अजब-गजब

शादी में खर्च किए करोड़ों रुपये, मारवाड़ी परिवार की बेटी बोली- दोबारा मौका मिला तो फिर करूंगी ऐसा!

भारत में शादी सिर्फ दो लोगों का रिश्ता जुड़ने का नाम नहीं है, बल्कि यह परिवारों के लिए एक बड़ा आयोजन भी होती है. खासकर भारतीय परिवारों में शादी की तैयारियों से लेकर मेहमानों की खातिरदारी तक हर चीज पर जमकर पैसा खर्च किया जाता है. कई परिवार तो अपनी बेटी या बेटे की शादी में लाखों ही नहीं, बल्कि करोड़ों रुपये तक लगा देते हैं. हालांकि, कुछ लोगों को इतनी बड़ी रकम शादी पर खर्च करना फिजूलखर्ची लगता है. लेकिन क्या आप जानते हैं कि कुछ बिजनेस परिवारों के लिए शादी सिर्फ जश्न नहीं, बल्कि कारोबार से जुड़े नए रिश्ते बनाने का भी मौका होती है?

बेंगलुरु की रहने वाली चार्टर्ड अकाउंटेंट मीनल गोयल ने इसी मुद्दे पर अपनी राय शेयर की है. उन्होंने बताया कि उनके मारवाड़ी परिवार ने उनकी शादी पर करोड़ों रुपये खर्च किए थे और उन्हें आज भी इस फैसले का कोई पछतावा नहीं है. मीनल ने लिंक्डइन पर अपनी शादी के एक्सपीरियंस को शेयर करते हुए लिखा कि सबने कहा था कि अपनी शादी पर करोड़ों रुपये खर्च मत करो. लेकिन मैं एक मारवाड़ी परिवार से आती हूं. हमने अपनी शादी पर खूब पैसा खर्च किया और अगर दोबारा मौका मिले, तो मैं फिर ऐसा ही करूंगी. उनकी इस पोस्ट के बाद शादी में होने वाले खर्च और उसके पीछे की सोच को लेकर चर्चा शुरू हो गई है.

मारवाड़ी परिवारों में शादी का मतलब सिर्फ जश्न नहीं

मीनल के मुताबिक, कई मारवाड़ी बिजनेस परिवारों में शादी को सिर्फ रिश्तेदारों और दोस्तों के साथ खुशियां मनाने का मौका नहीं माना जाता. यह ऐसा आयोजन भी होता है, जहां एक ही जगह पर कारोबार से जुड़े कई अहम लोग मिलते हैं. उन्होंने बताया कि शादी में बिजनेस पार्टनर, सप्लायर, संभावित ग्राहक और दूसरे प्रभावशाली लोग शामिल होते हैं. इस तरह परिवार को पुराने संपर्क मजबूत करने और नए लोगों से जान-पहचान बढ़ाने का मौका मिलता है.

मीनल का मानना है कि ऐसे परिवारों में मेहमानों की खातिरदारी का तरीका भी काफी मायने रखता है. परिवार किस तरह आयोजन करता है और अपने मेहमानों का स्वागत करता है, इससे समाज और बिजनेस सर्कल में उसकी छवि भी बनती है. उनके मुताबिक, शादी के दौरान बनने वाले रिश्ते सिर्फ कुछ दिनों तक सीमित नहीं रहते. कई बार यही जान-पहचान आने वाले सालों में कारोबार के लिए फायदेमंद साबित हो सकती है. इसलिए बिजनेस से जुड़े परिवार शादी के खर्च को सिर्फ एक आयोजन पर हुआ खर्च नहीं, बल्कि लंबे समय के रिश्तों के नजरिए से भी देखते हैं.

हालांकि, मीनल का यह भी कहना है कि हर परिवार के लिए शादी पर करोड़ों रुपये खर्च करना सही फैसला नहीं हो सकता. उन्होंने बिजनेस करने वाले परिवारों और नौकरीपेशा लोगों की आर्थिक स्थिति के बीच फर्क समझाया. उनके अनुसार, बिजनेस परिवारों के लिए शादी से बने संपर्क भविष्य में काम आ सकते हैं. लेकिन नौकरी करने वाले कपल्स को अपनी कमाई और बचत देखकर ही शादी का बजट तय करना चाहिए.

यह भी पढ़ें: किराया 61 हजार, फर्नीचर का रेंट अलग दिल्ली में अकेले रहने की कीमत सुनकर चकरा जाएगा आपका सिर!

मीनल ने सलाह दी कि नौकरीपेशा जोड़ों को अपनी शादी का कुल खर्च अपनी संयुक्त सालाना कमाई के एक से दो साल के भीतर रखने की कोशिश करनी चाहिए. साथ ही, शादी को शानदार बनाने के चक्कर में कर्ज लेने से बचना चाहिए. अपनी बात खत्म करते हुए उन्होंने लिखा, “शादी का सही बजट आपकी आर्थिक स्थिति के हिसाब से तय होना चाहिए, न कि इस आधार पर कि दूसरे लोग क्या सोचते हैं.” उनकी यह बात एक अहम सवाल भी खड़ा करती है कि क्या शादी पर ज्यादा खर्च करना हमेशा फिजूलखर्ची है या कुछ परिवारों के लिए यह रिश्तों और कारोबार में निवेश करने का एक तरीका भी हो सकता है?

यहां देखिए पोस्ट

Related Articles

Back to top button