Roadies Rebirth Exclusive: रघु की वापसी से बिगड़ा खेल, 5 गैंग लीडर्स से अकेले भिड़ने और शाहरुख खान को देख भागने पर नेहा धूपिया ने खोले राज

Roadies Rebirth Neha Dhupia Exclusive: एम टीवी का पॉपुलर रियलिटी शो ‘रोडीज’ अपने नए सीजन ‘रोडीज़ रीबर्थ’ के साथ एक बार फिर धमाका करने के लिए तैयार है. 24 तारीख से इस सीजन की रोमांचक जर्नी शुरू होने जा रही है, जिससे पहले शो की ग्रैंड प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई. इस मौके पर गैंग लीडर नेहा धूपिया ने टीवी9 हिंदी डिजिटल से की एक्सक्लूसिव बातचीत में रघु राम की सरप्राइज एंट्री से मची खलबली, बाकी गैंग लीडर्स से टकराव, अपने बच्चों की परवरिश और शाहरुख खान को देखकर नर्वस हो जाने तक, कई मुद्दे पर बेहद बेबाकी से अपनी बात रखी.
अभी हमने शो की एक झलक (प्रोमो) देखी, इस नए सीजन के अनुभव पर क्या कहेंगी?
जवाब: मुझे बहुत मजा आया, लेकिन काश रघु (रघु राम) वहां न होते! क्योंकि इस बार इतने सारे ट्विस्ट और टर्न आए हैं. पहले रणविजय थे और फिर रघु भी आ गए. हमारे लिए तो रणविजय ही काफी थे, ऊपर से रघु आ गए, इसलिए यह सफर बेहद मुश्किल रहा. मैंने अब तक रोडीज़ के जितने भी सीजन किए हैं, उनमें ये सबसे कठिन जर्नी रही है.
सवाल: जब आपने रोडीज़ शुरू किया था और अब तक इन सालों में आप में क्या बदलाव आया है?
जवाब: शुरुआत में मेरे मन में ये रहता था कि रियलिटी शो में भी मुझे अच्छा बनना है और सब अच्छा करना है. लेकिन अब मैं ऐसी इंसान बन गई हूं कि उस दिन जो महसूस कर रही हूं, वैसी ही दिखना चाहती हूं-बिल्कुल रियल. कैमरा और दर्शक बहुत समझदार हैं, आप जरा सा भी झूठ बोलेंगे तो वो पकड़ लेंगे. मैंने झूठ नहीं बोला और हो सकता है इसकी वजह से पूरे सीजन मुझे इसकी कीमत चुकानी पड़े. मैं जज होने के लिए पूरी तरह तैयार हूं.
सवाल: एपिसोड ऑन-एयर होने के बाद सोशल मीडिया पर लोग जज करते हैं, पॉजिटिव के साथ निगेटिव भी कमेंट्स आते हैं. क्या इसका असर आप पर पड़ता है?
जवाब: बिल्कुल पड़ता है, आखिर हम भी इंसान हैं. कई बार शूटिंग के दौरान ही एहसास हो जाता है कि इस बात की कीमत चुकानी पड़ेगी. दर्शक इतने स्मार्ट हैं कि अगर कोई कुछ बोल रहा हो और आपने किसी और वजह से भी आंखें घुमा लीं, तो वो उसे भी पकड़ लेते हैं. लेकिन मुझे ये बात पसंद है, क्योंकि इस शो में हर हफ्ते आपके बारे में राय बदलती है और यही इस शो की खूबसूरती है कि ये अपने 21वें साल में भी इतना प्यार पा रहा है.
सवाल: आज प्रेस कॉन्फ्रेंस में आपके साथ मौजूद सभी पांच गैंग लीडर्स ने कहा कि आपको संभालना सबसे मुश्किल है, ऐसा क्यों?
जवाब: क्योंकि वो जानते हैं कि मुझसे जीत नहीं सकते! मुझे पता है कि मैं ‘डिफिकल्ट’ हूं, क्योंकि मैं कड़ी टक्कर देती हूं और मेरा नजरिया सबसे अलग होता है. कई बार वो मुझ पर हंसते हैं क्योंकि मैं अलग हूं, लेकिन मेरी नजर से वो सब एक जैसे दिखते हैं (ये ‘जोकर’ फिल्म की लाइन है). मैं उन तीन लोगों के लिए खड़ी होती हूं, जिन्हें शो में कोई नहीं चाहता. मेरी पसंद उनसे मेल नहीं खाती, इसलिए उन्हें मैं मुश्किल लगती हूं. मैं सबको खुश नहीं कर सकती, खुद को खुश रख पाऊं यही काफी है. मां बनने के बाद मैं ज्यादा इमोशनल हुई हूं, लेकिन अपने बच्चों को भी यही सिखाती हूं कि सच बोलो, सम्मान करो और सही के लिए लड़ो. मां और गैंग लीडर के तौर पर मेरी सर्वाइवल किट बिल्कुल एक जैसी है.
