अजब-गजब

त्योहार से ठीक पहले गई नौकरी, कर्मचारी ने बताया HR की एक कॉल ने खराब कर दी दिवाली

दिवाली खुशियों, रोशनी और अपनों के साथ वक्त बिताने का त्योहार है. इस मौके पर हर कोई अपने परिवार के साथ अच्छा समय बिताने और कुछ खास प्लान करने की तैयारी करता है. लेकिन एक कर्मचारी के लिए इस बार दिवाली की खुशियां अचानक परेशानी में बदल गईं. जिस कंपनी में वह अपनी नौकरी को लेकर सब कुछ सामान्य और स्थिर मान रहा था, उसी कंपनी ने त्योहार से ठीक पहले उसे नौकरी से निकाल दिया. कर्मचारी ने इस घटना को कंपनी की तरफ से मिला ‘दिवाली गिफ्ट’ बताया है.

इस पूरे मामले को कर्मचारी ने Reddit के सबरेडिट r/IndianWorkplace पर शेयर किया. अपनी पोस्ट का टाइटल उसने ‘Received a lay off for a Diwali Gift’ रखा. पोस्ट में बताया कि HR से नौकरी जाने की खबर सुनकर वह कुछ देर तक समझ ही नहीं पाया कि आखिर हुआ क्या है. उसके मुताबिक, उस समय वह पूरी तरह सुन्न पड़ गया था. न कुछ बोलने का मन था और न ही किसी से इस बारे में बात करने की हिम्मत हो रही थी.

नौकरी गई तो Reddit पर मांगी मदद

कर्मचारी ने लिखा कि उसे लग रहा था कि जिंदगी अब धीरे-धीरे पटरी पर लौट रही है और नौकरी में भी सब कुछ ठीक चल रहा है. लेकिन अचानक मिले इस झटके ने उसकी सारी उम्मीदों पर पानी फेर दिया. उसे कंपनी से कम से कम इतनी इंसानियत की उम्मीद थी कि दिवाली के बाद यह फैसला लिया जाता. उसने अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए लिखा कि कंपनी ने उसका पूरा दिन, महीना और त्योहार खराब कर दिया.

नौकरी जाने का असर सिर्फ उसकी प्रोफेशनल लाइफ पर ही नहीं पड़ा, बल्कि निजी जिंदगी की खुशियों पर भी दिखने लगा. कर्मचारी ने बताया कि उसने दिसंबर में अपने परिवार को कहीं घूमाने ले जाने का प्लान बनाया था. वह इस ट्रिप को लेकर काफी उत्साहित था, लेकिन अब अचानक नौकरी छूटने के बाद आर्थिक स्थिति को लेकर चिंता बढ़ गई है. ऐसे में परिवार के साथ घूमने का सपना फिलहाल पूरा होता नहीं दिख रहा.

पोस्ट में उसने अपनी परेशानी बताते हुए यह भी कहा कि उसे डर है कि कहीं वह खुद को बेरोजगार और नाकाम इंसान समझने न लगे. हालांकि, उसने हार मानने के बजाय Reddit पर ही नई नौकरी की तलाश शुरू कर दी. उसने मार्केटिंग सेक्टर में काम करने वाले लोगों से मदद मांगी और कहा कि अगर किसी को नौकरी का मौका पता हो तो उससे संपर्क कर सकता है. कर्मचारी ने बताया कि वह मार्केटिंग एग्जीक्यूटिव, परफॉर्मेंस मार्केटर, ऐड्स मैनेजर और मार्केटिंग से जुड़े दूसरे पदों पर काम करने के लिए तैयार है.

यह भी पढ़ें: डांस और एक्सप्रेशंस का शानदार मेल, लड़की के डांस मूव्स और क्यूट अदाओं ने खींचा सबका ध्यान

इस पोस्ट पर कई लोगों ने प्रतिक्रिया दी और कर्मचारी को हिम्मत बनाए रखने की सलाह दी. कुछ यूजर्स ने बताया कि वे भी त्योहारों के आसपास नौकरी गंवाने का दर्द झेल चुके हैं. एक यूजर ने लिखा कि उसे भी फेस्टिव सीजन से ठीक पहले कंपनी ने बाहर का रास्ता दिखा दिया था. उसने कर्मचारी को सलाह दी कि वह जल्द से जल्द नई नौकरी की तलाश शुरू करे. हो सकता है कि उम्मीद से पहले ही उसे अच्छा मौका मिल जाए. एक अन्य यूजर ने हौसला बढ़ाते हुए कहा कि नौकरी जाने का मतलब यह नहीं है कि आगे बढ़ने के रास्ते बंद हो गए हैं. उसके मुताबिक, कर्मचारी को खुद को कमजोर नहीं समझना चाहिए और उम्मीद बनाए रखनी चाहिए.

Related Articles

Back to top button