अजब-गजब

चलती बाइक की सीट पर खड़ा हुआ युवक, पीछे से आ रहा था ट्रक! वीडियो देख कांप उठेंगे

बिहार में सोशल मीडिया पर वायरल होने के लिए एक युवक ने ऐसा खतरनाक कारनामा कर दिया, जिसे देखकर किसी के भी रोंगटे खड़े हो सकते हैं. सड़क पर दौड़ती बाइक की सीट पर खड़े होकर स्टंट करने का उसका वीडियो सामने आया है. हैरानी की बात यह है कि युवक को अपनी जान की जरा भी परवाह नहीं दिख रही थी. उसके पीछे एक भारी-भरकम ट्रक भी चल रहा था. इसके बावजूद वह बाइक पर खड़े होकर कैमरे के सामने पोज देता नजर आया. अब इस वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर जमकर चर्चा हो रही है. लोग सवाल उठा रहे हैं कि आखिर रील बनाने के लिए कोई अपनी जिंदगी को इस तरह खतरे में कैसे डाल सकता है?

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर ‘The Bihar’ नाम के अकाउंट से यह वीडियो शेयर किया गया है. वीडियो में देखा जा सकता है कि एक युवक सड़क पर बाइक चला रहा है. कुछ देर बाद वह बाइक चलाने के अपने सामान्य तरीके को छोड़कर सीधे सीट पर खड़ा हो जाता है. बाइक लगातार चलती रहती है और युवक दोनों पैरों पर खड़े होकर खुद को संभालने की कोशिश करता है. इस दौरान वह कैमरे की तरफ देखकर पोज भी देता नजर आता है. सबसे ज्यादा चिंता की बात यह है कि बाइक के ठीक पीछे एक ट्रक चल रहा होता है. ट्रक और बाइक के बीच ज्यादा दूरी भी दिखाई नहीं देती. ऐसे में अगर युवक का जरा सा भी संतुलन बिगड़ जाता, तो बड़ा हादसा हो सकता था.

चलती बाइक की सीट पर खड़ा होकर करने लगा स्टंट

सड़क पर इस तरह का स्टंट करना सिर्फ खुद की जान को जोखिम में डालना नहीं है, बल्कि दूसरे लोगों की जिंदगी के साथ भी खिलवाड़ है. चलती बाइक पर खड़े होकर उसे संभालना पहले ही बेहद मुश्किल है. ऊपर से पीछे से आ रहे भारी वाहन के कारण खतरा और बढ़ जाता है. अगर अचानक बाइक का संतुलन बिगड़ता या युवक नीचे गिर जाता, तो पीछे आ रहे ट्रक के ड्राइवर को संभलने का मौका तक नहीं मिलता. ऐसी स्थिति में युवक के साथ-साथ सड़क पर चल रहे दूसरे लोग भी हादसे का शिकार हो सकते थे.

वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स ने युवक की जमकर आलोचना की. लोगों का कहना है कि आजकल कुछ लोग सोशल मीडिया पर फॉलोअर्स और लाइक्स पाने के चक्कर में अपनी जान तक दांव पर लगा देते हैं. उन्हें इस बात की भी परवाह नहीं होती कि उनकी हरकत से किसी दूसरे की जिंदगी खतरे में पड़ सकती है. ‘The Bihar’ अकाउंट ने वीडियो शेयर करते हुए प्रशासन से कार्रवाई को लेकर सवाल किया. पोस्ट में लिखा गया, “अब जब यह रील वायरल हो गई है, तो क्या इस पर भी कार्रवाई होगी?”

वीडियो पर कमेंट करते हुए एक यूजर ने बिहार की कानून-व्यवस्था पर तंज कसते हुए लिखा कि Bihar me crime ka concept hi ni hai.” वहीं, एक दूसरे यूजर ने ट्रक ड्राइवर को लेकर मजाकिया अंदाज में लिखा कि Truck driver accelerator pe per dabai mauke ka intezar kr rha hai. एक अन्य यूजर ने बिहार पुलिस को टैग करते हुए पूछा कि @bihar_police can action be taken against this if this is crime??

यह भी पढ़ें: दूसरों के घरों में घुसा विदेशी पर्यटक, चोरी नहीं किए पैसे करने लगा ऐसा काम, CCTV देख लोग हैरान

कई दूसरे लोगों ने भी इस तरह के स्टंट को गैर-जिम्मेदाराना बताया. उनका कहना है कि सार्वजनिक सड़कों पर इस तरह की हरकतों को हल्के में नहीं लिया जाना चाहिए. फिलहाल, वायरल वीडियो को लेकर युवक के खिलाफ किसी कार्रवाई की पुष्टि सामने नहीं आई है. लेकिन इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि सोशल मीडिया पर कुछ सेकंड की लोकप्रियता के लिए लोग अपनी और दूसरों की जान जोखिम में डालने से भी पीछे क्यों नहीं हटते?

यहां देखिए वीडियो

Related Articles

Back to top button