यूपी के अटल आवासीय विद्यालयों में कक्षा 6 और 9 के एडमिशन शुरू, फ्री एजुकेशन का मौका

उत्तर प्रदेश के अटल आवासीय विद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए कक्षा 6 और 9 में दाखिले की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है. इन कक्षाओं में प्रवेश लेने के इच्छुक छात्र 20 नवंबर से आवेदन कर सकते हैं. एडमिशन के लिए उम्मीदवारों को प्रवेश परीक्षा में शामिल होना होगा. आवेदन करने की अंतिम तारीख 5 जनवरी 2027 तय की गई है, जबकि प्रवेश परीक्षा 31 जनवरी 2027 को होगी.
अभिभावक अपने बच्चों के लिए ऑनलाइन या ऑफलाइन किसी भी माध्यम से आवेदन कर सकते हैं. इन स्कूलों में चयनित और पात्र बच्चों को निशुल्क शिक्षा देने की व्यवस्था है.
क्या है अटल आवासीय विद्यालय योजना?
अटल आवासीय विद्यालय योजना उत्तर प्रदेश सरकार की एक विशेष पहल है. इसका उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को बेहतर और मुफ्त शिक्षा उपलब्ध कराना है. इसके तहत मुख्य रूप से रजिस्टर्ड निर्माण श्रमिकों के बच्चों और कोरोना महामारी के कारण अनाथ हुए बच्चों को शिक्षा का अवसर दिया जाता है. इन विद्यालयों का संचालन यूपी सरकार के श्रम विभाग के तहत आने वाले उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड (UPBOCW) और अटल आवासीय विद्यालय समिति की ओर से किया जाता है.
कौन कर सकता है आवेदन?
प्रवेश के लिए कुछ पात्रता शर्तें निर्धारित की गई हैं.
- 1. वो बच्चे आवेदन के योग्य हैं, जिनके माता-पिता उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड में रजिस्टर्ड निर्माण श्रमिक हैं. इसके लिए अभिभावक की सदस्यता 30 अक्टूबर 2026 तक कम से कम तीन साल पुरानी होनी जरूरी है.
- 2. एक रजिस्टर्ड श्रमिक परिवार से अधिकतम दो बच्चों को ही आवेदन करने की अनुमति दी गई है.
- 3. कोरोना महामारी के दौरान माता-पिता को खोने वाले और महिला एवं बाल कल्याण विभाग में रजिस्टर्ड बच्चे भी एडमिशन के लिए पात्र हैं.
- 4. मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (सामान्य) के तहत आने वाले बच्चे भी इन विद्यालयों में प्रवेश के लिए आवेदन कर सकते हैं.
आरक्षण के तहत OBC को 27%, SC को 21% और ST को 2% आरक्षण मिलेगा. दिव्यांग बच्चों के लिए भी आरक्षण का प्रावधान है.
कक्षा 6 और 9 के लिए एज लिमिट
कक्षा 6 में दाखिले के लिए छात्र का पांचवीं कक्षा में अध्ययनरत होना या उसे पास करना अनिवार्य है. इसके साथ ही बच्चे की जन्मतिथि 1 मई 2015 से 31 जुलाई 2017 के बीच होनी चाहिए. दूसरी ओर, कक्षा 9 में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों का आठवीं कक्षा में पढ़ना या पास होना जरूरी है. इस कक्षा के लिए जन्मतिथि की सीमा 1 मई 2012 से 31 जुलाई 2014 निर्धारित की गई है.
कितनी सीटों पर मिलेगा एडमिशन?
लखनऊ के सिठौली कला स्थित अटल आवासीय विद्यालय में एकेडमिक सेशन 2027-28 के लिए कक्षा 6 में कुल 140 सीटें हैं. इनमें 70 सीटें बालकों और 70 सीटें बालिकाओं के लिए निर्धारित हैं. वहीं कक्षा 9 में बालिकाओं के लिए आठ सीटों पर एडमिशन दिया जाएगा. इस प्रवेश प्रक्रिया में लखनऊ मंडल के लखनऊ, लखीमपुर, रायबरेली, सीतापुर, उन्नाव और हरदोई जिले के पात्र बच्चे शामिल हो सकते हैं.
कब तक और कैसे करें आवेदन?
इच्छुक अभ्यर्थी अपने जिले के श्रम कार्यालय, जिला प्रोबेशन अधिकारी, बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA), जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) या अटल आवासीय विद्यालय से आवेदन फॉर्म निशुल्क प्राप्त कर सकते हैं. भरे हुए फॉर्म इन्हीं निर्धारित कार्यालयों में जमा किए जा सकते हैं. इसके अलावा ऑनलाइन आवेदन की सुविधा भी उपलब्ध है.




