अजब-गजब

किस्मत का खेल देखिए! गर्लफ्रेंड ने कहा YES, समंदर ने कहा RING दो! सगाई के तुरंत बाद हुआ बड़ा खेल

कैलिफोर्निया के एक खूबसूरत बीच पर एक कपल अपनी जिंदगी का सबसे यादगार पल जीने पहुंचा था. माहौल रोमांटिक था, सूरज ढल रहा था और लड़के ने अपनी गर्लफ्रेंड को शादी के लिए प्रपोज भी कर दिया. लड़की ने हां कह दी और दोनों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा. लेकिन अगले ही पल कुछ ऐसा हुआ, जिसकी उन्होंने सपने में भी कल्पना नहीं की थी. समंदर की एक तेज लहर आई और सगाई की कीमती अंगूठी अपने साथ बहाकर ले गई. अब इस कपल की खुशी के साथ-साथ उनकी अंगूठी की तलाश भी चर्चा का विषय बन गई है.

यह पूरा मामला कैलिफोर्निया के सैन क्लेमेंटे स्थित कैलाफिया स्टेट बीच का है. जेस हैरिक ने रविवार (15 नवंबर) को अपनी लंबे समय से गर्लफ्रेंड रहीं जोई मैटिनसन को सूर्यास्त के खूबसूरत नजारे के बीच प्रपोज करने का प्लान बनाया था. इस खास मौके के लिए उन्होंने चार कैरेट की हीरे वाली शानदार सगाई की अंगूठी भी खरीदी थी.

सगाई के कुछ सेकंड बाद ही गायब हुई अंगूठी

सब कुछ उनकी योजना के मुताबिक हुआ. जोई ने शादी के लिए हां कह दिया और दोनों एक-दूसरे की खुशी में डूब गए. लेकिन तभी समुद्र की तरफ से एक बड़ी और तेज लहर आई. उस समय जेस अपनी मंगेतर को गोद में उठा रहे थे. उनके हाथ में अंगूठी का बॉक्स भी था. लहर का झटका इतना तेज था कि बॉक्स उनके हाथ से छूट गया और देखते ही देखते अंगूठी पानी में गायब हो गई.

जेस ने इस पूरे वाकये का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया. इसके साथ उन्होंने मजाकिया लेकिन दुख भरे अंदाज में लिखा, “मेरी जिंदगी का सबसे अच्छा और सबसे बेरहम पल. कुदरत, प्लीज हमारी अंगूठी वापस कर दो. स्कूबा डाइवर्स को बुलाया जा रहा है!” CBS News से बातचीत में जेस ने बताया कि उन्हें पहले ही महसूस हो गया था कि समुद्र की लहरें तेज हो रही हैं. इसलिए उन्होंने जोई को गोद में उठा लिया, ताकि वह पानी के तेज बहाव में गिर न जाएं. उनके दोनों के फोन, वॉलेट और चाबियां पहले से ही जेब में थीं, इसलिए अंगूठी का बॉक्स उन्होंने हाथ में पकड़ रखा था.

जेस के मुताबिक, उनका मकसद सिर्फ अपनी मंगेतर को सुरक्षित रखना था, लेकिन इसी दौरान अंगूठी हाथ से निकल गई. इन दिनों कैलिफोर्निया के समुद्री तट पर अल नीनो पैटर्न से जुड़ी तेज लहरों का असर देखने को मिल रहा है. हाल ही में पैसिफिका पियर का एक हिस्सा भी समुद्र में गिर गया था. इस घटना के दौरान बीच पर मौजूद जेसिका लिकॉन ने भी लोगों को अंगूठी तलाशते देखा. शुरुआत में उन्हें लगा कि लोग कपल की सगाई का जश्न मना रहे हैं. लेकिन जल्द ही उन्हें पता चला कि मामला कुछ और है. उन्होंने बताया कि सभी लोग रिंग बॉक्स को ढूंढने की कोशिश कर रहे थे, क्योंकि उसे मिल जाने पर अंगूठी का पता लगाना आसान हो सकता था. हालांकि, काफी कोशिशों के बाद भी किसी को कुछ नहीं मिला.

अंगूठी खोजने के लिए मेटल डिटेक्टर की मदद भी ली गई, लेकिन सफलता हाथ नहीं लगी. इस बीच जेस ने कहा कि उन्हें अंगूठी खोने का दुख जरूर है, लेकिन सबसे बड़ी राहत इस बात की है कि जोई पूरी तरह सुरक्षित हैं. इस कहानी में एक अच्छी बात भी सामने आई है. न्यूयॉर्क की एक कंपनी, जो हाथ से सगाई की अंगूठियां बनाती है, ने जेस की सोशल मीडिया पोस्ट पर संपर्क किया और दोनों के लिए नई अंगूठी बनाने की पेशकश की. अब देखना होगा कि समुद्र पुरानी अंगूठी लौटाता है या नहीं, लेकिन इस कपल की सगाई की कहानी शायद जिंदगी भर याद रहने वाली है. आखिर यहां प्रपोजल तो लड़के ने किया था, लेकिन सरप्राइज समंदर ने दे दिया!

यहां देखिए वीडियो

Instagram पर यह पोस्ट देखें

Jace Harrick (@jaceharrick) द्वारा साझा की गई पोस्ट

Related Articles

Back to top button