दो नहीं, चेतन हंसराज ने रामायण में निभाए पूरे 7 रोल, कहा- 4 हजार लोगों ने मेरे सीक्वेंस पर काम किया

किन धाराओं में मामला दर्ज?

सांताक्रूज पुलिस ने असरार अहमद शेख के खिलाफ IPC की धारा 404 (मृत व्यक्ति की संपत्ति का गबन), 406 (आपराधिक विश्वासघात), 420 (धोखाधड़ी), 465 (जालसाजी), 467 (वसीयत और मूल्यवान दस्तावेजों की जालसाजी), 468 (धोखाधड़ी के उद्देश्य से जालसाजी) और 472 (जाली दस्तावेज को असली के रूप में इस्तेमाल करने से संबंधित प्रावधान) के तहत मामला दर्ज किया है. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है. जांच के दौरान आरोपों की पुष्टि करने के साथ ही कथित वित्तीय अनियमितताओं और संपत्ति से जुड़े लेन-देन की पड़ताल की जाएगी. फिलहाल आरोपी असरार अहमद शेख की ओर से इस मामले में कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.

कौन थीं एक्ट्रेस निम्मी?

निम्मी की बात करें तो वे हिंदी सिनेमा की जानी-मानी अभिनेत्रियों में शुमार थीं. उनका असली नाम नवाब बानो था. 1940 और 1950 के दशक में उन्होंने हिंदी फिल्मों में अपनी अलग पहचान बनाई थी. राज कपूर और दिलीप कुमार जैसे दिग्गज अभिनेताओं के साथ उन्होंने कई फिल्मों में काम किया. अपने अभिनय और खूबसूरती के दम पर उन्होंने उस दौर में दर्शकों के बीच खास लोकप्रियता हासिल की थी. साल 2020 में कोरोना महामारी के दौरान उनका निधन हो गया था.

Related Articles

Back to top button