सवाल: अगर नेहा धूपिया रोडीज़ के ऑडिशन में आतीं, तो किस गैंग लीडर के साथ जातीं?
जवाब: शायद प्रिंस, दरअसल मेरे लिए तो हर कोई ‘स्नैच बटन’ दबा देता! कोई तय ही नहीं कर पाता और वहां हंगामा मच जाता. मैंने एक बार प्रिंस से पूछा भी था कि क्या तुम मेरे लिए स्नैच बटन दबाते, तो उसने कहा था-100 प्रतिशत!
सवाल: रघु के शो में आने के बाद अंदर का माहौल कितना बदला?
जवाब: हमें पता ही नहीं था कि रघु आने वाले हैं. जर्नी के एक मोड़ पर अचानक रघु आए और हमारी हालत खराब हो गई. मैं इससे ज्यादा कुछ कहना चाहती हूं, लेकिन कह नहीं सकती क्योंकि आप उसे बीप कर देंगे! हमारे लिए ये मुश्किल था, लेकिन दर्शकों के लिए बहुत दिलचस्प होगा. आखिर ये ‘रीबर्थ’ है-और रघु का भी रीबर्थ है.
View this post on Instagram
सवाल: आप यूट्यूब कंटेंट, ये शो, बाकी काम और बच्चों को एक साथ कैसे मैनेज करती हैं?
जवाब: मैं मैनेज नहीं कर पाती! ये सिर्फ एक मिथक है कि सब कुछ मेरे कंट्रोल में है. ‘वर्क-लाइफ बैलेंस’ सिर्फ एक सोच है. मैं 40 दिनों की जर्नी पर गई थी, दिवाली ब्रेक में बच्चे मुझसे मिलने आए और मैं भी एक बार उनसे मिलने लौटी. कहते हैं हर कामयाब आदमी के पीछे एक औरत होती है, लेकिन मुझे लगता है हर कामकाजी महिला के पीछे भी एक पुरुष और परिवार का सपोर्ट सिस्टम होता है, मुझे वो सपोर्ट अंगद (अंगद बेदी) में मिला. हम बारी-बारी से काम पर जाते हैं. मेरे बच्चे देखते हैं कि उनकी मां सुबह 5 बजे पैकअप करके 8 बजे फिर काम पर निकल जाती है. जब मेरी बेटी और बेटा बड़े होंगे, तो वो गर्व से कहेंगे,’हमारी मां सुबह 5 बजे सोकर 8 बजे उठती थी, हम साइड में बैठकर अपना बर्गर खा रहे होते थे और हमारी मां अकेले 5 लोगों से लड़ रही होती थी.’ जिंदगी में इससे बेहतरीन कहानी क्या हो सकती है!
सवाल: आज आपकी जबरदस्त फैन फॉलोइंग है, लोग आपके साथ सेल्फी लेते हैं. लेकिन आपकी जिंदगी का पहला ‘स्टार-स्ट्रक’ मोमेंट किसे देखकर था?
जवाब: जब मैंने पहली बार शाहरुख खान को देखा था! मुझे आज भी याद है, उन्हें देखते ही मैंने तुरंत यू-टर्न ले लिया था और उल्टी दिशा में भाग गई थी. क्योंकि जिस इंसान को आप इतना चाहते हैं और फॉलो करते हैं, कई बार आप उसका सामना करने की हिम्मत नहीं जुटा पाते. आज भी जब मैं किसी पार्टी या सोशल इवेंट में उनसे मिलती हूं, भले ही मैं उनसे कई बार मिल चुकी हूं. हर बार उन्हें देखते ही मैं दूसरी तरफ भाग जाती हूं. मुझे लगता है उन्हें भी पता है कि मैं उनके आसपास बहुत नर्वस हो जाती हूं. मुझे उनका काम और उनकी शख्सियत बेहद पसंद है.




