मनोरंजन

452 करोड़ कमाने के बाद भी ‘हनुमान अंश’ को नहीं मिली बॉलीवुड से बधाई, डायरेक्टर का छलका दर्द

Hanuman Ansh: साल 2026 की सबसे बड़ी बॉक्स ऑफिस सफल फिल्मों में शामिल ‘हनुमान अंश’ ने अपनी कमाई से सभी को हैरान कर दिया है. फिल्म की शुरुआत भले ही धीमी हुई थी. लेकिन बाद में फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर गदर ही मचा दिया और अपनी कमाई से कई बड़े बजट की फिल्मों को पीछे छोड़ दिया था. विशाल चतुर्वेदी के निर्देशन में बनी इस फिल्म का बजट महज 2 करोड़ रुपये बताया जा रहा है, जबकि फिल्म ने दुनियाभर में 452.86 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है.

हालांकि, इतनी बड़ी सफलता मिलने के बावजूद फिल्म के डायरेक्टर का मानना है कि इसे फिल्म इंडस्ट्री से वह पहचान और तारीफ नहीं मिली, जिसकी यह हकदार थी. विशाल ने इस बात पर हैरानी जताई है कि किसी भी बड़े प्रोडक्शन हाउस ने फिल्म की सफलता पर सार्वजनिक तौर पर कोई बयान जारी नहीं किया.

इंडस्ट्री की चुप्पी पर क्या बोले डायरेक्टर?

फिल्म के ओटीटी प्रीमियर से पहले स्क्रीन को दिए इंटरव्यू में विशाल चतुर्वेदी ने फिल्म इंडस्ट्री के रवैये पर अपनी बात रखी. उन्होंने कहा कि वह इस बात से हैरान हैं कि किसी भी बड़े प्रोडक्शन हाउस ने फिल्म की सफलता को लेकर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया. विशाल ने कहा, “मैंने देखा है कि जब भी कोई बड़ी फिल्म बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन करती है, तो कई प्रोडक्शन हाउस की तरफ से आधिकारिक बयान जारी किए जाते हैं. लेकिन हमारी फिल्म एक छोटे बजट की फिल्म है और इसे एक नए डायरेक्टर ने बनाया है. इसलिए किसी भी बड़े प्रोडक्शन हाउस की तरफ से कोई बयान नहीं आया. यहां तक कि एक भी नहीं. यह काफी हैरान करने वाली बात है.”

उन्होंने आगे कहा कि जब लोग उनसे मिलते हैं तो फिल्म की जमकर तारीफ करते हैं. वरुण धवन, वीरेंद्र सहवाग समेत कुछ ऐसे लोग हैं, जिन्होंने खुले तौर पर फिल्म की सराहना की है. लेकिन किसी बड़े स्टूडियो या स्थापित प्रोडक्शन हाउस ने फिल्म की कामयाबी पर कोई लेटर या बयान जारी नहीं किया.

बड़े स्टार और बड़े बजट वाली फिल्मों का फॉर्मूला तोड़ा

विशाल चतुर्वेदी ने गोवा में आयोजित 57वें इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया (IFFI) 2026 के दौरान भी फिल्म की सफलता पर बात की. उन्होंने कहा कि ‘हनुमान अंश’ ने साबित कर दिया है कि दर्शकों को सिनेमाघरों तक लाने के लिए किसी फिल्म में बड़ा स्टार या करोड़ों का बजट होना जरूरी नहीं है.

कब और कहां रिलीज होगी ‘हनुमान अंश’?

शोभिनव सत्य को नीम करोली बाबा के किरदार में दिखाने वाली फिल्म ‘हनुमान अंश’ अब ओटीटी पर रिलीज होने जा रही है. यह फिल्म 27 नवंबर से सोनी लिव पर स्ट्रीम होगी. सिनेमाघरों में यह 7 अगस्त को रिलीज हुई थी. इसके अलावा फिल्म सोनी मैक्स पर भी दिखाई जाएगी, हालांकि इसके टीवी प्रीमियर की तारीख अभी घोषित नहीं हुई है.

Related Articles

Back to top button