मुंबई शूटिंग के लिए सबसे खराब शहर…प्रलय के सेट पर हुए हंगामे के बाद बोले हंसल मेहता

रणवीर सिंह की आने वाली फिल्म ‘प्रलय’ की शूटिंग को लेकर मुंबई के मशहूर आजाद मैदान में बड़ा विवाद खड़ा हो गया था. फिल्म की शूटिंग के कारण मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (MCA) और फिल्ममेकर्स के बीच टकराव की स्थिति बन गई. दरअसल, यहां करीब छह घंटे तक चली फिल्म की शूटिंग की वजह से अंडर-14 और अंडर-16 के इंटर-स्कूल क्रिकेट मैचों को टालना पड़ा. इस पर क्रिकेट एसोसिएशन ने कड़ी नाराजगी जताई है. इस विवाद की वजह आजाद मैदान के इस्तेमाल को लेकर दोनों पक्षों की अलग-अलग राय है. MCA की एपेक्स काउंसिल के सदस्य नदीम मेमन ने इस फैसले पर सवाल उठाए हैं. उनका कहना है कि मैदान में बड़े-बड़े सेट लगाए गए और खेलने वाली जगह पर आर्टिफिशियल घास बिछाई गई.
MCA का मानना है कि आजाद मैदान भविष्य के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को तैयार करने की जगह है. ऐसे में युवा खिलाड़ियों के खेल को प्रभावित करके इसका इस्तेमाल व्यावसायिक कामों के लिए नहीं किया जाना चाहिए. एसोसिएशन ने यह भी कहा कि एक्वा लाइन मेट्रो के निर्माण और मुंबई पुलिस की मौजूदगी के कारण मैदान में पहले से ही जगह कम हो रही है.
फिल्म के को-प्रोड्यूसर हंसल मेहता ने दी सफाई
फिल्म के को-प्रोड्यूसर हंसल मेहता ने अपनी तरफ से सफाई दी है. उन्होंने बताया कि प्रोडक्शन कंपनी लाइट रेज ने महाराष्ट्र राज्य खेल विभाग से शूटिंग के लिए सभी जरूरी मंजूरियां ली थीं. हंसल ने प्रशासनिक अड़चनों पर नाराजगी जताते हुए कहा कि सरकारी प्रक्रियाओं और देरी की वजह से मुंबई में फिल्मों की शूटिंग करना लगातार मुश्किल होता जा रहा है.
शूटिंग के लिए सबसे मुश्किल शहर बन गया है मुंबई
हंसल मेहता ने कहा कि मुंबई भारतीय सिनेमा का घर है. लेकिन अब यह शूटिंग के लिहाज से सबसे मुश्किल शहर बन गया है. एक ही जगह पर शूटिंग करने के लिए कई विभागों से मंजूरी लेनी पड़ती है. हर विभाग की अपनी प्रक्रिया और देरी होती है. इसके अलावा, हर विभाग के पास शूटिंग रोकने का अधिकार भी है. सभी जरूरी परमिशन होने के बावजूद फिल्ममेकर्स के साथ ऐसा बर्ताव किया जाता है, जैसे वे किसी की जगह पर जबरदस्ती घुस आए हों. उन्होंने कहा कि एक मुंबईकर और महाराष्ट्रियन होने के नाते उन्हें यह सब देखकर दुख होता है.
मुंबई छोड़ दूसरे राज्यों में शूटिंग कर रहे फिल्ममेकर्स
हंसल का मानना है कि इस तरह की परेशानियों के कारण फिल्ममेकर्स के लिए मुंबई में शूटिंग करना लगभग नामुमकिन होता जा रहा है. उन्होंने कहा कि यही वजह है कि अब कई लोग मुंबई के बाहर शूटिंग करना पसंद कर रहे हैं. दूसरे राज्यों में फिल्ममेकर्स का स्वागत किया जाता है और वहां समझा जाता है कि फिल्म की शूटिंग से रोजगार के मौके पैदा होते हैं, कारोबार बढ़ता है और उस जगह को पहचान मिलती है. हंसल ने कहा कि वह तीन दशकों से ज्यादा समय से मुंबई में काम कर रहे हैं. उन्हें इस शहर से प्यार है और वह यहीं की कहानियां दिखाना चाहते हैं. लेकिन फिल्ममेकर्स वहीं काम करने जाएंगे, जहां उन्हें काम करने की इजाजत और सही माहौल मिलेगा.




