उत्तर प्रदेश

भारत में Apple की रिकॉर्ड कमाई, iPhone की बढ़ती मांग से कंपनी को हुआ बड़ा फायदा

Apple ने सितंबर 2026 तिमाही में 114.5 अरब डॉलर का रिकॉर्ड रेवेन्यू दर्ज किया है. यह पिछले साल की इसी अवधि के मुकाबले 12 फीसदी ज्यादा है. कंपनी की इस बढ़ोतरी में iPhone की मजबूत बिक्री, सर्विस कारोबार से हुई रिकॉर्ड कमाई और मैक कंप्यूटर की बढ़ती मांग का बड़ा योगदान रहा. इसके साथ ही Apple ने वित्त वर्ष का अंत करीब 479 अरब डॉलर के कुल सालाना राजस्व के साथ किया. आईफोन कंपनी का सबसे बड़ा कारोबार बना हुआ है. सितंबर तिमाही में आईफोन की बिक्री से Apple को 57.6 अरब डॉलर की कमाई हुई, जो पिछले साल की इसी तिमाही के मुकाबले 17 फीसदी ज्यादा है.

कंपनी के CEO जॉन टर्नस ने तिमाही नतीजों की जानकारी देते हुए बताया कि एपल ने सितंबर तिमाही में भारत सहित कई विकसित और उभरते बाजारों में रिकॉर्ड कमाई की है. कंपनी ने दुनियाभर में iPhone अपग्रेड करने वाले ग्राहकों की संख्या का भी नया रिकॉर्ड बनाया है. इसमें अमेरिका, चीन और भारत जैसे बाजार शामिल हैं. कंपनी के मुताबिक, iPhone, Mac कंप्यूटर और सर्विसेज की बढ़ती मांग से इस कमाई को बढ़ावा मिला है. खास बात यह है कि भारत में पुराने iPhone की जगह नए मॉडल खरीदने वाले ग्राहकों की संख्या भी तेजी से बढ़ी है.

iPhone 18 Pro सीरीज की शानदार मांग

Apple के मुख्य वित्त अधिकारी (CFO) केवन पारेख ने बताया कि दुनियाभर में इस्तेमाल किए जा रहे iPhone की संख्या अब तक के सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच गई है. उन्होंने कहा कि भारत, अमेरिका, चीन और जापान में बड़ी संख्या में ग्राहकों ने पुराने iPhone को छोड़कर नए मॉडल खरीदे हैं. हाल ही में आई काउंटरपॉइंट रिसर्च की रिपोर्ट के मुताबिक, भारत में iPhone 18 Pro सीरीज की शुरुआती बिक्री iPhone 17 Pro सीरीज के मुकाबले सालाना आधार पर करीब 20 फीसदी ज्यादा रही है. वहीं, iPhone 17 सीरीज की मांग भी बनी हुई है. हालांकि, मेमोरी और दूसरे जरूरी पार्ट्स की लागत बढ़ने के कारण Apple अपने कुछ उत्पादों की कीमतों में बदलाव कर रही है.

स्मार्टफोन बाजार में Samsung से पीछे Apple

भारत के स्मार्टफोन बाजार में एपल की हिस्सेदारी सितंबर तिमाही में बेची गई यूनिट के आधार पर 8 फीसदी रही. वहीं, Samsung 17 फीसदी हिस्सेदारी के साथ पहले स्थान पर रहा. हालांकि, पिछले साल की समान तिमाही के मुकाबले एपल के मार्केट शेयर में 1 फीसदी की की गिरावट दर्ज की गई.

Mac और सर्विसेज से भी बढ़ी कमाई

एपल को भारत में सिर्फ iPhone से ही नहीं, बल्कि Mac कंप्यूटर और सर्विसेज से भी फायदा हुआ है. केवन पारेख के मुताबिक, Mac कारोबार ने भारत और दक्षिण-पूर्व एशिया जैसे बाजारों में दोहरे अंकों में बढ़ोतरी दर्ज की है. वहीं, कंपनी की सर्विसेज से होने वाली कमाई भी भारत सहित कई उभरते बाजारों में अब तक के सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच गई है.

इसके अलावा, एपल ने भारत में एक्सिस बैंक के साथ मिलकर एपल-पे भी शुरू किया है. जॉन टर्नस के मुताबिक, यह सर्विस भारत जैसे बड़े बाजार में सुरक्षित और आसान भुगतान का ऑप्शन देगी. इसके साथ ही एपल-पे की पहुंच दुनियाभर के 90 से ज्यादा बाजारों तक हो गई है.

ये भी पढ़ें- महंगा iPhone Duo खराब हुआ तो कैसे मिलेगी मदद? Apple ने तय किया रिपेयर का तरीका

Related Articles

Back to top button