Mathrubhumi: 60 साल के सलमान खान ने 10 मिनट में सीखा था पूरा एक्शन सीक्वेंस, मातृभूमि’ के को-स्टार ने किया खुलासा

Mathrubhumi: सलमान खान इस वक्त अपनी अपकमिंग फिल्म मातृभूमि को लेकर चर्चा में बने हुए हैं. ये फिल्म 4 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है. फिल्म में सलमान भारतीय सेना के एक अधिकारी की मुख्य भूमिका निभा रहे हैं. फिल्म का ट्रेलर भी रिलीज हो गया है, जिसमें भाईजान को एक्शन करते हुए भी देखा गया. अब फिल्म के एक स्टार जेसन थाम ने सलमान की फिटनेस की तारीफ की है.
अर्न्स्ट एंड यंग में काम करने से लेकर बैकग्राउंड डांसर बनने, डांस कोरियोग्राफी करने, रियलिटी शोज में काम करने और फिर एक्टर बनने तक जेसन थाम का सफर काफी दिलचस्प रहा है. अब वह सलमान खान की आने वाली फिल्म ‘मातृभूमि’ में नजर आने वाले हैं. एक्टर ने खुलासा किया है कि भले ही सलमान 60 साल के हैं, लेकिन उनकी फिटनेस इतनी कमाल की है कि वो 10 मिनट में ही एक्शन सीक्वेंस सीख लेते थे.
सलमान ने 10 मिनट में सीख ली एक्शन कोरियोग्राफी
हिंदुस्तान टाइम्स को दिए इंटरव्यू में जेसन थाम ने सलमान खान की फिटनेस और फुर्ती की जमकर तारीफ की. उन्होंने कहा, “उनकी उम्र देखकर धोखा मत खाइए. वह बहुत यंग हैं. मुझे लगता है कि वह हममें से ज्यादातर लोगों से ज्यादा फिट हैं.” सलमान के साथ एक्शन रिहर्सल का किस्सा बताते हुए जेसन ने कहा कि जहां बाकी कलाकारों को एक्शन कोरियोग्राफी सीखने में कम से कम एक-दो घंटे लगते थे, वहीं सलमान ने इसे सिर्फ 10 मिनट में सीख लिया.
उन्होंने बताया, “एक्शन कोरियोग्राफर उन्हें बता रहे थे कि सर, आपको यह करना है और फिर यह करना है. उन्होंने कहा कि एक बार फिर करके दिखाओ. इसके बाद उन्होंने खुद सब कुछ करके दिखाया और कहा कि ठीक है, अब शुरू करते हैं. मैं हैरान रह गया था. वह हर चीज कर रहे थे, टम्बल, रोल और बाकी सभी एक्शन मूव्स.” जेसन ने आगे कहा, “शारीरिक रूप से वह सच में 21 साल के हैं. उस इंसान के लिए उम्र का कोई मतलब नहीं है.”
पहले भी सलमान के साथ काम कर चुके हैं जेसन
‘मातृभूमि’ से पहले जेसन सलमान खान के साथ एक पेप्सी के तीन ऐड की डील में काम कर चुके थे. उन्होंने बताया कि फिल्म के सेट पर सलमान ने उन्हें पहचान लिया था और बड़े प्यार से उनका स्वागत किया था.




