‘रामायण’ की सफलता का जश्न, गुरुपर्व पर बंगला साहिब पहुंचे रणबीर कपूर-नितेश तिवारी, टेका मत्था

रणबीर कपूर, यश और साई पल्लवी स्टारर फिल्म ‘रामायण: पार्ट 1’ बॉक्स ऑफिस पर कामयाबी के नए कीर्तिमान रच रही है. 5 नवंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज हुई ये फिल्म अब तक की 5 सबसे ज्यादा कमाई करने वाली भारतीय फिल्मों की कतार में शामिल हो चुकी है. इस ऐतिहासिक सफलता के बीच फिल्म की मुख्य क्रिएटिव टीम, एक्टर रणबीर कपूर, निर्माता नमित मल्होत्रा और निर्देशक नितेश तिवारी ने गुरुपर्व के पावन अवसर पर नई दिल्ली स्थित गुरुद्वारा बंगला साहिब में मत्था टेका.
रणबीर कपूर, नमित मल्होत्रा और नितेश तिवारी गुरुद्वारा बंगला साहिब पहुंचे. गुरुपर्व के खास दिन वहां हजारों श्रद्धालुओं की मौजूदगी और भक्तिमय माहौल के बीच तीनों ने अरदास की. उन्होंने दुनियाभर के दर्शकों से फिल्म को मिल रहे बेशुमार प्यार के लिए आभार जताया और फिल्म की आगे की यात्रा व पूरी टीम की सफलता के लिए आशीर्वाद मांगा.
केसरी पटका बांधे दिखे रणबीर कपूर
सिर पर केसरी पटका बांधे रणबीर कपूर हल्के नीले कुर्ते और नेहरू जैकेट में नजर आए, तो नमित मल्होत्रा क्रीम कुर्ते-पायजामे और नितेश तिवारी कैजुअल शर्ट-जींस में दिखे. गुरुद्वारा बंगला साहिब की इमारत पर अंकित पावन गुरबाणी श्लोक ‘श्री हरिकृष्ण ध्याइए जिस डिठे सब दुख जाए’ के ठीक नीचे खड़े होकर तीनों ने तस्वीरें खिंचवाईं और अंदर दरबार में श्रद्धा के साथ मत्था टेका.
View this post on Instagram
बॉक्स ऑफिस पर ‘रामायण: पार्ट 1’ की ऐतिहासिक दौड़
नितेश तिवारी के निर्देशन और नमित मल्होत्रा व यश के निर्माण में बनी ‘रामायण: पार्ट 1’ ने रिलीज के पहले दिन से ही देश और विदेश के सिनेमाघरों में जबरदस्त पकड़ बना रखी है. फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, यश रावण, साई पल्लवी माता सीता और रवि दुबे लक्ष्मण की भूमिका में नजर आ रहे हैं. फिल्म की भव्यता, भावनात्मक गहराई और ए. आर. रहमान व हंस जिमर की जोड़ी के संगीत ने परिवारों और सिनेमा प्रेमियों को खासा प्रभावित किया है. यही वजह है कि फिल्म ने वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस पर 1,700 करोड़ रुपये से ज्यादा का कारोबार करते हुए कई पुराने रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए हैं.
ये भी पढ़ें-
ट्रॉमा, सीक्रेट, जख्म और आजादीपाकिस्तानी नेटफ्लिक्स सीरीज में क्या-क्या होगा? ट्रेलर रिलीज
Bigg Boss 20 : यंग-स्काउट की दोस्ती में फिर आई दरार, एक दूसरे से लड़ पड़े दोनों यार
रणबीर कपूर, नमित मल्होत्रा और नितेश तिवारी के लिए ‘रामायण’ महज एक फिल्म नहीं, बल्कि सालों के जुनून, समर्पण और कड़ी मेहनत का नतीजा है. जब दुनियाभर में दर्शकों ने इस महागाथा को स्वीकार किया, तो मेकर्स ने ऊपरवाले का शुक्रिया अदा करने के लिए गुरुपर्व के दिन गुरुद्वारा बंगला साहिब जाकर मत्था टेकने का फैसला किया.




