अजब-गजब

टहलने निकला, अस्पताल पहुंचा और करने लगा फूड डिलीवरी, बेंगलुरु के शख्स की कहानी ने जीता लोगों का दिल

कभी-कभी घर से किसी छोटे से काम के लिए निकलते हैं, लेकिन रास्ते में कुछ ऐसा हो जाता है जिसकी उम्मीद बिल्कुल नहीं होती. बेंगलुरु के एक शख्स के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ. वह सुबह आराम से टहलते हुए घर लौट रहा था, लेकिन रास्ते में उसकी मुलाकात एक घायल डिलीवरी बॉय से हो गई. इसके बाद उसने जो किया, उसकी सोशल मीडिया पर जमकर तारीफ हो रही है. शख्स ने न सिर्फ घायल डिलीवरी वर्कर को अस्पताल पहुंचाया, बल्कि उसके बाकी बचे फूड ऑर्डर भी खुद ग्राहकों तक पहुंचाए.

इस पूरी घटना को शख्स ने Reddit पर शेयर किया है. उसने r/BangaloreSocial subreddit पर पोस्ट करते हुए लिखा, ‘टहलने निकला था और किसी तरह आज खुद ही फूड डिलीवरी करने लगा.’ उसकी यह पोस्ट अब लोगों का ध्यान खींच रही है. Reddit यूजर के मुताबिक, यह घटना सुबह करीब 11:30 बजे की है. वह अपने एक दोस्त के घर से पैदल वापस लौट रहा था. तभी रास्ते में उसे एक डिलीवरी वर्कर दिखाई दिया, जिसका एक्सीडेंट हो गया था. शख्स ने बिना देर किए रुककर उसकी मदद करने का फैसला किया.

रास्ते में मिला घायल डिलीवरी वर्कर

वह घायल डिलीवरी वर्कर को लेकर अस्पताल पहुंचा. राहत की बात यह थी कि उसकी हालत ज्यादा गंभीर नहीं थी और वह ठीक था. हालांकि, उसके सामने एक दूसरी परेशानी भी थी. उसके कई फूड ऑर्डर अभी तक ग्राहकों तक नहीं पहुंचे थे. एक्सीडेंट की वजह से वह उन्हें समय पर डिलीवर नहीं कर पा रहा था. यहीं से इस कहानी में एक दिलचस्प मोड़ आया. Reddit यूजर ने डिलीवरी वर्कर से पूछा कि क्या वह उसके बाकी ऑर्डर ग्राहकों तक पहुंचा दे? उसकी बात सुनकर डिलीवरी वर्कर भी तैयार हो गया.

इसके बाद उस शख्स ने पहली बार डिलीवरी बॉय की जिम्मेदारी संभाली. उसे इस काम का पहले कोई अनुभव नहीं था, लेकिन उसने रास्ते में ही सब कुछ समझते हुए ऑर्डर डिलीवर करना शुरू कर दिया. एक-एक करके उसने सभी पेंडिंग ऑर्डर ग्राहकों तक पहुंचा दिए. इतना ही नहीं, जब सारे ऑर्डर डिलीवर हो गए तो उसने उस वर्कर को उसके घर तक भी छोड़ा. इस तरह जो दिन एक सामान्य वॉक से शुरू हुआ था, वह अस्पताल के चक्कर लगाने, खाना डिलीवर करने और एक अनजान शख्स की मदद करने में गुजर गया.

इस दौरान दोनों के बीच अच्छी बातचीत भी हुई. दोनों ने पूरे घटनाक्रम को याद करते हुए हंसी-मजाक किया. इसके अलावा डिलीवरी वर्कर ने अपने काम और जिंदगी से जुड़ी कई बातें भी बताईं. बातचीत के दौरान डिलीवरी वर्कर ने बताया कि वह हर महीने करीब 50 हजार से 60 हजार रुपये तक कमा लेता है. उसकी यह कमाई सुनकर Reddit यूजर काफी हैरान रह गया.

Reddit Post Viral

Reddit Post Viral

अपनी पोस्ट में उसने लिखा कि पूरा मामला उसके लिए बेहद अनपेक्षित था. वह घर से सिर्फ थोड़ी देर टहलने निकला था, लेकिन कुछ ही घंटों में अस्पताल पहुंच गया, फूड ऑर्डर डिलीवर किए और एक अनजान शख्स को उसके घर छोड़कर आया. Reddit पर यह पोस्ट सामने आने के बाद बेंगलुरु के कई यूजर्स ने शख्स की तारीफ की. लोगों का कहना है कि किसी अनजान व्यक्ति की परेशानी देखकर उसकी मदद के लिए आगे आना बड़ी बात है.

यह भी पढ़ें: 12 साल का प्यार, शादी के बाद हादसा, 40% जला पति, फिर भी पत्नी ने नहीं छोड़ा साथ, लोग बोले यही है सच्चा प्यार

कुछ यूजर्स ने इसे इंसानियत और दूसरों के प्रति संवेदनशीलता की शानदार मिसाल बताया. वहीं, कई लोगों ने कमेंट में लिखा कि आज के समय में जहां हर कोई अपनी जिंदगी में व्यस्त है, वहां किसी अनजान के लिए इतना समय निकालना वाकई काबिल-ए-तारीफ है. कुछ लोगों ने यह भी कामना की कि शख्स ने जिस तरह एक जरूरतमंद की मदद की है, जिंदगी में उसके साथ भी हमेशा अच्छा हो. फिलहाल, इस अनोखी घटना ने इंटरनेट पर लोगों का दिल जीत लिया है.

Related Articles

Back to top button