अजब-गजब

स्नीकर्स से लेकर पावर टूल्स तक… अमेरिकी मालगाड़ियों को निशाना बनाकर उड़ाया 208 करोड़ का माल

अमेरिका के दक्षिणी कैलिफोर्निया में मालगाड़ियों से करोड़ों रुपये का सामान चोरी करने के कथित मामले में 14 लोगों को आरोपी बनाया गया है. आरोप है कि इस गिरोह ने करीब दो साल तक चोरी की वारदातों को अंजाम दिया और इस दौरान 22.5 मिलियन डॉलर यानी लगभग 208 करोड़ रुपये के सामान पर हाथ साफ किया. CNN US की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी न्याय विभाग ने इस मामले में आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की है.

जांच एजेंसियों के मुताबिक, यह कथित चोरी फरवरी 2024 से अगस्त 2026 के बीच की गई. गिरोह के निशाने पर खासतौर पर ऐसी मालगाड़ियां थीं, जिनमें महंगे सामान की सप्लाई होती थी. इनमें महंगे स्नीकर्स, इलेक्ट्रिक टूल्स और दूसरी कीमती चीजें शामिल थीं. चोरी के बाद इन सामानों को कथित तौर पर ब्लैक मार्केट में बेच दिया जाता था. Prosecution का कहना है कि आरोपियों ने दक्षिणी कैलिफोर्निया में मालगाड़ियों के रास्तों पर पहले से ही चोरी की प्लान बनाया था. पिको रिवेरा और फुलर्टन जैसे इलाके भी उनके निशाने पर थे. इन ट्रेनों में वो सामान लदा होता था, जो लॉस एंजिल्स और लॉन्ग बीच के बंदरगाहों के जरिए अमेरिका पहुंचता था. इसके बाद रेल के रास्ते इसे देश के अलग-अलग हिस्सों में भेजा जाता था.

चलती ट्रेन रोककर लूटते थे महंगे सामान

जांचकर्ताओं के अनुसार, आरोपी चोरी को अंजाम देने के लिए ट्रक और वैन का इस्तेमाल करते थे. कुछ लोग चलती मालगाड़ियों पर चढ़ जाते थे और उनके सिस्टम से छेड़छाड़ कर उन्हें रोकने के लिए मजबूर कर देते थे. इमरजेंसी में ट्रेन रुकते ही गिरोह के सदस्य उसमें लदे सामान को उतारकर पहले से इंतजार कर रहे वाहनों में भर लेते थे. इसके बाद चोरी का माल सुरक्षित ठिकानों यानी ‘स्टैश हाउस’ में पहुंचाया जाता था, जहां से उसे आगे बेच दिया जाता था. इस पूरे कथित ऑपरेशन की जानकारी आरोपी खुद भी डिजिटल प्लेटफॉर्म पर साझा करते थे. अमेरिकी न्याय विभाग के मुताबिक, गिरोह के सदस्य ग्रुप चैट में चोरी किए गए सामान की जानकारी देते थे. इतना ही नहीं, वे चोरी के दौरान की तस्वीरें और वीडियो भी एक-दूसरे के साथ शेयर करते थे.

अमेरिकी अटॉर्नी बिल एस्सायली ने इस मामले को बेहद गंभीर बताते हुए कहा कि चोरी का पैमाना हैरान करने वाला है. उन्होंने कहा कि प्रशासन न सिर्फ मालगाड़ियों को निशाना बनाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करेगा, बल्कि चोरी का सामान खरीदकर उससे मुनाफा कमाने वालों को भी नहीं छोड़ेगा. इस मामले में सबसे कम उम्र का आरोपी 21 साल का है. अभियोजन पक्ष ने उसे कथित गिरोह का मुख्य सरगना बताया है. वहीं, बाकी 13 आरोपियों की उम्र 23 से 38 साल के बीच है. इन सभी को इस साजिश में शामिल बताया गया है.

सभी 14 आरोपियों पर साजिश रचने और रेल के जरिए एक राज्य से दूसरे राज्य में भेजे जा रहे माल की चोरी व उसे रखने से जुड़े कई आरोप लगाए गए हैं. इसके अलावा, रेलवे ऑपरेटरों के खिलाफ हिंसा से जुड़े दो मामले भी दर्ज किए गए हैं. गुरुवार को सभी आरोपियों को लॉस एंजिल्स की फेडरल कोर्ट में पेश किया गया.अगर आरोप साबित हो जाते हैं, तो साजिश के मामले में उन्हें पांच साल तक की जेल हो सकती है. वहीं, चोरी से जुड़े हर मामले में 10 साल तक की सजा का प्रावधान है. रेलवे ऑपरेटरों के खिलाफ हिंसा के आरोप साबित होने पर उम्रकैद तक की सजा हो सकती है.

यह भी पढ़ें: न चोरी, न लूट यहां पुलिस के पास आ रही हैं एक गैंगस्टर उल्लू की शिकायतें, मामला जानकर रह जाएंगे दंग

लॉस एंजिल्स काउंटी के डिस्ट्रिक्ट अटॉर्नी नाथन जे. होचमैन ने इस कार्रवाई को कथित गिरोह को खत्म करने की दिशा में बड़ा कदम बताया. उन्होंने कहा कि 14 महीने तक चली जांच में यह साफ हुआ कि ऐसे अपराधों पर रोक लगाने के लिए सिर्फ चोरी करने वालों को पकड़ना काफी नहीं है. चोरी का सामान खरीदने और उसे बेचकर कमाई करने वालों पर भी कार्रवाई जरूरी है. उन्होंने कहा कि प्रशासन की कोशिश है कि सप्लाई चेन सेफ रहे और सामान अपने सही ठिकाने तक पहुंचे, न कि ब्लैक मार्केट में बिकने के लिए पहुंच जाए.

यहां देखिए वीडियो

Related Articles

Back to top button