मनोरंजन

5 साल पुराने हर्ष फायरिंग मामले में अक्षरा सिंह की मुश्किलें बढ़ीं, कोर्ट में हुई पेशी, क्या था मामला?

Bhojpuri Actress Akshara Singh: बिहार के वैशाली जिले के लालगंज में पूर्व विधायक मुन्ना शुक्ला के आवास पर हुए चर्चित हर्ष फायरिंग मामले में भोजपुरी अभिनेत्री अक्षरा सिंह की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं. करीब 5 साल पुराने इस मामले में गुरुवार को अभिनेत्री अक्षरा सिंह हाजीपुर न्यायालय में पेश हुईं. उनकी पेशी के बाद एक बार फिर 2021 में हुए इस चर्चित समारोह और हर्ष फायरिंग की घटना की चर्चा तेज हो गई है.

दरअसल, पूरा मामला 23 अप्रैल 2021 का है. लालगंज स्थित पूर्व विधायक मुन्ना शुक्ला के आवास पर उनके भतीजे के उपनयन संस्कार यानी जनेऊ समारोह का आयोजन किया गया था. इस कार्यक्रम में भोजपुरी अभिनेत्री अक्षरा सिंह को भी आमंत्रित किया गया था. समारोह के दौरान अक्षरा सिंह स्टेज पर अपनी प्रस्तुति दे रही थीं. उसी दौरान एक बॉडीगार्ड द्वारा कार्बाइन से खुलेआम फायरिंग किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था.

फायरिंग तक सीमित नहीं था मामला

वीडियो सामने आने के बाद बिहार की राजनीति से लेकर पुलिस और प्रशासनिक महकमे तक में हड़कंप मच गया था. मामला सिर्फ हर्ष फायरिंग तक ही सीमित नहीं था. उस समय देश और बिहार में कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर का प्रकोप जारी था. इसके बावजूद समारोह में बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुटी थी.

कार्यक्रम के दौरान मास्क और सोशल डिस्टेंसिंग समेत कोविड गाइडलाइन के नियमों की अनदेखी किए जाने के आरोप लगे थे. वायरल वीडियो और मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पूर्व विधायक मुन्ना शुक्ला, उनकी पत्नी अनु शुक्ला, बॉडीगार्ड और भोजपुरी अभिनेत्री अक्षरा सिंह समेत अन्य लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी.

विवादों में रहे थे मुन्ना शुक्ला का बयान

इस घटना के बाद पूर्व विधायक मुन्ना शुक्ला के बयान भी खूब सुर्खियों में रहे थे. मीडिया से बातचीत के दौरान उनका ये बयान कि ‘वे कानून तोड़ने के लिए ही पैदा हुए हैं’ विवादों में रहा था. उनका एक और बयान ‘यहां गोली नहीं चलेगी तो क्या अगरबत्ती जलेगी’ भी सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ था. अब करीब 5 साल बाद इस मामले में अक्षरा सिंह की हाजीपुर न्यायालय में पेशी ने एक बार फिर पुराने मामले को चर्चा में ला दिया है. हालांकि, मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया और न्यायालय के आदेश पर सबकी नजरें टिकी हैं.

Related Articles

Back to top button