जामिया ने स्टूडेंट मेंटल हेल्थ के लिए शुरू किया वेलनेस कनेक्ट हेल्पलाइन ऐप, 40 वॉलंटियर्स भी चुने गए

जामिया मिल्लिया इस्लामिया ने छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य और भावनात्मक कल्याण को ध्यान में रखते हुए जामिया वेलनेस कनेक्ट हेल्पलाइन ऐप की शुरुआत की है. इसके साथ ही जामिया ने सोसाइटी फॉर द प्रमोशन ऑफ यूथ एंड मासेस (SPYM) के सहयोग से पीयर सपोर्ट वॉलंटियर प्रोग्राम की भी शुरूआत की है. इसके बाद से अब जामिया के छात्रों को समय पर आसानी से और गोपनीय तरीके से मानसिक स्वास्थ्य सहायता उपलब्ध हो सकेगी. इसके साथ ही अगर जरूरत होगी तो छात्रों को वॉलंटियर की तरफ से काउंसलिंग सुविधा भी दी जाएगी. इसके लिए 40 वॉलंटियर्स का चयन किया गया है.
जामिया में वेलनेस कनेक्ट हेल्पलाइन ऐप पीयर सपोर्ट वॉलंटियर प्रोग्राम का औपचारिक उद्घाटन कुलपति प्रो. मजहर आसिफ़ और कुलसचिव प्रो. मो. महताब आलम रिज़वी ने किया. आइए, इसके बारे में विस्तार से जानते हैं.
जामिया के विभागों और केंद्रों से 40 वॉलंटियर्स का चयन
जामिया ने अपने पीयर सपोर्ट वॉलंटियर्स प्रोग्राम के तहत 40 वॉलंटियर्स का चयन किया है, जिनका चयन जामिया के विभिन्न विभागों और केंद्रों से किया गया है. ये वॉलंटियर्स अपने faculty mentors के मार्गदर्शन में काम करेंगे. चुने गए वॉलंटियर्स को ट्रेनिंग दी गई है, जिससे वह अपने साथी छात्रों की मदद करने के लिए जरूरी कौशल, जानकारी, सहानुभूति और संवेदनशीलता हासिल कर सकें.
बिना पहचान बताए इस नंबर पर अपनी समस्या साझा कर सकेंगे स्टूडेंट
इस पहल की एक मुख्य विशेषता ‘जामिया वेलनेस कनेक्ट’ डिजिटल हेल्पलाइन है, जो व्हाट्सएप पर 9911266684 नंबर के जरिए उपलब्ध है. इसे इस तरह से डिज़ाइन किया गया है कि छात्र आसानी से, समझदारी से, पूरी गोपनीयता के साथ और सुविधाजनक तरीके से मदद ले सकें. तकनीक पर आधारित यह हेल्पलाइन अंग्रेजी, हिंदी और उर्दू यानी तीन भाषाओं में उपलब्ध है. इसमें छात्रों के लिए काउंसलिंग और मदद पाने की एक आसान तीन चरणीय प्रक्रिया है. यह प्लेटफॉर्म छात्रों की पहुंच, गोपनीयता, उनकी पसंद और उनके सम्मान (dignity) पर विशेष जोर देता है.
छात्र अपनी पसंद का कोई भी उपनाम इस्तेमाल करके मदद मांग सकते हैं. वे अपनी सुविधा और पसंद के अनुसार यह भी चुन सकते हैं कि वे किसी पुरुष काउंसलर से बात करना चाहते हैं या महिला काउंसलर से. साथ ही वे अपनी सुविधानुसार किसी भी समय मदद ले सकते हैं. इस हेल्पलाइन के जरिए छात्र अपनी चिंताओं को प्रशिक्षित ‘पीयर सपोर्ट वॉलंटियर्स’ के साथ साझा कर सकते हैं.इस हेल्पलाइन में पुलिस इमरजेंसी रिस्पॉन्स नंबर 112 तक पहुंचने की सुविधा भी शामिल है, जिससे छात्र जरूरत पड़ने पर आपातकालीन सहायता मांग सकते हैं.
140 छात्रों ने वॉलंटियर्स प्रोग्राम के लिए किया था आवेदन
जामिया की तरफ से जारी सूचना के अनुसार पीयर सपोर्ट वॉलंटियर्स प्रोग्राम अगस्त 2026 में आवेदन आमंत्रित किए गए थे. इसी कड़ी में प्रोग्राम के लिए 140 छात्रों ने आवेदन किया था. इसके बाद कड़ी चयन प्रक्रिया और अंतिम साक्षात्कार के बाद, केवल 40 छात्रों को पीयर सपोर्ट वॉलंटियर्स प्रोग्राम के लिए चुना गया है.




