मनोरंजन

भारत में दो पाकिस्तानी ड्रामा पर घमासान! ‘जो बचे हैं संग समेट लो’ को लेकर विवाद, ‘दर-ए-निजात’ के लिए दिल्ली में रखी पार्टी

Pakistani Series Jo Bachay Hain Sang Samait Lo: भारत में पाकिस्तानी कंटेंट को लेकर एक बार फिर सोशल मीडिया पर जबरदस्त बहस छिड़ गई है. इस समय दो अलग-अलग पाकिस्तानी ड्रामा भारत में इंटरनेट यूजर्स के बीच चर्चा और विवाद का केंद्र बने हुए हैं. दिलचस्प बात ये है कि इन दोनों शोज को लेकर भारत में बिल्कुल अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं, जहां एक तरफ फवाद खान और माहिरा खान की आने वाली सीरीज को रिलीज से पहले ही भारी गुस्से और बायकॉट की मांग का सामना करना पड़ रहा है, वहीं दूसरी तरफ एक अन्य पाकिस्तानी ड्रामा का क्रेज इस कदर वायरल हुआ है कि दिल्ली में फैंस ने इसके लिए बाकायदा एक वॉच पार्टी तक रख डाली.

जिस पाकिस्तानी सीरीज को भारत में सबसे ज्यादा गुस्से और विरोध का सामना करना पड़ रहा है, उसका नाम ‘जो बचे हैं संग समेट लो’ है. ये पाकिस्तान की पहली नेटफ्लिक्स ओरिजिनल सीरीज है, जिसमें फवाद खान, माहिरा खान, अहद रजा मीर, इकरा अजीज, सनम सईद, हानिया आमिर, हमजा अली अब्बासी, माया अली, बिलाल अशरफ और खुशहाल खान जैसे बड़े पाकिस्तानी सितारे नजर आने वाले हैं. हाल ही में नेटफ्लिक्स मिडिल ईस्ट , नेटफ्लिक्स यूके और नेटफ्लिक्स गोल्डन के सोशल मीडिया हैंडल्स से इस सीरीज के पोस्टर और कैरेक्टर लुक जारी किए गए, जिनमें बताया गया कि यह शो 4 दिसंबर 2026 को ग्लोबल स्तर पर स्ट्रीम होगा. हालांकि नेटफ्लिक्स ने भारत में इसकी रिलीज को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है, लेकिन पोस्टर सामने आते ही भारतीय सोशल मीडिया यूजर्स भड़क उठे.

क्यों लोगों के दिल में हैं नफरत

दरअसल, 22 अप्रैल 2025 को कश्मीर के पहलगाम के पास बैसरन घाटी में हुए आतंकी हमले (जिसमें 26 पर्यटकों और एक स्थानीय कश्मीरी नागरिक की जान गई थी) और उसके बाद भारत की जवाबी कार्रवाई ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद से ही पाकिस्तानी कलाकारों और कंटेंट के खिलाफ भारत में गहरा आक्रोश है. 8 मई 2025 को सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने भी ओटीटी प्लेटफॉर्म्स को पाकिस्तानी कंटेंट हटाने और उससे दूरी बनाने की एडवाइजरी जारी की थी. इसके अलावा, ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान फवाद खान द्वारा भारतीय कार्रवाई को ‘शर्मनाक’ और माहिरा खान द्वारा इसे ‘कायरतापूर्ण हमला’ बताए जाने वाले बयानों को लेकर भी भारतीय यूजर्स में भारी नाराजगी है. इसी वजह से लोग सोशल मीडिया पर नेटफ्लिक्स इंडिया को चेतावनी दे रहे हैं कि अगर यह शो भारत में लाया गया, तो इसका बड़े पैमाने पर बायकॉट किया जाएगा. यूजर्स का कहना है कि भारतीय व्यूअरशिप के जरिए पाकिस्तानी इंडस्ट्री को कमाई करने का मौका नहीं दिया जाना चाहिए.

Two Pakistani Watch Party

पाकिस्तानी सीरीज

इस ड्रामा पर बरसा प्यार और क्रेज

एक तरफ जहां ‘जो बचे हैं संग समेट लो’ को लेकर नफरत और बहिष्कार का माहौल है, वहीं दूसरी तरफ पाकिस्तानी ड्रामा ‘दर-ए-निजात’ भारत में अपने वायरल क्रेज को लेकर सुर्खियों में है. शहरयार मुनव्वर , दुर-ए-फिशां सलीम और नमीर नवाज खान स्टारर यह शो पाकिस्तान के एआरवाई डिजिटल पर प्रसारित हुआ है और यूट्यूब पर भी मौजूद है. भारत में पाकिस्तानी कंटेंट पर प्रतिबंधों के बावजूद भारतीय दर्शक इसे यूट्यूब पर देख रहे हैं. हाल ही में इस शो से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसमें दिल्ली के एक कैफे में ‘दर-ए-निजात’ के फैन ग्रुप द्वारा एक पेड वॉच पार्टी (स्क्रीनिंग) आयोजित की गई थी. रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस इवेंट में शो के निर्देशक साकिब खान के साथ एक वर्चुअल सवाल-जवाब सेशन भी रखा गया.

दिल्ली की वॉच पार्टी पर भी बंटा इंटरनेट

हालांकि दिल्ली में हुई इस स्क्रीनिंग के वीडियो ने इंटरनेट को दो गुटों में बांट दिया है. जहां एक वर्ग इस शो के प्रति दीवानगी जाहिर करते हुए लिख रहा है कि “दिल्ली में स्क्रीनिंग… इस शो का क्रेज शब्दों से परे है”, वहीं दूसरी तरफ कई भारतीय यूजर्स ने इस आयोजन पर कड़ी नाराजगी भी जताई है. आलोचकों का कहना है कि आतंकी हमलों और पाकिस्तानी सेलेब्स के भारत विरोधी बयानों के बावजूद लोग इतनी आसानी से सब कुछ भूलकर पाकिस्तानी ‘सॉफ्ट पावर’ का जश्न कैसे मना सकते हैं. वहीं, खुद पाकिस्तान में भी इस शो कहानी और किरदारों के चित्रण को लेकर आलोचना हो रही है. फिलहाल, न तो नेटफ्लिक्स ने भारत में अपने शो की स्ट्रीमिंग को लेकर कोई आधिकारिक बयान दिया है और न ही दिल्ली कैफे में हुई स्क्रीनिंग पर कोई औपचारिक प्रतिक्रिया आई है, लेकिन इन दोनों शोज ने भारत में मनोरंजन और देशभक्ति से जुड़ी बहस को एक बार फिर गर्म कर दिया है.

Related Articles

Back to top button