अब अब्दुल दरी नहीं बिछाएगा… अखिलेश को ओवैसी की दो टूक

लखनऊ। संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को राजधानी लखनऊ के रमाबाई अंबेडकर मैदान में ‘बहुजन स्वराज संकल्प महारैली’ का आयोजन किया गया। इस रैली के मंच से ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन के राष्ट्रीय अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद ने एक साथ आकर ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ का शंखनाद किया।
आजाद समाज पार्टी के प्रमुख व सांसद चंद्रशेखर को मुख्यमंत्री बनाने का आह्वान करते हुए असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि यह गठबंधन केवल हाथ मिलाने का नहीं, बल्कि दिलों का मिलन है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे अपने एक-एक वोट का इस्तेमाल सामाजिक परिवर्तन मोर्चा के पक्ष में करें ताकि चंद्रशेखर आजाद को उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाया जा सके। ओवैसी ने कहा कि मतदान सबसे बड़ा हथियार है और वोट की ताकत से ही उत्तर प्रदेश में नया इतिहास लिखा जाएगा। ‘
मुस्लिम और दलित समाज की परेशानी एक’
ओवैसी ने अपने भाषण में मुस्लिम और दलित एकता पर जोर देते हुए कहा कि दोनों समाजों की परेशानियां एक जैसी हैं। उन्होंने कहा, “स्वराज्य का मतलब यह नहीं है कि प्रदेश में कभी ठाकुर राज हो जाए या कभी यादव राज। स्वराज्य का मतलब हिंदू राष्ट्र भी नहीं है। बाबा साहब के संविधान का असली अर्थ बराबरी हासिल करना है।”
भाजपा सरकार और संघ परिवार पर निशाना साधते हुए ओवैसी ने आरोप लगाया कि ये लोग संविधान के दुश्मन हैं। उन्होंने कहा कि यूपी में अब ‘गुंडाराज’ खत्म होगा और इंसाफ एनकाउंटर या बुलडोजर से नहीं, बल्कि बाबा साहब के संविधान से होगा। युवाओं के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि प्रदेश में शिक्षा व्यवस्था को बर्बाद कर दिया गया है, लेकिन उनकी सरकार बनने पर युवाओं को शिक्षा और रोजगार दोनों मिलेंगे। वहीं, समाजवादी पार्टी (सपा) पर जातिवाद और परिवारवाद का आरोप लगाते हुए ओवैसी ने अखिलेश यादव को चुनौती दी।
उन्होंने सवाल किया कि क्या अखिलेश यादव करहल सीट से किसी मुसलमान को टिकट देंगे? ओवैसी ने तंज कसते हुए कहा कि सपा वाले बात समाजवाद और लोहिया की करते हैं, लेकिन काम केवल अपने परिवार का करते हैं। उन्होंने दो टूक कहा कि “अब अब्दुल दरी नहीं बिछाएगा।”
रैली में पहुंचने पर दोनों नेताओं का बड़ी माला पहनाकर स्वागत किया गया। वहीं, कार्यक्रम स्थल और उसके आसपास लगे पोस्टर व होर्डिंग्स चर्चा का केंद्र रहे, जिन पर लिखा था— “दलित का बेटा सीएम बनेगा और अब्दुल का बेटा डिप्टी सीएम बनेगा।”




