Apple Server Down:आईफोन बनाने वाली कंपनी का सर्वर क्रैश, क्या कंपनी पर हुआ साइबर हमला?

Apple Outage: आईफोन बनाने वाली दिग्गज टेक कंपनी Apple के यूजर्स को मंगलवार को बड़ी परेशानी का सामना करना पड़ा. कंपनी की कई अहम कस्टमर सेवाएं अचानक बंद हो गईं. इस तकनीकी खराबी के बाद ये चर्चा शुरू हो गई कि कहीं कंपनी पर कोई साइबर हमला तो नहीं हुआ है. हालांकि Apple ने तुरंत साफ किया कि ये किसी साइबर अटैक का नतीजा नहीं है, बल्कि कंपनी के एक इंटरनल अपडेट की वजह से ये दिक्कत आई थी. कंपनी के मुताबिक अब ज्यादातर सिस्टम वापस ठीक कर लिए गए हैं.
किन सेवाओं पर पड़ा सबसे ज्यादा असर
आउटेज ट्रैक करने वाली वेबसाइट डाउनडिटेक्टर पर मंगलवार को शिकायतों की बाढ़ आ गई. यूजर्स को सबसे ज्यादा परेशानी आईक्लाउड (iCloud) में लॉग-इन करने में हुई. आईक्लाउड में ही लोगों की निजी तस्वीरें, जरूरी डॉक्यूमेंट्स जैसे अहम डेटा सेव रहते हैं, जिसे लोग एक्सेस नहीं कर पा रहे थे. इसके अलावा Apple पे (Apple Pay), Apple म्यूजिक, Apple कार्ड के साथ ऐप स्टोर की सेवाएं भी प्रभावित रहीं.
डाउनडिटेक्टर के आंकड़ों के मुताबिक, भारतीय समय के हिसाब से रात 10 बजकर 50 मिनट पर अमेरिका में Apple पे से जुड़ी करीब 2,300 शिकायतें दर्ज की गईं. वहीं आउटेज के पीक टाइम पर आईक्लाउड में दिक्कत की करीब 1,800 शिकायतें सामने आईं. फॉक्स बिजनेस को दिए बयान में Apple ने कहा कि सुबह हुए इंटरनल अपडेट के बाद आई रुकावट को काफी हद तक ठीक कर लिया गया है. बाकी बचे सिस्टम को भी जल्द से जल्द चालू करने का काम जारी है.
माइक्रोसॉफ्ट में भी आई थी बड़ी खराबी
Apple में आई ये रुकावट ऐसे समय में सामने आई है, जब पिछले एक हफ्ते से अलग-अलग जगहों पर तकनीकी खामियों की एक पूरी सीरीज देखने को मिली है. इसकी शुरुआत पिछले हफ्ते माइक्रोसॉफ्ट के ग्लोबल आउटेज से हुई थी. उस खराबी की वजह से दुनिया भर के बिजनेस, स्कूल के अलावा सरकारी एजेंसियों का कामकाज ठप हो गया था. माइक्रोसॉफ्ट का ये आउटेज पांच घंटे से ज्यादा समय तक चला. इसके पीक टाइम पर डाउनडिटेक्टर पर करीब 1.38 लाख शिकायतें दर्ज हुई थीं. इससे आउटलुक, टीम्स के साथ कंपनी की एआई सर्विस कोपायलट भी प्रभावित हुई थी. कंपनी ने बताया था कि बढ़े हुए लोड के कारण कई सर्वर अचानक बंद हो गए थे.
हवाई उड़ानों से लेकर बैंकिंग सिस्टम तक हुए प्रभावित
माइक्रोसॉफ्ट की घटना के ठीक दो दिन बाद 15 नवंबर को अमेरिका में हजारों उड़ानें रद्द या सस्पेंड कर दी गईं. फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) ने पुराने एयर ट्रैफिक कम्युनिकेशन उपकरणों में खराबी का हवाला देते हुए पूरे देश में उड़ानों को जमीन पर रोक दिया. अमेरिकी इतिहास में ऐसा तीसरी बार हुआ जब देशभर में उड़ानें रोकी गईं. पहली बार 11 सितंबर 2001 के आतंकी हमले के बाद ऐसा हुआ था, जबकि दूसरी बार 2023 में पायलटों के सेफ्टी नोटिफिकेशन सिस्टम में खराबी आने पर ये कदम उठाया गया था.
थैंक्सगिविंग की छुट्टियों से ठीक दो हफ्ते पहले हुई इस घटना से सैकड़ों यात्री एयरपोर्ट पर फंस गए. कुछ घंटों बाद चुनिंदा अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को केस-टू-केस आधार पर जाने की इजाजत दी गई. इसके अलावा सोमवार को यूनाइटेड एयरलाइंस की उड़ानें भी थोड़े समय के लिए रुकीं.
बैंकों में भी आउटेज देखने को मिला था
इसी तरह सोमवार को ही अमेरिका के बड़े बैंकों में भी आउटेज देखने को मिला. बैंक ऑफ अमेरिका, जेपी मॉर्गन चेस के अलावा यूएस बैंक के हजारों ग्राहक अपने ऑनलाइन अकाउंट इस्तेमाल नहीं कर पाए. मनी ट्रांसफर सर्विस जेल (Zelle) भी ठप रही. बताया गया कि जेपी मॉर्गन चेस में आई तकनीकी खराबी ने पूरे फाइनेंशियल सिस्टम को प्रभावित किया. इन सभी मामलों में कंपनियों ने साइबर अटैक की आशंका को पूरी तरह खारिज किया है.




