DU Admission 2027-28: दिल्ली यूनिवर्सिटी में UG एडमिशन का बदलेगा फॉर्मूला, जानें नया नियम

दिल्ली यूनिवर्सिटी (DU) में अंडरग्रेजुएट (UG) एडमिशन की तैयारी कर रहे स्टूडेंट्स के लिए जरूरी खबर है. विश्वविद्यालय ने एडमिशन के मेरिट फॉर्मूले में बदलाव को मंजूरी दी है. नए नियम के तहत अब चार की जगह CUET के तीन सबसे ज्यादा अंक वाले विषयों के आधार पर मेरिट तैयार करने का प्रस्ताव है. इससे स्टूडेंट्स को विषयों के चयन में ज्यादा छूट मिल सकेगी. नई व्यवस्था शैक्षणिक सत्र 2027-28 से लागू करने की तैयारी है. हालांकि, कुछ कोर्स के लिए भाषा और जनरल एप्टीट्यूड टेस्ट (GAT) की शर्तें पहले की तरह जरूरी रहेंगी.
दिल्ली यूनिवर्सिटी के नए प्रस्ताव के अनुसार, UG एडमिशन के लिए CUET के चार विषयों के बजाय तीन बेस्ट विषयों के स्कोर को आधार बनाया जाएगा. इसके लिए CUET के सभी 37 विषयों को एक कॉमन पूल में शामिल करने की तैयारी है. इसका फायदा यह होगा कि स्टूडेंट्स को विषयों के चयन में पहले से ज्यादा आजादी मिलेगी. अगर किसी विद्यार्थी ने तीन से ज्यादा विषयों की परीक्षा दी है, तो उसके सबसे ज्यादा अंक वाले तीन विषयों के स्कोर के आधार पर मेरिट तैयार की जाएगी.
भाषा का पेपर देना होगा या नहीं?
नए फॉर्मूले में मेरिट बनाने के लिए भाषा के अंकों की अनिवार्यता हटाने का प्रस्ताव है. हालांकि, 12वीं में कम से कम एक भाषा विषय पढ़ना और उसमें पास होना जरूरी रहेगा. कुछ कोर्स में संबंधित भाषा का CUET पेपर भी अनिवार्य होगा. जैसे BA ऑनर्स हिंदी के लिए हिंदी और BA ऑनर्स इंग्लिश के लिए अंग्रेजी का पेपर देना जरूरी रहेगा. इंग्लिश ऑनर्स के लिए दो अन्य विषयों के स्कोर भी शामिल होंगे.
इन कोर्स में GAT की रहेगी भूमिका
नए नियम के तहत ज्यादातर कोर्स में GAT के अंकों को मेरिट में शामिल नहीं किया जाएगा. हालांकि, BCom, BMS, BBA (फाइनेंशियल इन्वेस्टमेंट एनालिसिस), BBE और BFA जैसे कोर्स में GAT के अंक जरूरी हो सकते हैं. इसलिए एडमिशन लेने से पहले संबंधित कोर्स की पात्रता शर्तें देखना जरूरी होगा.
2027-28 से लागू होगा नया नियम
DU के नए एडमिशन फॉर्मूले को अकादमिक काउंसिल से मंजूरी मिल चुकी है. इसे शैक्षणिक सत्र 2027-28 से लागू करने की तैयारी है. वहीं, 2026-27 सत्र में एडमिशन लेने वाले विद्यार्थियों पर पुराने नियम ही लागू होंगे. यानी नए बदलाव का लाभ अगले शैक्षणिक सत्र से एडमिशन लेने वाले स्टूडेंट्स को मिलेगा.




