‘रामायण’ में रावण बनने से इनकार कर चुके थे अरविंद त्रिवेदी, फिर कैसे परेश रावल की इस बात ने बदला मन?

Ramanand Sagar Ramayan: इस वक्त सिनेमाघरों में रणबीर कपूर की ‘रामायण’ धूम मचा रही है. फिल्म में साउथ सुपरस्टार यश ने लंकेश यानी रावण का किरदार निभाया है. जिसमें उनका दमदार अंदाज और लुक लोगों को खूब पसंद आ रहा है. यश के काम की चारों तरफ जमकर तारीफ भी हो रही है. लेकिन जब भी बात ‘रावण’ के किरदार की होती है, तो आज भी लोगों के जहन में सबसे पहला चेहरा अरविंद त्रिवेदी का ही आता है. रामानंद सागर की ‘रामायण’ में उन्होंने इस रोल को इस कदर निभाया, कि करीब चार दशक बाद भी उनकी जगह कोई नहीं ले पाया. पर क्या आप जानते हैं अरविंद त्रिवेदी शुरुआत में इस ऐतिहासिक किरदार को निभाने से मना कर चुके थे.
हाल ही में न्यूज9 डिजिटल के साथ अरविंद त्रिवेदी की बेटी कविता ठाकर ने कास्टिंग से जुड़ा एक किस्सा शेयर किया. उन्होंने बताया कि, उनके पिता असल में रामानंद सागर की ‘रामायण‘ में ‘केवट’ के लिए ऑडिशन देने गए थे. ऑडिशन के बाद रामानंद सागर ने उन्हें रावण के कपड़े पहनकर एक डायलॉग बोलने को कहा. उनसे पहले करीब 100 लोग रावण के लिए स्क्रीन टेस्ट दे चुके थे. लेकिन सागर साहब को किसी में वो बात नजर नहीं आई थी. जैसे ही अरविंद त्रिवेदी ने रावण के गेटअप में अपनी दमदार आवाज में डायलॉग बोला. रामानंद सागर की आंखें चमक उठीं और उन्होंने तुरंत कह दिया कि उन्हें अपना लंकेश मिल गया है.
क्यों रावण का रोल ठुकराने वाले थे?
इस बड़े ऑफर के बावजूद अरविंद त्रिवेदी के सामने एक बड़ी मुश्किल खड़ी हो गई थी. केवट के रोल के लिए सिर्फ दो-तीन दिन की शूटिंग करनी थी. लेकिन रावण के किरदार के लिए लंबे समय तक डेट्स देनी थीं. उन दिनों अरविंद त्रिवेदी दिग्गज एक्टर परेश रावल के मशहूर नाटक ‘महारथी’ में काम कर रहे थे. और अपनी कमिटमेंट की वजह से उन्होंने रावण का रोल ठुकराने का मन बना लिया था.
परेश रावल के कहने पर बन गई बात
दरअसल जब यह बात परेश रावल तक पहुंची. तो उन्होंने खुद आगे बढ़कर अरविंद त्रिवेदी को फोन किया. परेश रावल ने उन्हें समझाया कि यह जिंदगी का सबसे बड़ा मौका है. और इसे किसी भी कीमत पर हाथ से नहीं जाने देना चाहिए. उन्होंने भरोसा दिलाया कि वो नाटक के लिए उनकी जगह किसी दूसरे एक्टर का इंतजाम कर लेंगे. लेकिन अरविंद जी को ‘रामायण’ जरूर करनी चाहिए. परेश रावल के इसी सुझाव और जिद के बाद अरविंद त्रिवेदी ने रावण का रोल स्वीकार किया. और इंडियन टेलीविजन के इतिहास में अमर हो गए.




