मनोरंजन

श्रद्धा कपूर की Eetha रचेगी इतिहास? मिला ‘छावा’ डायरेक्टर का साथ, जानें क्यों है यह फिल्म खास

Eetha biographical film: करीब पंद्रह साल के अपने फिल्मी करियर में श्रद्धा कपूर फिलहाल अपने सबसे स्पेशल टाइम में है. श्रद्धा की पिछली फिल्म स्त्री 2 ने उसकी प्रतिष्ठा बढ़ा दी है. अब श्रद्धा की ईठा (Eatha) एक अनूठी कहानी लेकर आ रही है. इसमें इतिहास, कला, संस्कृति और एक कलाकार महिला के संघर्ष की दास्तान आदि सबकुछ शामिल है. यानी फिल्म में सारे इमोशन्स हैं. फिल्म के ट्रेलर और गाने देखने से जाहिर होता है इसकी कहानी लोक कलाकार और स्थानीय संस्कृति के प्रति समर्पण के भाव से लैस है.

ईठा फिल्म के डायरेक्टर लक्ष्मण उतेकर हैं, जिनकी हालिया फिल्म छावा ने बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त कलेक्शन किया था. विकी कौशल अभिनीत उस फिल्म को दर्शकों ने काफी पसंद किया था. लक्ष्मण उतेकर लीक से हट कर और मराठी संस्कृति की कहानी को पर्दे पर चित्रित करने के लिए जाने जाते हैं. और अब ईठा उसी की अगली कड़ी है.

स्त्री 2 के बाद श्रद्धा की छवि काफी बदल चुकी है

मैडॉक फिल्म्स बैनर्स के तले श्रद्धा कपूर की ईठा ऐसे समय में आ रही है जब अभिनेत्री अपनी बदौलत एक अहम मुकाम हासिल करती दिख रही हैं. अब वह ना तो केवल रेनी गर्ल रही और ना ही बागी गर्ल. आशिकी 2 की क्लासिक लोकप्रियता को भी उसने काफी पीछे छोड़ दिया है. राजकुमार राव के साथ स्त्री 1 और स्त्री 2 के बाद श्रद्धा कपूर की पहचान बदल चुकी है. स्त्री 2 में श्रद्धा ने अभिनय प्रतिभा की छाप छोड़ी है. जिसके बाद उसका गंभीरता से आकलन करने का समय आ गया है.

Eetha Biographical Film

मैंने शुरुआत में ही कहा कि श्रद्धा कपूर फिलहाल अपने स्पेशल टाइम में है. बेशक हसीना पारकर जैसी ग्रे बैकग्राउंड की बायोपिक में श्रद्धा ने कोई खास छाप न छोड़ी हो लेकिन ईठा तक आते-आते मासूम सी दिखने वाली अभिनेत्री चुपचाप काम करती हुई हाशिये से मुख्यधारा तक इस प्रकार सफर तय कर रही है कि उस मूल्यांकन जरूरी हो जाता है. खास बात ये कि ग्लैमर को बगैर तराशे शद्धा कपूर मुख्यधारा में स्थान बना रही है. उसके किरदार बताते हैं वह सामान्य लुक बनाये भी रखना चाहती है और शिखर भी छूना चाहती है.

ईठा के किरदार के लिए श्रद्धा ने की कड़ी मेहनत

ईठा एक बायोपिक फिल्म है. इसके ट्रेलर ने फिल्म की कहानी की एक झलक दिखा दी है. ट्रेलर के साथ-साथ फिल्म का गाना भी धूम धाम के इवेंट के साथ जारी किया गया है. ट्रेलर और गाने दोनों में श्रद्धा पहले के मुकाबले काफी मैच्योर दिखाई देती है. चेहरे पर मासूमियत बरकरार है लेकिन किरदार की मेहनत, संघर्ष और बलिदान भली भांति दिखाई देते हैं. श्रद्धा ने दिल्ली यात्रा के दौरान इस किरदार की तैयारियों को लेकर भी अपनी कहानी बयां की है. उसने बताया कि दोनों पांवों में चार-चार किलो के भारी भरकम घुंघरू बांध कर घंटों अभ्यास किया था.

ईठा फिल्म में किसकी कहानी दिखाई जाएगी?

ईठा आगामी 4 दिसंबर को बॉक्स ऑफिस पर रिलीज होने जा रही है. इस फिल्म में श्रद्धा कपूर के साथ-साथ रणदीप हूडा भी खास रोल में हैं. ईठा महाराष्ट्र की मशहूर नर्तकी, गायिका और तमाशा कलाकार की जिंदगी पर आधारित है, जिसका नाम है- विथाबाई भाऊ मांग नारायणगांवकर. विथाबाई का जन्म 1935 में और निधन 2002 में हुआ था. सोलापुर में जन्मीं विथाबाई की जिंदगी की दास्तान बहुत ही संघर्ष भरी और कला के प्रति समर्पित रही है. लावणी नृत्य की वह मशहूर कलाकार थीं.

विथाबाई के बारे में कई कहानियां प्रचलित हैं. उनमें एक सबसे चौंकाने वाली कहानी नौ महीने की गर्भावस्था के दौरान भी स्टेज पर परफॉर्मेंस देने की है. स्टेज पर नाचते हुए ही उसे लेबर पेन होता है और स्टेज पर लगे पर्दे के पीछे जाकर वह बच्चे को जन्म देती है और उसके बाद फिर स्टेज पर आकर नृत्य करने लगती है. लेकिन जब दर्शकों को ये सबकुछ पता चलता है तो सारे लोग दंग रह जाते हैं और विथाबाई को आराम करने की सलाह देते हैं.

लावणी नृत्य और तमाशा कलाकार की जिंदगी

अब श्रद्धा कपूर की ईठा का जब ट्रेलर आया तो उस दृश्य को पूरी संवेदना के साथ बखूबी देखा जा सकता है. रिलीज के बाद इस कहानी को विस्तार से देखा जा सकता है. आपको बताएं कि विथाबाई को लावणी नृत्य और तमाशा कलाकार के तौर पर अहम योगदान के लिए राष्ट्रपति सम्मान समेत अनेक पुरस्कार भी मिले हैं. श्रद्धा कपूर का मानना है कि उसने इस किरदार को पर्दे पर निभाने के लिए काफी मेहनत की है. फिल्म जब रिलीज होगी तब पता चलेगा कि श्रद्धा ने कैसा अभिनय किया, कहानी कैसी व्यक्त हो सकी और डायरेक्टर लक्ष्मण उतेकर का छावा वाला जादू चला या नहीं. एक ऐतिहासिक कहानी पर बनी फिल्म पर्दे पर इतिहास बना पाती है या नहीं.

यह भी पढ़ें: रणबीर कपूर की रामायण के कई सीन चौंकाते हैं, पर्दे पर पहली बार दिखे ये प्रसंग

Related Articles

Back to top button