शिक्षा

बिहार बोर्ड फ्री करा रहा JEE-NEET UG की तैयारी, जानें कौन कर सकता है आवेदन

JEE NEET Free Coaching: 12वीं के बाद इंजीनियरिंग या मेडिकल सेक्टर में जाने की तैयारी कर रहे हैं तो जाहिर तौर पर ज्वाइंट एंट्रेंस टेस्ट (JEE) मेन और नेशनल एलिजिबिलिटी कम एंट्रेंस टेस्ट (NEET) UG की तैयारी कर रहे होंगे. ऐसे में अगर महंगी कोचिंग के बजाय फ्री कोचिंग करने का मौका मिले तो बात ही कुछ और है. ऐसा ही माैका यानी JEE और NEET UG की फ्री कोचिंग बिहार स्कूल एजुकेशन बोर्ड (BSEB) की तरफ से कराई जा रही है. इसके लिए आवेदन प्रोसेस भी शुरू हो गया है.

आइए, जानते हैं कि बिहार बोर्ड की तरफ से कराई जा रही JEE और NEET UG फ्री कोचिंग के लिए कैसे और कौन आवेदन कर सकता है. जानेंगे कि आवेदन प्रोसेस क्या है.

आवेदन कब तक किया जा सकता है?

बिहार बोर्ड की तरफ से JEE-NEET UG फ्री कोचिंग के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है. असल में JEE-NEET फ्री कोचिंग एकेडमिक ईयर 2027-29 के लिए ऑफर की जा रही है. बिहार बोर्ड ने पात्र कैंडिडेट्स से आवेदन आमंत्रित किए हैं आवेदन करने की अंतिम तारीख 19 नवंबर 2026 निर्धारित है.

कैसे कर सकते हैं आवेदन?

  • सबसे पहले आधिककारिक वेबसाइट coaching.biharboardonline.com पर जाएं.
  • होमपेज पर दिए गए मुफ्त कोचिंग रजिस्ट्रेशन लिंक पर क्लिक करें.
  • कोचिंग प्रोग्राम चुने.
  • आवेदन फॉर्म पूरा भरें और फॉर्म सबमिट करें.
  • कन्फर्मेशन पेज डाउनलोड कर इसका प्रिंटआउट ले लें.

कौन कर सकता है आवेदन

बिहार बोर्ड की तरफ से ऑफर की जा रही JEE-NEET फ्री कोचिंग 2027 के लिए 10वीं पास स्टूडेंट्स आवेदन कर सकते हैं. मसलन, स्टूडेंट ने बिहार बोर्ड के साथ ही CBSE, ICSE या अन्य किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 10वीं पास की है तो भी वह फ्री कोचिंग प्रोग्राम के लिए आवेदन कर सकते हैं, लेकिन जरूरी ये कि स्टूडेंट को 11वीं कक्षा की पढ़ाई बिहार बोर्ड से संबंधित किसी स्कूल से करनी होगी.

एंट्रेंस टेस्ट से होगा सिलेक्शन, ये सुविधाएं मिलेंगी

बिहार बोर्ड की तरफ से ऑफर की जा रही JEE-NEET फ्री कोचिंग के लिए स्टूडेंट्स का सिलेक्शन एंट्रेंस टेस्ट के आधार पर होगा. बिहार बोर्ड ने प्रस्तावित कार्यक्रम के तहत 6 दिसंबर 2026 (संभावित) को एंट्रेंस टेस्ट आयोजित कराने की घोषणा की है.

फ्री कोचिंग के लिए सिलेक्ट होने वाले स्टूडेंट्स को बिहार बोर्ड की तरफ से पटना में आवासीय कोचिंग और बिहार के 9 प्रमंडलों में गैर-आवासीय कोचिंग की सुविधा मिलेगी. मसलन, जिन स्टूडेंट्स का सिलेक्शन आवासीय प्रोग्राम के लिए होगा, उन्हें रहने और खाने-पीने की मुफ्त सुविधा के साथ-साथ क्लासरूम कोचिंग और अन्य शैक्षणिक सहायता भी मिलेगी. वहीं बाकी स्टूडेंट्स को अनुभवी शिक्षकों के माध्यम से JEE-NEE की फ्री तैयारी कराई जाएगी. स्टूडेंट्स को कक्षा में पढ़ाई के साथ स्टडी मटेरियल, कठिन सवालों को समझने के लिए डाउट क्लियरिंग सेशन और मॉक टेस्ट देने की सुविधा मिलेगी.

Related Articles

Back to top button