सस्ती कॉफी मंगवाकर खुश था शख्स, लेकिन डिलीवरी एजेंट की बात सुनकर होने लगा पछतावा

दिल्ली या किसी दूसरे शहर के ऑफिस में काम करने वाले लोगों के लिए चाय-कॉफी पीने बाहर जाना आम बात है. लेकिन कई बार मोबाइल ऐप पर मिलने वाला डिस्काउंट हमें घर बैठे या ऑफिस में ही कुछ मंगवाने के लिए मजबूर कर देता है. ऐसा ही एक मामला इन दिनों सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Reddit पर चर्चा में है. यहां एक शख्स ने Zomato से कॉफी ऑर्डर करने के बाद अपना अनुभव शेयर किया. हालांकि, उसे इस बात की खुशी ज्यादा देर तक नहीं रही, क्योंकि डिलीवरी एजेंट की एक बात ने उसे सोचने पर मजबूर कर दिया.
दरअसल, शख्स ने Reddit के r/Zomato ग्रुप में अपनी कहानी बताते हुए लिखा कि क्या किसी और के साथ भी ऐसा हुआ है कि ऑर्डर करने के बाद उसे बुरा महसूस हुआ हो? उसने बताया कि उसके ऑफिस में न तो कॉफी मशीन है और न ही कोई कैंटीन. ऐसे में जब भी उसे कॉफी पीने का मन करता है, वह पास की किसी दुकान तक पैदल चला जाता है.
डिलीवरी एजेंट के सवाल ने बदल दिया ग्राहक का मूड
लेकिन इस बार मामला थोड़ा अलग था. Zomato ऐप पर उसे एक अच्छा डिस्काउंट दिखाई दिया. उसने देखा कि जिस कॉफी के लिए वह आमतौर पर करीब 250 रुपये खर्च करता है, वही उसे ऑफर के बाद सिर्फ 110 रुपये में मिल रही थी. इतने अच्छे ऑफर को देखकर उसने बिना ज्यादा सोचे ऑर्डर कर दिया.
ऑर्डर करने के कुछ देर बाद Zomato की तरफ से फोन आया. उसे बताया गया कि उसका ऑर्डर एक दिव्यांग डिलीवरी पार्टनर लेकर आएगा. इसके बाद डिलीवरी एजेंट ने दुकान से कॉफी उठाई और महज एक-दो मिनट में उसके ऑफिस पहुंच गया, लेकिन जब एजेंट ने कॉफी ग्राहक को सौंपी, तो उसने एक सवाल पूछा कि आपने किया है ये? ग्राहक को लगा कि एजेंट के सवाल में थोड़ी निराशा झलक रही थी. बस फिर क्या था, उसके मन में कई तरह के सवाल आने लगे.
उसे लगने लगा कि कहीं उसने इतनी छोटी रकम का ऑर्डर देकर डिलीवरी एजेंट का समय तो बर्बाद नहीं कर दिया? क्या उसे खुद ही पास की दुकान पर जाकर कॉफी ले लेनी चाहिए थी? साथ ही वह यह भी सोचने लगा कि पैसे बचाने के चक्कर में कहीं वह जरूरत से ज्यादा कंजूस तो नहीं बन गया. अपनी इसी उलझन को उसने Reddit पर शेयर किया और दूसरे यूजर्स से राय मांगी. पोस्ट सामने आने के बाद कई लोगों ने ग्राहक को समझाया कि उसे बेवजह परेशान होने की जरूरत नहीं है. एक यूजर ने लिखा कि आराम से रहो, तुम्हारे ऑर्डर से डिलीवरी एजेंट की कमाई ही हुई है.
एक अन्य यूजर ने मजाकिया अंदाज में कहा कि ग्राहक को उल्टा एजेंट से पूछना चाहिए था, ‘आप लेकर आए हैं ये?’ वहीं, एक यूजर ने तंज कसते हुए लिखा कि किसी दिव्यांग व्यक्ति को काम करके अपनी रोजी-रोटी कमाने का मौका देने के बाद खुद को बुरा इंसान समझना समझ से बाहर है.
यह भी पढ़ें: पनीर काटने के लिए चाकू नहीं, आरी का हो रहा इस्तेमाल! वायरल वीडियो देख लोग हुए हैरान
कुछ लोगों का कहना था कि ग्राहक को पहले से पता नहीं हो सकता था कि उसका ऑर्डर कौन डिलीवर करेगा. वहीं, एक यूजर ने यह भी समझाया कि डिलीवरी एजेंट का सवाल शायद सिर्फ ऑर्डर की पुष्टि करने के लिए रहा होगा. कई डिलीवरी पार्टनर ग्राहक को सामान देने से पहले यही पूछते हैं कि ऑर्डर उसी ने किया है या नहीं.




